Amit Shah latest Statement : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में यमुना नदी की सफाई और स्वच्छ जल आपूर्ति से जुड़े 9141 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने 10 परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 33 नई परियोजनाओं की नींव रखी। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले 30 साल तक देश में बीजेपी की ही सरकार रहने वाली है।
यमुना सफाई पर क्या बोले गृह मंत्री?
अमित शाह ने कहा कि ये नई परियोजनाएं यमुना को साफ करने की दिशा में रीढ़ की हड्डी साबित होंगी। मोदी सरकार के सत्ता में आने के महज एक महीने के भीतर ही प्रधानमंत्री ने दिल्ली सरकार और गृह मंत्रालय के साथ मिलकर यमुना सफाई का स्पष्ट लक्ष्य तय कर दिया था। अब तक 40 प्रतिशत से अधिक मलबा हटाने का काम पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि गंदे पानी को शुद्ध करने के लिए 9 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स और पीने के पानी से जुड़ी योजनाएं नेता रेखा गुप्ता और प्रवेश वर्मा के विशेष प्रयासों से तैयार की गई हैं। पिछले 20 सालों से कांग्रेस और केजरीवाल की सरकारों ने सिर्फ गटर का गंदा पानी और रोज दो हजार टन गोबर यमुना नदी में डालने का काम किया है।
डबल-इंजन नहीं, अब 'फोर-इंजन' सरकार
गृहमंत्री ने कहा कि पहले केंद्र, दिल्ली और हरियाणा में अलग-अलग दलों की विपक्ष की सरकारें थीं, जिससे औद्योगिक कचरे को रोकने पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। लेकिन अब केंद्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा-चारों जगह बीजेपी की सरकारें हैं। ये सभी एक यूनिट के रूप में मिलकर पूरी योजना के साथ काम कर रही हैं। सरकार ने तय किया है कि साल 2029 में चुनाव में वोट मांगने से पहले यमुना को पूरी तरह निर्मल बनाकर जनता के बीच आएंगे। हम एक ऐसी दिल्ली बनाना चाहते हैं जहाँ घर सुंदर हों, पानी शुद्ध मिले, गलियाँ साफ हों, कूड़े के पहाड़ गायब हों और निर्मल यमुना संगम तक लोगों को अपना आशीर्वाद दे रही हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे एक बड़े संकल्प के रूप में लिया है।
9141 करोड़ के प्रोजेक्ट्स की सौगात
आज 9141 करोड़ रुपए से जिन 10 योजनाओं का लोकार्पण और 33 का शिलान्यास हुआ है, उनमें सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (STP) का उन्नयन, नए एसटीपी लगाना, डीएसटीपी के लिए शिलान्यास और सीवर लाइन बिछाने के काम शामिल हैं। किराड़ी समेत कई अन्य कॉलोनियों में अब घर-घर सीवर लाइन और बेहतर जल निकासी की व्यवस्था मिल सकेगी। उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ दल हमेशा बहानेबाजी की राजनीति करते हैं। पुरानी आप और कांग्रेस सरकारें हमेशा मदद न मिलने का रोना रोती थीं। उन्होंने केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि केजरीवाल जी आपके हर सवाल का जवाब हमारे पास है, लेकिन उसका जवाब तब दिया जाएगा, जब पंजाब सरकार को भी उखाड़ फेंका जाएगा।
कूड़े के पहाड़ों पर राजनीति और विकास के काम
शाह ने कहा, उन्होंने अपराध फैलाने और कूड़े के पहाड़ों पर सिर्फ राजनीति की। जबकि बीजेपी सरकार ने कूड़े के पहाड़ों को नीचे लाने का काम किया है और अगले दो साल में वहाँ खूबसूरत बगीचा नजर आएगा। रेखा गुप्ता सरकार ने मोदी सरकार के सहयोग से 2.17 लाख टन कूड़ा साफ किया है, जिसे केजरीवाल प्रशासन कहते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि केजरीवाल ने यमुना में तीन डुबकी लगाने का वादा किया था और जब प्रवेश वर्मा ने उनके कटआउट को डुबकी लगवाई तो वह भी बीमार पड़ गए। आज यमुना के किनारे बांसेरा, असिता ईस्ट और वासुदेव घाट जैसे बेहतरीन काम हुए हैं। ढाई साल की इस परियोजना के तहत हर घर में शुद्ध पानी और सीवर की सुविधा पहुंच जाएगी।
विपक्ष पर वोट चोरी और घुसपैठियों को बचाने का आरोप
अमित शाह ने कहा कि देश के हर राज्य में बीजेपी जीत रही है, जिससे बौखलाकर विपक्षी दल 'वोट चोरी' का बहाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा, पूरा देश राहुल को अच्छी तरह समझ गया है। वे बार-बार वोट चोरी का राग अलापते हैं, ताकि उसकी आड़ में घुसपैठियों के वोट बचाए जा सकें। कांग्रेस और उसके साथी कभी ईवीएम पर ठीकरा फोड़ते हैं तो कभी वोट चोरी का रोना रोते हैं। मोदी सरकार के आने से पहले भी कांग्रेस कई राज्यों में नहीं जीत पा रही थी। गुजरात, बंगाल, तमिलनाडु, दिल्ली और असम जैसे राज्यों में कांग्रेस को वर्षों से चुनाव में जीत नसीब नहीं हुई है।
'अगले 30 साल तक नहीं बनेगी कांग्रेस सरकार'
जब मैं यह कहता हूं कि आने वाले 30 वर्षों तक देश में बीजेपी की सरकार रहेगी तो वे पूछते हैं कि मुझे यह कैसे पता? इस पर तंज कसते हुए शाह ने कहा-मैं यहीं जन्मा, यहीं बढ़ा और यहीं मरुंगा। मैं हर छह महीने में विदेश की सैर पर नहीं जाता। अगले 30 साल तक उनकी सरकार नहीं बनने वाली है। उन्होंने कहा कि जब वे केरल, तेलंगाना या हिमाचल प्रदेश में चुनाव जीत जाते हैं, तब उन्हें चुनाव आयोग और वोटर लिस्ट अच्छी लगने लगती है। जब हार जाते हैं तो सब खराब हो जाता है। अदालत उनके पक्ष में फैसला दे तो अच्छी और विरोध में आए तो खराब। देश की जनता के जनादेश को इस तरह झुठलाया नहीं जा सकता।
'आप हमारी आवाज नहीं सुन सकते'
विदेश में बैठे लोगों पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि आप हमारी आवाज नहीं सुन सकते, क्योंकि आप विदेश में बैठे हैं। यह भी नहीं बताते कि वहां क्यों हैं? यह आपका निजी मामला हो सकता है, लेकिन यह बात गांठ बांध लीजिए कि अगले 30 साल तक आपकी सरकार सत्ता में नहीं आने वाली। पीएम मोदी समेत हमारी पार्टी हर कार्यकर्ता आम लोगों के दुख दूर करने को दिन-रात काम करते हैं। इसका बड़ा उदाहरण यमुना नदी की सफाई है। उन्होंने कुछ नहीं किया, अब बीजेपी यह काम कर रही है। धरना-प्रदर्शन या राजनीतिक हथकंडों से जनता के जनादेश को बदला नहीं जा सकता।
पंजाब में नशे के कारोबार पर घेरा
शाह ने पंजाब सरकार पर बरसते हुए कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के राज में नशे का व्यापार फला-फूला है। अब जनता ने तय कर लिया है कि जल्द राज्य में एनडीए सरकार बनने वाली है। केजरीवाल कान खोलकर सुन लें कि बहानेबाजी की राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलती, जनता को परिणाम चाहिए होते हैं। दिल्ली हारने के बाद अब आप पंजाब में जड़े जमाए बैठे हैं और मुख्यमंत्री को भी काम नहीं करने दे रहे। पंजाब से भी आप का सूपड़ा साफ होने वाला है। 2029 तक वहां से नशे का कारोबार पूरी तरह खत्म किया जाएगा। गृह मंत्री ने उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और जल मंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने यमुना को साफ करने के लिए जो पुरुषार्थ दिखाया है, उसके नतीजे जल्द सामने आएंगे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यमुना निश्चित तौर पर निर्मल होकर बहेगी।