BJP MP On Delimitaion Bill: संसद के आगामी विशेष सत्र से ठीक पहले भाजपा ने अपने तमाम लोकसभा सदस्यों की एक बड़ी मीटिंग बुला ली है। यह बैठक कल यानी 29 नवंबर को होने वाली है। इसमें पार्टी सांसदों को परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी, जिससे सदन में बहस के दौरान सांसदों की लाइन साफ रहे और रणनीति मजबूत बनी रहे।
अर्जुन राम मेघवाल पेश कर सकते हैं बिल
जानकारी के मुताबिक परिसीमन से जुड़ा यह संविधान संशोधन विधेयक 132वें नंबर का हो सकता है, जिसे सोमवार को लोकसभा में रखा जा सकता है। उम्मीद जताई जा रही कि केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल इस विधेयक को सदन में पेश करेंगे। सरकार लोकसभा में पहले से लाए गए दो विधेयकों को वापस भी लेगी। ऐसा इसलिए किया जा रहा है, ताकि नए नियमों और पूरी प्रक्रिया को एक ही व्यवस्था के तहत लाया जा सके।
मौजूदा कार्यकाल पर नहीं पड़ेगा असर
इस योजना के तहत अभी चल रहे सदनों का समय पूरा होने तक कोई भी नया बदलाव लागू नहीं होगा। इसका मतलब है कि नए परिसीमन का असर मौजूदा लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं के कार्यकाल पर बिल्कुल नहीं पड़ेगा।
50% बढ़ सकती हैं सीटें
प्रस्ताव के अनुसार परिसीमन की प्रक्रिया में सीटों की गिनती में 50% तक इजाफा किया जाएगा। चुनाव क्षेत्रों की नई सीमाएं तय करने के लिए एक नया परिसीमन आयोग बनाया जाएगा। यही आयोग तय करेगा कि सीटों की नई सीमाएं और नक्शा कैसा होगा।
2011 की जनगणना के आंकड़े होंगे आधार
इस पूरे प्रस्ताव की एक बड़ी बात है कि सीटों की सीमाएं तय करने के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किया जाएगा। इस परिसीमन को 2027 में होने वाली जनगणना से अलग रखा जाएगा यानी आगे होने वाली जनगणना के नतीजों का इस प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
2051 तक सीटों की संख्या रहेगी स्थिर
विधेयक में यह नियम भी रखा गया है कि नया परिसीमन होने के बाद साल 2051 तक सीटों की संख्या में बदलाव नहीं किया जाएगा। यह स्थिर बनी रहेगी। सरकार ने रखा है कि परिसीमन से जुड़ा सारा काम अगले दो साल में पूरा कर लिया जाए।
क्यों गरमा सकती है सियासत?
सीटों की सीमाएं तय करने का यह विषय लंबे समय से देश की राजनीति में चर्चा का बड़ा मुद्दा रहा है। खासकर दक्षिण भारतीय राज्यों को यह डर सताता रहा कि आबादी के हिसाब से सीटें बांटने पर संसद या विधानसभा में उनका हिस्सा कम हो सकता है। ऐसे में 2011 की जनगणना को आधार मानने और 2051 तक सीटों की संख्या को स्थिर रखने के कदम पर विपक्षी दलों के रुख पर सबकी निगाहें रहेंगी। संसद सत्र के दौरान इस विधेयक को लेकर जोरदार बहस होने की पूरी संभावना है।