भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली 5 नवंबर को अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। दिल्ली में 5 नवंबर 1988 को जन्मे विराट ने लगभग दो दशक के अपने क्रिकेट करियर में कई ऐसे मुकाम हासिल किए हैं, जिन तक पहुंचना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी चुनौती है। अंडर-19 विश्व कप से शुरू हुआ उनका सफर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बड़े रिकॉर्ड, खिताब और व्यक्तिगत उपलब्धियों तक पहुंचा। विराट ने अपनी बल्लेबाजी के दम पर भारतीय क्रिकेट को कई यादगार जीत दिलाई हैं। टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लेने के बाद अब वह वनडे और आईपीएल में सक्रिय हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 74 रन की शानदार पारी खेलकर उन्होंने जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले अपने प्रशंसकों को खास तोहफा भी दिया। उनके 38वें जन्मदिन पर आइए जानते हैं उनके करियर के 38 खास रिकॉर्ड और आंकड़े।

घरेलू और जूनियर क्रिकेट में भी दिखा विराट का दम

1. रणजी ट्रॉफी में 257 रन: दिल्ली के लिए 2006-07 के रणजी सीजन में विराट ने 257 रन बनाए थे। उनका सर्वोच्च स्कोर 90 रन रहा।

2. विजय हजारे ट्रॉफी में 534 रन: 2008-09 के सीजन में उन्होंने सात पारियों में 534 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 89 रहा और उन्होंने चार शतक लगाए।

3. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 179 रन: दिल्ली की ओर से अपने शुरुआती टी20 टूर्नामेंट में विराट ने पांच पारियों में 179 रन बनाए।

4. अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन: 2008 में भारत को अंडर-19 विश्व कप जिताने वाले कप्तान विराट ने टूर्नामेंट में 235 रन बनाए थे। वह तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

5. यूथ क्रिकेट में 1,910 रन: विराट ने भारत के लिए युवा टेस्ट और वनडे मुकाबलों में कुल 1,910 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से चार शतक और 12 अर्धशतक निकले।

टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली के बड़े रिकॉर्ड

6. कप्तान के रूप में सात दोहरे शतक: विराट ने भारतीय टेस्ट कप्तान रहते हुए सात दोहरे शतक लगाए। यह किसी भी टेस्ट कप्तान के लिए सबसे ज्यादा है।

7. कप्तानी में 5,864 रन: उन्होंने 68 टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी करते हुए 5,864 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 54.8 रहा।

8. टेस्ट कप्तान के रूप में 40 जीत: विराट की अगुआई में भारतीय टीम ने 68 टेस्ट में 40 मुकाबले जीते। वह भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान हैं।

9. लगातार 11 घरेलू सीरीज में जीत: विराट की कप्तानी में भारत ने लगातार 11 घरेलू टेस्ट सीरीज अपने नाम कीं।

10. घरेलू मैदान पर 70.02 का औसत: भारतीय सरजमीं पर टेस्ट कप्तान के रूप में विराट ने 2,871 रन बनाए और उनका औसत 70.02 रहा।

11. SENA देशों में 12 टेस्ट शतक: दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में विराट ने कुल 12 टेस्ट शतक लगाए हैं।

12. ऑस्ट्रेलिया में सात टेस्ट शतक: ऑस्ट्रेलिया की धरती पर विराट के नाम सात टेस्ट शतक दर्ज हैं। किसी भारतीय और एशियाई बल्लेबाज के लिए यह बड़ी उपलब्धि है।

13. टेस्ट की दूसरी पारी में 3,151 रन: विराट ने टेस्ट मैचों की दूसरी पारी में 3,151 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 61.78 रहा।

14. टेस्ट की तीसरी पारी में 1,871 रन: टेस्ट की तीसरी पारी में उन्होंने 1,871 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 35.98 रहा।

वनडे क्रिकेट में विराट का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन

15. रन चेज में 8,741 रन: वनडे क्रिकेट में लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट ने 8,741 रन बनाए हैं। इस मामले में वह दुनिया के शीर्ष बल्लेबाज हैं।

16. सफल रन चेज में 6,477 रन: भारत की जीत के साथ खत्म हुए वनडे रन चेज में विराट के नाम 6,477 रन हैं। इस दौरान उनका औसत 89.95 रहा।

17. चारों SENA देशों में 50 से ज्यादा औसत: दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में विराट का वनडे औसत 50 से ऊपर है। ऐसा करने वाले वह इकलौते बल्लेबाज हैं।

18. गैर-ओपनर के तौर पर पांच बार 150 से ज्यादा रन: वनडे क्रिकेट में ओपनिंग के अलावा अन्य स्थानों पर बल्लेबाजी करते हुए विराट पांच बार 150 रन का आंकड़ा पार कर चुके हैं।

19. घरेलू मैदान पर 7,035 वनडे रन: भारतीय सरजमीं पर विराट ने 7,035 वनडे रन बनाए हैं। उनका औसत 62.81 है।

20. जीत में 45 वनडे शतक: विराट के 55 वनडे शतकों में से 45 शतक भारत की जीत के दौरान आए हैं।

21. 10 में से नौ देशों में 50 से ज्यादा औसत: जिन 10 देशों में विराट ने वनडे क्रिकेट खेला है, उनमें से नौ में उनका औसत 50 से अधिक है। श्रीलंका में उनका औसत 45.25 रहा है।

22. ग्रीनफील्ड स्टेडियम में बिना आउट हुए 338 रन: तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में विराट ने आउट हुए बिना कुल 338 रन बनाए हैं। इसमें दो शतक भी शामिल हैं।

टी20 और आईपीएल में भी विराट का जलवा

23. टी20 विश्व कप में नाबाद रहने पर भारत की जीत: टी20 विश्व कप में जिन आठ मुकाबलों में विराट नाबाद रहे, उन सभी में भारतीय टीम ने जीत हासिल की।

24. टी20 इंटरनेशनल में सफल रन चेज के दौरान 1,561 रन: विराट ने लक्ष्य का पीछा करते हुए टी20 इंटरनेशनल में 1,561 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 78.61 रहा।

25. 21 गेंदों में टी20 अर्धशतक: विराट ने 2019 में मुंबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ महज 21 गेंदों में अपना सबसे तेज टी20 अर्धशतक पूरा किया था।

26. 47 गेंदों में टी20 शतक: आईपीएल 2016 में पंजाब किंग्स के खिलाफ विराट ने 47 गेंदों में शतक जड़ा था। यह टी20 क्रिकेट में उनका सबसे तेज शतक है।

27. आईपीएल में लगातार चार सीजन 600 से ज्यादा रन: विराट ने 2023 से 2026 तक लगातार चार आईपीएल सीजन में 600 या उससे ज्यादा रन बनाए। ऐसा करने वाले वह इकलौते बल्लेबाज हैं।

28. टी20 में 241.38 का स्ट्राइक रेट: वेस्टइंडीज के खिलाफ 2019 में विराट ने 29 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए थे। इस पारी में उनका स्ट्राइक रेट 241.38 रहा।

29. आईपीएल और टी20 विश्व कप फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच: विराट उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें आईपीएल और टी20 विश्व कप दोनों के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस सूची में जसप्रीत बुमराह भी शामिल हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विराट के नाम बड़ी उपलब्धियां

30. एक दशक में 20,960 रन: विराट ने 2010 से 2019 के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20,960 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 69 शतक और 98 अर्धशतक निकले। एक दशक में 20 हजार अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले वह इकलौते क्रिकेटर हैं।

31. 10 आईसीसी पुरस्कार: विराट अपने करियर में कुल 10 आईसीसी पुरस्कार जीत चुके हैं। किसी क्रिकेटर के लिए यह सबसे ज्यादा है।

32. तीन बार प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: विराट ने 2014 और 2016 टी20 विश्व कप के अलावा 2023 वनडे विश्व कप में भी यह सम्मान हासिल किया। तीन बार यह पुरस्कार जीतने वाले वह इकलौते खिलाड़ी हैं।

33. आईसीसी व्हाइट बॉल टूर्नामेंट में 3,834 रन: आईसीसी के सीमित ओवरों के टूर्नामेंट में विराट ने 90 मैचों में 3,834 रन बनाए हैं। उनका औसत 61.83 रहा है।

34. आईसीसी नॉकआउट मुकाबलों में 1,024 रन: आईसीसी टूर्नामेंट के नॉकआउट मैचों में विराट ने 22 मुकाबलों की 24 पारियों में 1,024 रन बनाए हैं।

35. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 50 से ज्यादा औसत: तीनों अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट को मिलाकर विराट का बल्लेबाजी औसत 52.86 है। सर्वाधिक रन बनाने वाले शीर्ष 20 बल्लेबाजों में 50 से ज्यादा औसत रखने वाले वह इकलौते खिलाड़ी हैं।

36. सभी बड़े आईसीसी खिताब और आईपीएल ट्रॉफी: विराट ने वनडे विश्व कप, टी20 विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी और आईपीएल का खिताब जीता है। वह आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप की गदा जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे हैं।

37. शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में 1,297 रन: बांग्लादेश के इस मैदान पर विराट ने 28 मैचों में 1,297 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए हैं। यहां उनका औसत 68.26 रहा है।

38. ऑस्ट्रेलिया में 12 अंतरराष्ट्रीय शतक: विराट ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर सात टेस्ट और पांच वनडे शतक लगाए हैं। किसी विदेशी बल्लेबाज के लिए यह सबसे ज्यादा है।

रिकॉर्ड के बादशाह हैं विराट कोहली

विराट कोहली का करियर केवल रनों और शतकों तक सीमित नहीं है। उन्होंने अपनी फिटनेस, अनुशासन, आक्रामक अंदाज और बड़े मुकाबलों में प्रदर्शन से भारतीय क्रिकेट में एक अलग पहचान बनाई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28,601 रन और 86 शतक उनके शानदार सफर की गवाही देते हैं। अब टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास के बाद उनकी नजरें वनडे क्रिकेट और आईपीएल में नए मुकाम हासिल करने पर हैं। साथ ही, 2027 वनडे विश्व कप में उनके प्रदर्शन को लेकर भी प्रशंसकों की उम्मीदें बनी हुई हैं।