Anti Defection Law Reform News : सांसदों और विधायकों द्वारा अयोग्यता की कार्रवाई से बचने तथा चुनी हुई सरकारों के भविष्य को प्रभावित करने के लिए दिए जाने वाले कथित रणनीतिक इस्तीफों पर रोक लगाने की मांग वाली जनहित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा कदम उठाया है। सोमवार यानी 23 नवंबर 2025 को शीर्ष अदालत ने दल-बदल विरोधी व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग से जुड़ी इस याचिका पर केंद्र सरकार, निर्वाचन आयोग और विधि आयोग से जवाब मांगा है।

याचिका में क्या कहा गया है?

प्रधान न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने याचिकाकर्ता ए. सेतु की अर्जी पर सुनवाई करते हुए विधि एवं न्याय मंत्रालय तथा संसदीय कार्य मंत्रालय को भी नोटिस जारी किया है। अधिवक्ता आर. सतीश कुमार और अधिवक्ता जतिन के जरिए दायर इस जनहित याचिका में कहा गया है कि अयोग्यता की कार्यवाही का सामना कर रहे या इसकी आशंका से घिरे जनप्रतिनिधि अक्सर स्पीकर या सभापति के गुण-दोष के आधार पर फैसला सुनाने से पहले ही इस्तीफा दे देते हैं।

याचिका में क्या-क्या बड़ी मांगें की गई हैं?

याचिका में यह चिंता जताई गई है कि ऐसे इस्तीफों से विधानसभाओं का अंकगणित बदल सकता है, राजनीतिक जोड़-तोड़ को बढ़ावा मिल सकता है और संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत दल-बदल कानून के नतीजों से आसानी से बचा जा सकता है। याचिकाकर्ता ने अदालत से निम्नलिखित निर्देश जारी करने की गुहार लगाई है:-

अयोग्यता कार्यवाही का जारी रहना: 10वीं अनुसूची अंतर्गत किसी सदस्य के खिलाफ अयोग्यता की प्रक्रिया पहले से चल रही है या संभावित है तो उसका इस्तीफा अपने आप इस कार्यवाही को खत्म न करे।

स्वैच्छिकता और वास्तविकता की जांच: स्पीकर या सभापति ठोस तथ्यों के आधार पर इस्तीफे के स्वैच्छिक और वास्तविक होने की जांच करें, तर्कसंगत आदेश दें तथा अयोग्यता याचिका पर स्वतंत्र रूप से निर्णय लें।

समयबद्ध और पारदर्शी निपटारा: इस्तीफों से जुड़े मामलों और अयोग्यता याचिकाओं का समयसीमा के भीतर तर्कसंगत व पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित हो। याचिका में अयोग्यता याचिकाओं के निपटारे के लिए आमतौर पर तीन महीने की समय-सीमा तय करने और इस्तीफा पत्रों, नोटिसों, जवाबों, सुनवाई तिथियों व आदेशों के सार्वजनिक खुलासे की मांग भी शामिल है।

संस्थागत समीक्षा: स्पीकर-केंद्रित मौजूदा व्यवस्था की संस्थागत समीक्षा की जाए, जिसमें एक स्वतंत्र स्थायी ट्रिब्यूनल के विकल्प पर विचार करना भी शामिल है।

सदन के भीतर बहुमत परीक्षण: त्रिशंकु विधानसभा बनने की स्थिति में सरकार गठन के दावेदारों का बहुमत परीक्षण अनुच्छेद 188 के तहत शपथ ग्रहण के बाद केवल सदन के पटल पर ही कराया जाए।

संबंधित पक्ष रखेंगे अब अपनी बात

सुप्रीम कोर्ट के नोटिस जारी करने के बाद अब केंद्र सरकार, निर्वाचन आयोग, विधि आयोग और संबंधित मंत्रालयों को अपना पक्ष रखना होगा। भारतीय संविधान में 52वें संशोधन (1985) के जरिए जोड़ी गई दसवीं अनुसूची का उद्देश्य राजनीतिक दल-बदल पर रोक लगाकर लोकतांत्रिक स्थिरता बनाए रखना है। वैसे, समय-समय पर अयोग्यता याचिकाओं पर फैसले में देरी और इस्तीफे के जरिए कार्रवाई से बचने की प्रवृत्तियों को लेकर न्यायिक व संवैधानिक बहसें होती रही हैं। याचिका में उठाए गए बिंदुओं पर ठोस दिशा-निर्देश या कानूनी सुधार आते हैं तो इससे राज्यों की सत्ता समीकरणों और विधानसभाओं की कार्यप्रणाली पर दूरगामी असर पड़ सकता है।