शाहरुख खान की फिल्म 'कभी अलविदा ना कहना' में 'मितवा' गाना गाकर बॉलीवुड के मशहूर हुए पाकिस्तानी सिंगर शफकत अमानत अली को लेकर चौंकाने वाली खबर आई है। अपनी सुरीली आवाज से करोड़ों लोगों का दिल जीतने वाले शफकत पिछले कुछ समय से एक गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। अब उन्होंने खुद अपनी बीमारी को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। सिंगर शफकत अमानत अली ने बताया कि उन्हें ब्लड कैंसर हुआ था और इलाज के दौरान उन्हें करीब एक साल तक बिस्तर पर रहना पड़ा। इस बीमारी से लड़ने के लिए शफकत अमानत अली ने कीमोथेरेपी भी करवाई।

सिंगर को हुआ था मल्टीपल मायलोमा

आपको बता दें, शफकत अमानत अली ने कराची में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी बीमारी पर खुलकर बात की। सिंगर ने बताया कि उन्हें मल्टीपल मायलोमा नाम का ब्लड कैंसर हुआ था। ये बीमारी शरीर में प्लाज्मा सेल्स पर असर डालती है। सिंगर का कहना है कि इस खबर ने न सिर्फ उन्हें बल्कि उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों को भी अंदर तक हिला दिया था। परिवार ने उस समय उनकी बीमारी की खबर कुछ करीबी लोगों से भी छिपाकर रखी थी क्योंकि वो पूरी कोशिश कर रहे थे कि उनका पूरा ध्यान इलाज पर रहे। शफकत ने बताया कि शुरुआती चरण में ही बीमारी का पता चल गया था, जो उनके लिए राहत की बात थी। इसके बाद उन्होंने कई डॉक्टरों से सलाह ली और कराची में इलाज शुरू करवाया।

1 साल बिस्तर पर रहने को मजबूर हुए सिंगर

किसी आर्टिस्ट खासकर सिंगर के लिए स्टेज से दूर रहना कितना मुश्किल होता है, इसका अंदाजा शफकत की बातों से लगाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि बीमारी और इलाज के चलते उन्हें पूरे एक साल तक बेड रेस्ट करना पड़ा था। ऐसे वो चाहकर भी अपने म्यूजिक और लाइव परफॉर्मेंस से जुड़े काम नहीं कर पा रहे थे। ये समय उनके लिए मानसिक और शारीरिक दोनों तरह से काफी मुश्किल था। शफकत ने बताया कि कीमोथेरेपी पूरी होने के बाद उन्होंने लाहौर में एक लाइव शो किया था। उस समय उनकी सेहत पूरी तरह ठीक नहीं हुई थी और उनके लिए स्टेज पर गाना आसान नहीं था। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और दोबारा फैंस के सामने परफॉर्म किया।

अभी भी जारी है इलाज

हालांकि, अब शफकत अमानत अली ने अपनी सेहत को लेकर राहत की बात बताई है। उन्होंने कहा कि अब वो ठीक महसूस कर रहे हैं और बीमारी से उबर चुके हैं। हालांकि, उनका मेडिकल ट्रीटमेंट अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। वो हर हफ्ते मेंटेनेंस थेरेपी ले रहे हैं। इसके बाद उन्हें स्टेम सेल थेरेपी की करवानी है। यानी कई मुश्किलों और लंबे इलाज के बाद अब उनकी जिंदगी धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही है और वो फिर से संगीत की दुनिया में वापसी की तैयारी में हैं। अब वो 28 नवंबर को कराची में एक खास प्रोग्राम में गाना गाएंगे। इसके बाद इस्लामाबाद और लाहौर में भी उनके इवेंट्स होने वाले हैं। बता दें, शफकत अमानत अली ने 'डोर' फिल्म का 'ये हौसला', 'माय नेम इज खान' का 'तेरे नैना', 'रा.वन' का 'दिलदारा' और 'आई हेट लव स्टोरीज' का 'बिन तेरे' जैसे कई गानों को अपनी आवाज दी है।