राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद एक बार फिर कमजोर पड़ती दिख रही है। सोमवार, 23 नवंबर की सुबह दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 8 बजे राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 249 रहा। रविवार को यह 239 दर्ज किया गया था। यानी एक दिन के भीतर प्रदूषण के स्तर में फिर बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर और अधिक दर्ज किया गया। पंजाबी बाग में AQI 282 दर्ज किया गया, जो दिल्ली के निगरानी केंद्रों में सबसे अधिक रहा। वहीं, बवाना 273 AQI के साथ दूसरे और चांदनी चौक 271 AQI के साथ तीसरे स्थान पर रहा। ये आंकड़े खराब श्रेणी में हैं, लेकिन कुछ अन्य इलाकों में वायु गुणवत्ता बहुत खराब स्तर तक पहुंच गई।
राजधानी के इन इलाकों AQI का हाल
CPCB के सुबह के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर इस प्रकार रहा:
- पंजाबी बाग – 282 (खराब)
- बवाना – 273 (खराब)
- चांदनी चौक – 271 (खराब)
- रोहिणी – 252 (खराब)
- आरके पुरम – 252 (खराब)
- अलीपुर – 246 (खराब)
- अशोक विहार – 240 (खराब)
- नरेला – 239 (खराब)
- आनंद विहार – 237 (खराब)
- मंदिर मार्ग – 225 (खराब)
- सोनिया विहार – 215 (खराब)
- ओखला फेज-2 – 213 (खराब)
- पटपड़गंज – 208 (खराब)
- मेजर ध्यानचंद स्टेडियम – 202 (खराब)
वसुंधरा एन्क्लेव में AQI 170 दर्ज हुआ। दूसरी ओर, कुछ निगरानी केंद्रों पर स्थिति और गंभीर रही। सिरिफोर्ट, एनएसयूटी जाफरपुर, इग्नू मैदान गढ़ी और टॉकाटोरा गार्डन जैसे स्थानों पर AQI 300 के पार दर्ज किया गया।
छह श्रेणियों में बांटा गया AQI
दिल्ली की हवा में PM2.5 कणों की मौजूदगी प्रमुख चिंता बनी हुई है। ये बेहद छोटे प्रदूषक कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। इनके लंबे समय तक संपर्क में रहने से सांस संबंधी परेशानी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। CPCB के मानकों के अनुसार, AQI को छह श्रेणियों में बांटा गया है। शून्य से 50 तक अच्छी, 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी मानी जाती है।
अगले कुछ दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। हालांकि, सुबह के समय हल्की धुंध और उथला कोहरा छा सकता है। 24, 25 और 26 नवंबर को कई स्थानों पर धुंध और कोहरे की स्थिति बन सकती है। मौसम साफ रहने के बावजूद प्रदूषण से तत्काल राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। वायु गुणवत्ता पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली की हवा अगले कुछ दिनों तक खराब श्रेणी में बनी रह सकती है। इसके बाद भी प्रदूषण का स्तर खराब से बहुत खराब के बीच रहने की आशंका जताई गई है।
GRAP-2 के तहत जारी हैं पाबंदियां
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के दूसरे चरण के उपाय लागू हैं। इसके तहत सड़कों की नियमित सफाई, पानी का छिड़काव और धूल उड़ने से रोकने के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जाते हैं। प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों पर निगरानी भी बढ़ाई जाती है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली और आसपास के राज्यों में प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की समीक्षा भी शुरू की है। आयोग की रिपोर्ट में औद्योगिक निरीक्षण, कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक परिवहन जैसे क्षेत्रों में कमियों की ओर ध्यान दिलाया गया है।ऐसे में दिल्लीवासियों को फिलहाल प्रदूषण से पूरी राहत मिलने की संभावना कम नजर आ रही है। खासकर सुबह और शाम के समय बाहर निकलते हुए सावधानी बरतना जरूरी है।