ओटीटी की पॉपुलर वेब सीरीज 'पंचायत' के पांचवें सीजन को लेकर फैंस का इंतजार अब खत्म होने वाला है। सीरीज की रिलीज से पहले मेकर्स ने इसके प्रमोशन के लिए एक खास सरप्राइज दिया है। इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन फुलेरा गांव पहुंच गए हैं। सिर पर गमछा, देसी अंदाज और गांव की गलियों में घूमते पीटरसन को देखकर फैंस हैरान रह गए। प्राइम वीडियो की ओर से जारी प्रमोशनल वीडियो में पीटरसन को 'पंचायत' के किरदारों बनराकस और बिनोद के साथ देखा जा सकता है। क्रिकेट के मैदान पर अपने आक्रामक अंदाज के लिए मशहूर रहे पीटरसन इस बार फुलेरा के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं।
गमछा बांधे नजर आए पीटरसन
प्रमोशनल वीडियो में केविन पीटरसन का अंदाज पूरी तरह बदला हुआ दिखाई दे रहा है। वो सिर पर गमछा बांधे, देसी पहनावे में फुलेरा की गलियों और खेतों में घूमते नजर आते हैं। इतना ही नहीं, वो गांव के बच्चों और स्थानीय किरदारों के साथ भी समय बिताते दिख रहे हैं। वीडियो में पीटरसन को बनराकस यानी भूषण और बिनोद के साथ बाइक पर सवारी करते हुए भी दिखाया गया है। कुछ दृश्यों में वो कंचे खेलते और हिंदी में बातचीत करते नजर आते हैं। इससे पहले सामने आई झलक में उन्हें दातून करते और भुटकुन की चाय का स्वाद लेते हुए भी दिखाया गया था।
'फुलेरा जैसा कहीं नहीं'- पीटरसन
वीडियो में पीटरसन अपना परिचय देते हुए कहते हैं कि वो इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर हैं। वो लंदन से सिडनी तक दुनिया के कई शहरों में घूम चुके हैं, लेकिन फुलेरा जैसी जगह उन्हें कहीं नहीं मिली। उनका यह अंदाज 'पंचायत' के देसी हास्य और लोकप्रिय डायलॉग्स के साथ खूब मेल खा रहा है। पीटरसन ने सोशल मीडिया पर भी इस प्रमोशनल कैंपेन की झलक साझा की थी। उनके पोस्ट के बाद फैंस ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने 'पंचायत' के चर्चित डायलॉग्स के अंदाज में मीम्स बनाकर उनका स्वागत किया।
कब रिलीज होगी 'पंचायत 5'?
'पंचायत' का पांचवां सीजन 3 दिसंबर 2026 को अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा। इस बार कहानी में फुलेरा की राजनीति में बदलाव देखने को मिलेगा। बनराकस यानी भूषण अब प्रधानपति की भूमिका में है और गांव की सत्ता के समीकरण बदल चुके हैं। नए सीजन में सचिव जी यानी अभिषेक त्रिपाठी की निजी जिंदगी, दोस्ती और पंचायत की राजनीति के बीच संतुलन बनाने की जद्दोजहद भी देखने को मिलेगी। सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, चंदन रॉय, फैजल मलिक, दुर्गेश कुमार, सुनीता राजवर, संविका और अशोक पाठक जैसे कलाकार अपने पुराने किरदारों में लौटेंगे।
क्या सीरीज में भी नजर आएंगे केविन पीटरसन?
पीटरसन की फुलेरा में मौजूदगी ने उनके फैंस के बीच यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या वो 'पंचायत 5' में भी अभिनय करते नजर आएंगे। हालांकि, फिलहाल उनकी मौजूदगी को सीरीज के प्रमोशनल वीडियो का हिस्सा बताया गया है। नए सीजन में उनके किसी किरदार या कैमियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।