Meta Blocked Posts India News : भारत में इंटरनेट और सोशल मीडिया के इस्तेमाल से जुड़े नियमों में आया बदलाव अब लोगों की रोजमर्रा की डिजिटल जिंदगी को सीधे तौर पर प्रभावित कर रहा। फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसी बड़ी सोशल मीडिया सेवाओं का संचालन करने वाली कंपनी मेटा के आंकड़ों के हवाले से जो जानकारी सामने आई है, उसने हर किसी को चौंका दिया है। साल 2026 की पहली छमाही के दौरान भारत में 54 लाख से अधिक पोस्ट और अकाउंट्स को प्रतिबंधित किया गया है। एक अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार पिछले वर्ष यानी 2025 में यह संख्या महज 70 हजार के आसपास थी। महज एक साल के भीतर प्रतिबंधित किए गए कंटेंट और खातों की इस भारी उछाल ने भारत को वैश्विक स्तर पर दूसरे स्थान पर ला खड़ा किया है, जहां इंडोनेशिया के बाद सबसे अधिक कार्रवाई देखने को मिली है। इस अचानक आए उछाल के पीछे की वजह और संशोधित आईटी नियमों को समझना बेहद जरूरी हो गया है।
इस साल अचानक क्यों बढ़ गई प्रतिबंध की रफ्तार?
मेटा द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के विश्लेषण से यह बात साफ होती है कि भारत में पोस्ट और खातों पर रोक लगने की घटनाओं में बढ़ोतरी का एक प्रमुख कारण आईटी नियमों में किया गया संशोधन है। ये बदले नियम 20 फरवरी 2026 से अमल में आए हैं। नए प्रावधानों के तहत सोशल मीडिया मंचों को किसी गैरकानूनी सामग्री की सूचना मिलने के बाद उस पर कार्रवाई करने और उसे हटाने के लिए पहले के मुकाबले बहुत कम समय दिया जा रहा है। समय की इस तंगी के चलते कंपनियों की ओर से कंटेंट को ब्लॉक करने के फैसलों में तेजी देखी जा रही है।
36 घंटे के बजाय अब केवल 3 घंटे में कंटेंट हटाने की बाध्यता
आईटी नियमों में हुए इस फेरबदल के बाद सोशल मीडिया कंपनियों के लिए किसी भी गैरकानूनी सामग्री को हटाने की समय सीमा में बड़ी कटौती की गई है। पहले कंपनियों को ऐसी सामग्री हटाने के लिए 36 घंटे की अवधि मिलती थी, लेकिन अब इसे घटाकर सिर्फ 3 घंटे कर दिया गया है। इसका सीधा मतलब है कि किसी आपत्तिजनक या कानून के विरुद्ध मानी जाने वाली पोस्ट की जानकारी मिलते कंपनियों को बेहद कम समय में कदम उठाना होता है।
पुलिस अधिकारियों को मिले सीधे नोटिस भेजने के अधिकार
एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक संशोधित आईटी नियमों ने पुलिस अधिकारियों को भी यह अधिकार दिया है कि वे सीधे सोशल मीडिया कंपनियों को आपत्तिजनक सामग्री हटाने का नोटिस भेज सकें। इसके लिए किसी औपचारिक शिकायत या लंबी कानूनी प्रक्रिया के पूरा होने का इंतजार करने की जरूरत नहीं रखी गई है। ऐसे हालात में सोशल मीडिया मंचों के पास किसी पोस्ट की गहराई से छानबीन करने एवं उसकी बारीक समीक्षा करने के लिए पर्याप्त वक्त नहीं बचता है। नतीजतन कई बार कंपनियां जोखिम से बचने के लिए पोस्ट या अकाउंट को ब्लॉक करने का रास्ता चुन लेती हैं।
सरकार की आलोचना करने वाले पोस्ट भी आए प्रतिबंध के दायरे में
रिपोर्टों के मुताबिक जिन पोस्ट और खातों पर रोक लगाई गई है, उनमें से एक बड़ा हिस्सा सरकार और उसकी नीतियों की आलोचना से जुड़ा है। इस दायरे में विपक्ष के नेताओं, पत्रकारों तथा कंटेंट क्रिएटरों के वे पोस्ट भी शामिल बताए जा रहे, जिनमें सरकारी फैसलों और नीतियों पर सवाल उठाए गए थे। इसके अलावा जुलाई और अक्टूबर में दिल्ली में हुए छात्र प्रदर्शनों और CJP के नेतृत्व में चले आंदोलनों के दौरान भी बड़ी संख्या में पोस्ट और अकाउंट्स पर प्रतिबंध लगाया गया था। रिपोर्टों के मुताबिक इस कार्रवाई की जद में CJP का अकाउंट भी आया था, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया ।
कंटेंट ब्लॉक करने की कार्रवाई पर सरकार का रुख क्या है?
सोशल मीडिया पर पोस्ट और अकाउंट ब्लॉक किए जाने के मामलों पर केंद्र सरकार का कहना है कि ऐसे निर्देश केवल उन्हीं परिस्थितियों में जारी किए जाते हैं, जब कोई सामग्री प्रचलित कानूनों का उल्लंघन करती हो या उससे सार्वजनिक सुरक्षा तथा राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पैदा होने की आशंका हो। सरकार के अनुसार गैरकानूनी सामग्री और ऐसी गतिविधियों को रोकना जरूरी है, जो सुरक्षा के लिए जोखिम पैदा कर सकती हैं।