दिल्ली के करोल बाग स्थित मशहूर गफ्फार मार्केट में शुक्रवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग मार्केट के चेन वाली गली स्थित पुरी प्लाजा की एक दुकान में लगी। लपटें तेजी से फैलने के बाद दमकल विभाग ने बड़े स्तर पर राहत अभियान शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 22 गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया। इसके अलावा पानी के अतिरिक्त टैंकर और रोशनी के लिए विशेष उपकरण भी भेजे गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक, आग लगने की सूचना शुक्रवार सुबह करीब 1:30 बजे मिली थी। घटना गफ्फार मार्केट के ब्लॉक-13 में चेन वाली गली की है। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया गया।
संकरी गलियों के कारण राहत अभियान में चुनौती
गफ्फार मार्केट दिल्ली के व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में शामिल है। यहां इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल से जुड़ी कई दुकानें हैं। बाजार की गलियां काफी संकरी हैं और दुकानों के आसपास बड़ी संख्या में सामान मौजूद रहता है। ऐसे में दमकलकर्मियों को आग बुझाने और दूसरी दुकानों तक लपटें फैलने से रोकने में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने अतिरिक्त संसाधन भी मौके पर भेजे। पानी के टैंकरों के साथ पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई, ताकि अंधेरे में भी बचाव और अग्निशमन अभियान जारी रखा जा सके।
आग लगने के कारणों का पता नहीं
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग एक दुकान से शुरू हुई थी। इसके बाद लपटें आसपास के हिस्सों तक फैलने की खबर सामने आई। आग से कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन अभियान पूरा होने के बाद ही हो सकेगा। घटना के समय बाजार बंद था। शुरुआती रिपोर्टों में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं दी गई है। हालांकि, दमकल विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी और आग लगने के कारणों की पुष्टि का इंतजार है।