एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट मुकाबले में नेपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया। निस्शिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए ग्रुप ए के मुकाबले में अफगानिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 102 रन ही बना सकी। जवाब में नेपाल ने 17.2 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
नेपाली गेंदबाजों ने अफगानिस्तान को रोका
टॉस जीतकर अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन नेपाल के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही उस पर दबाव बनाए रखा। ललित राजबंशी और कुशल भुर्तेल की स्पिन जोड़ी ने अफगान बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। ललित ने 4 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि कुशल भुर्तेल ने 4 ओवर में 21 रन देकर 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। अफगानिस्तान की ओर से फैसल शिनोजादा और नजीबुल्लाह जादरान ने 30-30 रन बनाए। नांगेयालिया खारोटे ने नाबाद 17 रन जोड़े, जिससे टीम का स्कोर 100 के पार पहुंच सका।
नेपाल की शुरुआत भी रही खराब
103 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। कुशल भुर्तेल पहली ही गेंदों में बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि आसिफ शेख सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद कुशल मल्ल के रन आउट होने से नेपाल का स्कोर 31 रन पर 3 विकेट हो गया। मुश्किल स्थिति में संदीप जोरा और कप्तान रोहित पौडेल ने पारी को संभाला। जोरा ने 35 गेंदों पर 34 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनके आउट होने के बाद रोहित ने एक छोर संभाले रखा और 32 गेंदों पर नाबाद 33 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया।
आखिरी ओवरों में नेपाल ने पूरा किया लक्ष्य
दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 18 गेंदों पर 15 रन की पारी खेली। वह तब आउट हुए जब नेपाल को जीत के लिए सिर्फ एक रन की जरूरत थी। इसके बाद गुलशन झा ने विजयी रन बनाकर नेपाल को 17.2 ओवर में 103/5 के स्कोर तक पहुंचा दिया। इस जीत के साथ नेपाल ने ग्रुप ए में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की और दो अंक हासिल किए। अफगानिस्तान के खिलाफ यह नेपाल की टी20 क्रिकेट में 2014 के बाद पहली जीत भी है। नेपाल अब ग्रुप चरण के अपने अगले मुकाबले में जापान का सामना करेगा। ग्रुप से शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल के लिए आगे बढ़ेंगी।