कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और विभिन्न छात्र संगठनों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर एक बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है। दिल्ली पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया है, लेकिन इसके बावजूद प्रदर्शन में शामिल होने के लिए लोग जंतर-मंतर पहुंचने लगे हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और राजधानी के कई हिस्सों में आवाजाही प्रभावित हुई है।
प्रदर्शनकारियों की क्या हैं मांगें?
प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रोकने, जनवरी 2025 की मतदाता सूची बहाल करने और पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग भी उठाई जा रही है। आयोजकों ने 2023 में लागू चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े कानून को रद्द करने की मांग भी रखी है। उनका आरोप है कि मतदाता सूची में बदलाव की प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल हैं। वहीं, चुनाव आयोग और सरकार ने मतदाता सूची में जानबूझकर गड़बड़ी किए जाने के आरोपों को खारिज किया है।
जंतर-मंतर पर पुलिस की कड़ी निगरानी
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू किए गए हैं। जंतर-मंतर और उसके आसपास के क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर पुरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है, पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन की सूचना कम समय पहले दिए जाने और पिछले प्रदर्शन के दौरान निर्धारित शर्तों के उल्लंघन के कारण अनुमति नहीं दी गई। अधिकारियों ने कहा है कि प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
मेट्रो और रेल सेवाओं पर असर
प्रदर्शन से पहले दिल्ली में परिवहन व्यवस्था पर भी असर पड़ा है। दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन शुक्रवार रात से बंद किए गए हैं। वहीं, नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशनों से जुड़ी कई ट्रेन सेवाएं भी रद्द की गई हैं। इन पाबंदियों से यात्रियों को परेशानी होने की आशंका है। लोगों को सलाह दी गई है कि घर से निकलने से पहले मेट्रो, रेलवे और यातायात से जुड़ी आधिकारिक सूचनाएं देख लें।
इंटरनेट प्रतिबंध और सुरक्षा इंतजाम
प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी के कुछ इलाकों में इंटरनेट सेवाओं पर भी प्रतिबंध लगाए जाने की खबर है। पुलिस का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचना है। जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती और बैरिकेडिंग के बीच प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रदर्शन को लेकर आयोजकों और पुलिस के बीच अनुमति का विवाद भी बना हुआ है।