दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' को लेकर सुर्खियों में हैं। उनके कॉन्सर्ट में हजारों फैंस पहुंच रहे हैं। दूसरी तरफ दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर लगातार कई बार बम धमाकों की धमकियां भी मिल चुकी हैं। इन धमकियों के बावजूद दिलजीत ने अपना मुंबई कॉन्सर्ट किया और स्टेज से ऐसा जवाब दिया, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। उन्होंने साफ कहा कि डर फैलाने वालों के लिए भी उनकी तरफ से सिर्फ प्यार है। दिलजीत दोसांझ ने 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में शानदार परफॉर्मेंस दी।
बम धमाकों की धमकी पर क्या बोले दिलजीत दोसांझ?
इस शो से पहले शहर में बम धमाकों की धमकी मिलने की खबर सामने आई थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और कॉन्सर्ट में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। तमाम सुरक्षा चुनौतियों के बीच दिलजीत ने अपना शो जारी रखा। कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने धमकी देने वालों का जिक्र करते हुए कहा कि उनका असली मकसद लोगों के मन में डर पैदा करना और उन्हें शो में आने से रोकना है। कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने अपने अंदाज में धमकी देने वालों को जवाब दिया।
शायरी के अंदाज में दिया जवाब
उन्होंने कहा, 'कहते हैं दिलजीत को बम से उड़ा देंगे, वाह! इनका मकसद सिर्फ यही है कि लोग दिलजीत के शो में न आएं। उन्हें डरा दिया जाए और किसी भी तरह शो को रोक दिया जाए।' इसके बाद सिंगर ने बेहद शांत अंदाज में कहा कि उनकी तरफ से सभी को प्यार है। कोई उन पर बम फेंकने की बात करे, तब भी उनके मन में नफरत नहीं होगी। दिलजीत की इस बात पर वहां मौजूद फैंस ने जोरदार तालियां भी बजाईं।दिलजीत ने इस दौरान मशहूर शायर राहत इंदौरी की पंक्तियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'शहरों में तो बारूदों का मौसम है, गांव चलो, ये अमरूदों का मौसम है।'
सिंगर ने मुंबई पुलिस को दिया धन्यवाद
सिंगर ने बताया कि उनके गाने गांव की मिट्टी से जुड़े हुए हैं और वो खुद भी एक गांव से आते हैं। उन्होंने कहा कि हो सकता है कुछ लोगों को उनके गानों के शब्द समझ न आएं, लेकिन उनमें छिपी मिट्टी की खुशबू और भावनाओं को जरूर महसूस कर सकते हैं। उनकी इस बात ने कॉन्सर्ट में मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। सोशल मीडिया पर भी उनके इस वीडियो को काफी पसंद किया जा रहा है। दिलजीत ने अपने फैंस की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों को लेकर मुंबई पुलिस का आभार भी जताया। उन्होंने बताया कि स्टेडियम के अंदर जितने लोग मौजूद हैं, लगभग उतने ही लोग बाहर भी एंट्री के इंतजार में खड़े हैं। सिंगर ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए भी इतनी बड़ी भीड़ को संभालना आसान नहीं है। हर इंसान की जांच करने के बाद ही उसे अंदर जाने दिया जा रहा है। उन्होंने मुंबई पुलिस को धन्यवाद देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।