साउथ अफ्रीका की वनडे जीत से ज्यादा मार्को येन्सन के नए रिकॉर्ड की चर्चा है। यह रिकॉर्ड ODI क्रिकेट में पूरी दुनिया में सिर्फ चार खिलाड़ियों ने बना रखा है। येन्सन दुनिया के पांचवें ऐसे खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने ऐसा कर दिखाया है। डरबन में खेले गए इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को पहले ODI में 67 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इस मैच में साउथ अफ्रीका की जीत से ज्यादा येन्सन के नए रिकॉर्ड की चर्चा है। येन्सन ने बल्ले से 75 रन बनाए, गेंद से एक विकेट लिया और फील्डिंग करते हुए चार कैच लपके। येन्सन ऐसा करने वाले पांचवें खिलाड़ी बन चुके हैं।
क्यों दुर्लभ है ये रिकॉर्ड?
येन्सन का ये रिकॉर्ड खास इसीलिए है, दरअसल ODI क्रिकेट के एक ही मैच में 50 से ज्यादा रन बनाने, कम से कम चार कैच पकड़ने और एक विकेट लेने का यह कारनामा इससे पहले सिर्फ चार खिलाड़ियों ने किया था। जिन खिलाड़ियों ने ऐसा कर रखा है, वो कुछ इस प्रकार हैं। सचिन तेंदुलकर ने पाकिस्तान के खिलाफ ढाका में साल 1998 में ये कारनामा किया था, यूनिस खान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में 2002 में ये कर दिखाया था, माइकल क्लार्क ने 2004 में भारत के खिलाफ मेलबर्न में और मार्नस लाबुशेन ने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ नॉटिंघम में यह उपलब्धि हासिल की थी। अब येन्सन ने भी कर दिखाया है।
येन्सन की शानदार पारी
ऑस्ट्रेलिया के साथ चल रही ODI सीरीज के पहले मैच में येन्सन ने साउथ अफ्रीका की पारी को बहुत अच्छे से संभाला। साउथ अफ्रीका को मिले शुरुआती झटकों के बाद मैथ्यू ब्रीत्जके ने 106 गेंदों पर 112 रन की शानदार पारी खेलकर पारी को मजबूती दी। येन्सन और मैथ्यू ब्रीत्जके के बीच एक शानदार 107 रन की साझेदारी भी हुई, जिसने साउथ अफ्रीका को संकट से बाहर निकलने में अहम भूमिका निभाई। येन्सन ने 59 गेंदों में 75 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
ऑस्ट्रेलिया हुई चोक
ऑस्ट्रेलिया को साउथ अफ्रीका से करारी शिकस्त मिली। कैमरन ग्रीन और जैक एडवर्ड्स के विकेट जल्दी गिरने के बाद मैट रेनशॉ की 44 रन की पारी भी गेराल्ड कोएत्जी ने खत्म कर दी। ऑस्ट्रेलिया के आखिरी चार विकेट 15 रन के अंदर गिर गए। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 230 रन पर सिमट गयी ।