Mallikarjun Kharge On Delimitation Bill 2026: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने परिसीमन बिल को लेकर आज सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह कदम देश के लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है। भाजपा पूरी ताकत अपने हाथ में समेटने की कोशिश कर रही, जिसे विपक्ष किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा। खड़गे ने चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह वहां हाथ उठाकर फैसले लिए जाते हैं, वैसा ही तरीका भारत में अपनाकर बहुमत के दम पर लोकतंत्र को कमजोर करने की तैयारी है। इस मुद्दे पर आज सोनिया गांधी के आवास पर इंडिया गठबंधन के सांसदों की बैठक हुई। उसमें परिसीमन बिल का मिलकर विरोध करने पर सहमति बनी। पार्टी ने जानकारी दी कि राहुल गांधी आज शाम 5 बजे इस विषय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
SIR जैसा होगा परिसीमन, SC-ST सीटों पर सरकार चुप
खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया SIR की तरह होगी। नए परिसीमन के जरिए अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (SC-ST) वर्ग की सीटें बढ़नी चाहिए, लेकिन सरकार जो बिल लेकर आ रही, उसमें ऐसा कोई प्रावधान नजर नहीं आता है। खड़गे के मुताबिक आने वाले नए बिल को लेकर सरकार ने अब तक स्थिति साफ नहीं की है और कई अहम बातें छिपाई गई हैं।
चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप
विपक्ष के अध्यक्ष ने चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार पर भी सीधा निशाना साधा। खड़गे ने कहा कि एक ऐसे चुनाव आयोग को परिसीमन का काम सौंपा जा रहा, जिस पर दाग हैं और जिसने 10 करोड़ से ज्यादा लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को अपराधी बताते हुए कहा कि यह पूरी प्रक्रिया उनके नेतृत्व में होगी तो बड़े स्तर पर गड़बड़ी होगी। खड़गे ने दावा किया कि वोट चोरी से जुड़े मामलों में जैसा निर्देश मिला, वैसा ही रवैया परिसीमन में भी अपनाया जाएगा। ज्ञानेश कुमार निष्पक्ष चुनाव के पक्ष में नहीं हैं और पहले भी असम तथा जम्मू-कश्मीर में गलत ढंग से परिसीमन किया जा चुका है।
850 सीटें बढ़ने से संविधान बदलने का डर
खड़गे ने कहा कि सरकार को जब यह लगने लगा कि उसके पास संख्या बल आ गया है, तब वह यह बिल ला रही। उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ लोग इस बात को नहीं समझ पा रहे कि सीटों की संख्या बढ़कर 850 हो जाती है तो इससे देश को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा और लोकतंत्र की बुनियाद हिल सकती है। खड़गे ने आशंका जताई कि 850 सीटों के जरिए सत्ता पर पूरी पकड़ बनाकर संविधान में बदलाव भी किया जा सकता है, इस वजह से विपक्ष इस बिल का डटकर विरोध करेगा।
किरेन रिजिजू का पलटवार: देश माफ नहीं करेगा
दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने परिसीमन से जुड़ी पहल का पुरजोर बचाव किया। उन्होंने कहा कि जो भी इस कदम का विरोध करेगा, उसे केवल महिलाएं ही नहीं, बल्कि पूरा देश कभी माफ नहीं करेगा। रिजिजू के मुताबिक इससे बेहतर कोई विधेयक या व्यवस्था नहीं हो सकती, क्योंकि इसमें हर राज्य और हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखा गया है। उन्होंने कहा कि इसमें SC, ST और महिलाओं के हित सुरक्षित हैं। जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने की व्यवस्था भी शामिल है।
अगले हफ्ते के विशेष सत्र के लिए व्हिप जारी
इस सियासी हलचल के बीच कांग्रेस और शिवसेना ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी कर दिया है। कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा के अपने सांसदों को अगले सप्ताह होने वाली विशेष बैठक के दौरान सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है और 29 नवंबर तक नई दिल्ली पहुंचने को कहा है। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने भी अपने सांसदों को विशेष सत्र में शामिल होने के लिए कहा है। शिवसेना के मुख्य व्हिप श्रीरंग बारणे ने इसकी पुष्टि की। पार्टी के लोकसभा में 13 और राज्यसभा में 2 सांसद हैं।