नुसरत भरूचा इस वक्त काफी तकलीफ में हैं। एक्ट्रेस को बाली में एक हादसे के दौरान गंभीर चोट आई थी। नुसरत भरूचा की रीढ़ की हड्डी फ्रैक्चर जो गई, जिसके बाद उन्हें पहले बाली के ही अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन फिर सर्जरी के लिए एयर एंबुलेंस से मुंबई के एक अस्पताल में एडमिट किया गया। जब नुसरत भरूचा मुंबई पहुंची थीं तो उनका स्ट्रेचर पर लेटे हुए वीडियो देख फैंस भी इमोशनल हो गए थे। वहीं, अब सर्जरी के बाद उनकी हालत कैसी है, इसकी जानकारी खुद एक्ट्रेस ने फैंस को दे दी है।
नुसरत ने अस्पताल से शेयर किया अपना वीडियो
नुसरत भरूचा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से सर्जरी के बाद अपनी पहली वीडियो पोस्ट की है। इस वीडियो में आप नुसरत भरूचा को भी देख सकते हैं। एक्ट्रेस इस वक्त अस्पताल में हैं और उनका इलाज चल रहा है। नुसरत ठीक से चल नहीं पा रहीं और उन्हें बड़े ही एहतियात के साथ बैठना पड़ रहा है। नुसरत इस वक्त बेहद दर्द में हैं और इस मुश्किल समय में भी उनके चेहरे पर एक मुस्कान है। आपको बता दें, इस मुस्कराहट के पीछे का कारण बॉलीवुड की पॉपुलर ऑन स्क्रीन जोड़ी शाहरुख खान और काजोल हैं। नुसरत ने खुद बताया है कि ये दोनों उनके फेस पर स्माइल लेकर आए हैं।
'गेरुआ' गाना सुन अस्पताल में मुस्कुराईं नुसरत
नुसरत भरूचा ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें वो अस्पताल में टीवी देखते हुए नजर आ रही हैं। उनके सामने शाहरुख खान और काजोल की फिल्म 'दिलवाले' का पॉपुलर गाना 'गेरुआ' चल रहा है। इसे देखते हुए वो खाना खा रही हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि नर्स बड़े ही प्यार से नुसरत को अपने हाथों से खाना खिला रही हैं। उनका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। एक्ट्रेस अस्पताल के कपड़ों में हैं और उनके हाथ में कैनुला लगा हुआ है। अब इस वीडियो को शेयर करते हुए नुसरत ने एक बेहद पॉजिटिव कैप्शन भी लिखा है।
शाहरुख और काजोल चेहरे पर लाए स्माइल
नुसरत भरूचा ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, 'और इसी तरह शाहरुख खान और काजोल मेरे चेहरे पर स्माइल ले आए। एक रिमाइंडर है, चीजें बेहतर हो जाएंगी... धीरे-धीरे करके... हमेशा हो जाती हैं। धीरे-धीरे ठीक हो रही हूं और अंतहीन सपने देख रही हूं।' अब इस दर्द में भी नुसरत भरूचा जिस तरह से हिम्मत दिखा रही हैं, वो देखकर उनके फैंस भी राहत की सांस ले रहे हैं। सभी को उम्मीद है कि नुसरत भरूचा जल्द ही ठीक हो जाएंगी और फिर से काम करना शुरू कर देंगी।