मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में एक मेले में चाऊमीन और मंचूरियन खाना बच्चों के लिए मुसीबत बन गया। हिर्री गांव में हुए मड़ई मेले में फास्ट फूड खाने के बाद 118 बच्चे बीमार पड़ गए और 12 वयस्कों की भी तबीयत बिगड़ गई। सभी को पहले किरनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। लेकिन इन हालत को देखते हुए 45 बच्चों और 12 वयस्कों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात ये है कि सभी मरीजों की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है। ये घटना शनिवार, 21 नवंबर की रात की है। मेले में चाऊमीन और मंचूरियन खाने के कुछ समय बाद बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताया है।
अस्पताल में मची अफरा-तफरी
एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सभी बीमार बच्चों को किरनापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद 45 बच्चों को बालाघाट जिला अस्पताल रेफर किया गया। 12 वयस्कों को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। जिला अस्पताल के बाल रोग वार्ड में 45 बच्चों और मेडिकल वार्ड में 12 वयस्कों का इलाज चल रहा है। बाकी प्रभावित बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दहिया के मुताबिक, सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।
कलेक्टर और एसपी ने पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन एक्टिव हो गया। रविवार सुबह कलेक्टर आदित्य सिंह और पुलिस अधीक्षक मलय जैन जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने भर्ती बच्चों और उनके परिवार वालों से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया। कलेक्टर ने डॉक्टरों को सभी मरीजों का सही इलाज करने और उनकी लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मेले में खाने की चीजें बेचने वाले ठेले की जांच और कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
बिना लाइसेंस बेच रहा था खाना
खाद्य सुरक्षा विभाग की शुरुआती जांच में सामने आया कि जिस ठेले से बच्चों ने चाऊमीन और मंचूरियन खाया था, वो 'हर्षित फास्ट फूड' के नाम से चलाया जा रहा था। ठेला लगाने वाले की पहचान कांद्रीकलां निवासी चंद्रकुमार भोंगाडे के रूप में हुई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश डोंगरे के मुताबिक, दुकानदार करीब 12 सालों से मेले, मड़ई और बाजारों में फास्ट फूड बेच रहा था, लेकिन उसके पास खाद्य कारोबार का लाइसेंस नहीं था। किरनापुर पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग ने ठेले से इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री के सैंपल एकत्र किए हैं। इन सभी सैंपलों को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि खाने में किस तरह की गड़बड़ी थी और बच्चों की तबीयत बिगड़ने की असली वजह क्या रही। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।