Neha Bora On Brahman Women : भारतीय जनता पार्टी ने वामपंथी छात्र नेता नेहा बोरा के एक वायरल बयान को लेकर कांग्रेस पार्टी और उसके वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस और राहुल गांधी के दिल में हिंदुओं के प्रति गहरी नफरत भरी हुई है। विवाद की मुख्य वजह नेहा बोरा का वह कथित वीडियो है, जिसमें उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि "मंदिरों में पुजारी रेप करते हैं।" इसके अलावा, वह ब्राह्मणवादी व्यवस्था और समाज की पुरानी मान्यताओं पर भी निशाना साधती नजर आ रही हैं।
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी का तीखा हमला
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया पर इस वीडियो को शेयर कर कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने लिखा कि राहुल गांधी की कथित पोस्टर गर्ल नेहा बोरा खुलेआम हिंदुओं के प्रति अपनी नफरत जाहिर कर रही हैं। भंडारी ने कहा कि नेहा की सोच बिल्कुल वैसी ही है जैसी राहुल गांधी की है, जो पहले ऐसे बयान दे चुके हैं जिनसे मंदिरों और धार्मिक मान्यताओं को ठेस पहुंचे। बीजेपी का यह स्पष्ट आरोप है कि कांग्रेस पार्टी सिर्फ अपने वोट बैंक को साधने के लिए देश की संस्कृति और भावनाओं पर चोट कर रही और उनकी यह सोच भारत की एकता व अखंडता के लिए बहुत बड़ा खतरा है।
वायरल वीडियो में क्या बोलती नजर आ रहीं नेहा बोरा?
प्रदीप भंडारी द्वारा साझा उस कथित वीडियो क्लिप में नेहा बोरा यह कहती हुई सुनाई दे रहीं कि समाज को सुरक्षा की जरूरत है और यह सुरक्षा उस ब्राह्मणवादी व्यवस्था से चाहिए जो कहती है कि गरीब, शूद्र, पशु और नारी ताड़ना के अधिकारी हैं। वीडियो में आगे यह भी सुना जा सकता है कि इसी व्यवस्था के कारण ब्राह्मण महिलाएं तक असुरक्षित हैं और उनका शोषण होता है। इसके साथ ही उन्होंने उन्नाव और कठुआ जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए मंदिरों और पुजारियों को लेकर विवादित टिप्पणी की। वैसे, हम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं।
बांग्लादेश के हालात से भारत की तुलना पर भी हुआ था विवाद
यह पहला मौका नहीं है, जब नेहा बोरा अपने बयानों के कारण चर्चा में आई हों। अक्टूबर में उनका एक और वीडियो वायरल हुआ था। उस वीडियो में वह पड़ोसी देश बांग्लादेश में हुए बड़े छात्र आंदोलन की सफलता पर शुभकामनाएं देती नजर आ रही थीं। उन्होंने बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में भी इसी तरह के आंदोलनों और विरोध प्रदर्शनों के होने की बात कही थी। उस समय भी बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा था कि नेहा बोरा का यह बयान किसी साधारण राजनीतिक विरोध का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह एक अराजक विद्रोह और तख्तापलट की साजिश है। वायरल क्लिप में नेहा बोरा को यह कहते हुए सुना गया था कि जेन-जी आंदोलन की शुरुआत बांग्लादेश से हुई थी और वहां के युवाओं ने जो जंग धार्मिक कट्टरता और अधिकारों के लिए लड़ी है, आज भारत के युवाओं की भी वही लड़ाई है। उन्होंने देश के युवाओं से एकजुट होने की अपील की थी।
कन्हैया कुमार से हो रही तुलना और बढ़तीं नजदीकियां
हालिया दिनों में नेहा बोरा और कांग्रेस पार्टी के बड़े नेताओं के बीच बढ़ती नजदीकियां राजनीतिक गलियारों में चर्चा का सबसे बड़ा विषय बनी हुई हैं। वह इन दिनों कांग्रेस पार्टी की अगुवाई में निकाले जा रहे विभिन्न प्रदर्शनों में मुख्य चेहरा बनकर आगे आ रही हैं। राजनीतिक विश्लेषक और आम लोग उनकी बढ़ती सक्रियता को देखकर उनकी तुलना कांग्रेस के युवा नेता कन्हैया कुमार से करने लगे हैं। दिलचस्प बात है कि जिन विरोध प्रदर्शनों में नेहा बोरा बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहीं, उन्हीं प्रदर्शनों में कुछ दिनों से कन्हैया कुमार कैमरे की नजरों से थोड़े दूर ही नजर आए हैं।