आमिर खान एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा उनकी शादी या किसी फिल्म को लेकर नहीं, बल्कि उनके नए घर की तलाश को लेकर हो रही है। खबरें हैं कि आमिर खान और उनकी पत्नी गौरी स्प्रैट जल्द ही अपने किराये का अपार्टमेंट छोड़ सकते हैं। दिलचस्प बात ये है कि इसी घर में दोनों ने 5 जुलाई 2026 को शादी की थी। ऐसे में शादी के कुछ ही महीनों बाद घर बदलने की खबर ने लोगों का ध्यान खींचा है।
क्यों छोड़ना पड़ रहा है आमिर-गौरी को घर?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर खान और गौरी स्प्रैट फिलहाल मुंबई के पाली हिल इलाके में किराये के अपार्टमेंट में रह रहे हैं। बताया जा रहा है कि आमिर ने इस बिल्डिंग में चार अपार्टमेंट किराये पर लिए हुए हैं। अब इस बिल्डिंग में रीडेवलपमेंट की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इसी वजह से आमिर और उनकी पत्नी को नए आशियाने की तलाश करनी पड़ रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो ये फैसला किसी पारिवारिक या निजी परेशानी के चलते नहीं लिया गया है, बल्कि बिल्डिंग के रीडेवलपमेंट के कारण उन्हें अपना मौजूदा ठिकाना छोड़ना पड़ रहा है। आमिर और गौरी मुंबई में ही किसी दूसरे इलाके में किराये का घर तलाश रहे हैं।
कब नए घर में शिफ्ट होंगे आमिर और गौरी?
बताया जा रहा है कि आमिर खान और गौरी स्प्रैट साल 2026 के आखिर तक या फिर 2027 की शुरुआत में नए घर में जा सकते हैं। उनके अगले घर को उनकी पसंद और जरूरतों के मुताबिक तैयार किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, नए अपार्टमेंट में इंटीरियर और सजावट का काम भी चल रहा है, ताकि वहां शिफ्ट होने से पहले हर चीज को सुविधाजनक बनाया जा सके। हालांकि, आमिर की तरफ से अभी तक घर बदलने की खबरों पर कोई ऑफिशियल बयान सामने नहीं आया है।
यूनियन पार्क में तैयार हो रहा आमिर का आशियाना
आमिर खान के घर बदलने की कहानी यहीं खत्म नहीं होती। एक्टर का मुंबई के यूनियन पार्क इलाके में भी एक घर है, लेकिन उस प्रॉपर्टी का भी रीडेवलपमेंट चल रहा है। इसी वजह से आमिर को करीब डेढ़ साल पहले अपना पुराना घर छोड़कर किराये के अपार्टमेंट में जाना पड़ा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूनियन पार्क स्थित उनकी पुरानी प्रॉपर्टी की जगह एक हाईराइज बिल्डिंग बनाई जा रही है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद आमिर और गौरी वहां बने पेंटहाउस में रह सकते हैं। फिलहाल इस निर्माण कार्य को पूरा होने में समय लग सकता है। ऐसे में तब तक दोनों को किराये के मकान में ही रहना पड़ सकता है।