SP Congress Seat Sharing News : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) से पहले समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस (Congress) के बीच सीटों के तालमेल को लेकर औपचारिक बातचीत शुरू हो गई है। आज यानी 23 नवंबर 2026 को दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी (MP Pramod Tiwari) के सरकारी आवास पर दोनों दलों के नेताओं की पहली बैठक हुई, जो महज कुछ मिनट तक चली। बैठक के बाद दोनों पार्टियों ने दो से तीन दिनों में सीट शेयरिंग की तस्वीर साफ होने की उम्मीद जताई है।
2-3 दिनों में समझौते का दावा, BJP पर तीखे हमले
बैठक बाद सपा महासचिव रामगोपाल यादव (Ram Gopal Yadav) ने कहा कि आज चर्चा की शुरुआत हो गई है। मंगलवार को फिर बैठक होगी और 2 से 3 दिनों में पूरी बातचीत समेट ली जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि समझौता सम्मानजनक तरीके से होगा। बैठक से पहले कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने बीजेपी (BJP) पर तंज कसते हुए कहा कि जब यह गठबंधन का मामला है तो बीजेपी क्यों परेशान हो रही। यह भी दावा किया कि गठबंधन उत्तर प्रदेश में दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगा। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद (Imran Masood) ने कहा कि बातचीत सुचारू रूप से चलेगी। उन्होंने बीजेपी (BJP) के नारे राधे-राधे कमल खिलाड़े पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले भगवान राम नाराज हुए और अब भगवान कृष्ण नाराज हो गए हैं। चुनाव आयोग को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि पहले आयोग कमल खिलाने का काम कर रहा था, लेकिन अब वह दबाव में है। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों में कोई मतभेद या टकराव नहीं है और बातचीत अच्छी तरह आगे बढ़ेगी।
हर विधानसभा सीट पर होगी अलग-अलग चर्चा
सपा सांसद राजीव राय (Rajeev Rai) ने बताया कि हर विधानसभा सीट पर अलग-अलग विचार-विमर्श होगा। शीर्ष नेतृत्व का लक्ष्य बीजेपी को हराना है और इसी आधार पर फैसले होंगे। राजीव राय के मुताबिक अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पहले ही साफ कर चुके हैं कि सीटों के बंटवारे का मुख्य आधार जीतने की क्षमता यानी विनेबिलिटी होगी। उन्होंने याद दिलाया कि 2024 के लोकसभा चुनाव (Loksabha Election) में भी सीटें केवल पुराने आंकड़ों के आधार पर नहीं बंटी थीं, बल्कि दोनों दलों की जीत की संभावना को देखा गया था। फिलहाल यह तय नहीं है कि बातचीत के कितने दौर होंगे। यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी कहा कि सीटों की संख्या तय करने के बजाय एक-एक सीट पर चर्चा होगी और जीत की संभावना के हिसाब से फैसला लिया जाएगा। इस बीच सपा ने नेताओं को सीट बंटवारे पर सार्वजनिक बयानबाजी न करने की हिदायत दी है।
50 से 60 सीटों पर अटक सकती है बात
बातचीत से पहले कांग्रेस (Congress) ने सपा (SP) को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी थी। उसमें 135 सामान्य (General), 45 अनुसूचित जाति (SC) और एक अनुसूचित जनजाति (ST) की आरक्षित सीट थी। पहले कांग्रेस ने 15 दिसंबर तक इस पर फैसला लेने की बात कही थी, लेकिन सूत्रों के अनुसार सपा पुरानी मांग से सहमत नहीं थी। अब दोनों पक्षों ने उस पुरानी सूची को खारिज कर दिया है। सूत्रों का कहना है कि सपा फिलहाल कांग्रेस को 50 से 60 सीटें देने के पक्ष में है। ज्यादा मांग होने पर 10-20 सीटें और बढ़ाने पर विचार हो सकता है। एक चर्चा 54 सीटों को लेकर भी है।
प्रियंका गांधी की मंजूरी से बना 60+50+70 का नया फॉर्मूला
पुरानी सूची बदलने के बाद कांग्रेस ने संख्या के बजाय चुनावी उपयोगिता को तरजीह देते हुए नया 60+50+70 फॉर्मूला तैयार किया है। इसे कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) की मंजूरी मिल गई है। नई सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड की सीटों पर ज्यादा जोर बताया जा रहा है। इस फॉर्मूले के तहत कांग्रेस तीन चरणों में दावा रखेगी। पहले चरण में 60 सीटों की मांग होगी, जिन्हें पार्टी हर हाल में अपने पास रखना चाहती है। इनमें पूर्वांचल से पश्चिमी यूपी तक वे सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस का संगठन मजबूत माना जाता है। दूसरे चरण में 50 सीटों पर दावा होगा, जहां पिछले चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन अच्छा रहा है। खासकर सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद क्षेत्र की सीटों पर। तीसरे चरण में 70 सीटों की मांग रखी जाएगी, जो संगठन की ताकत तथा जीत की संभावनाओं पर आधारित होंगी। इनमें रायबरेली, अमेठी व प्रयागराज समेत संसदीय क्षेत्रों से जुड़ी सीटें शामिल हैं।
सपा-कांग्रेस की बातचीत में कौन-कौन?
सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने चार सदस्यीय समिति बनाई है। इसकी अगुवाई प्रो. राम गोपाल यादव (Prof Ram Gopal Yadav) कर रहे हैं। इसमें प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, घोसी सांसद राजीव राय और कैराना सांसद इकरा हसन शामिल हैं। कांग्रेस की कमेटी में यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना', कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद, विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हैं। एक पैनल में अजय माकन का नाम भी सामने आया है। कांग्रेस की बातचीत में प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) और केसी वेणुगोपाल (KC Venugopal) की भूमिका भी अहम मानी जा रही है।
2022 के अलग-अलग मुकाबले से 2024 के साथ आने तक का सफर
2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस अलग-अलग उतरे थे। सपा ने 347 सीटों पर चुनाव लड़कर 111 सीटें जीती थीं। कांग्रेस ने 399 सीटों पर लड़कर महज 2 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दल INDIA गठबंधन के बैनर तले साथ आए। लोकसभा चुनाव में सपा ने 62 सीटों पर लड़कर 37 सीटें जीती थीं। कांग्रेस ने 17 सीटों पर चुनाव लड़कर 6 सीटों पर जीत हासिल की थी।