WhatsApp Web Security Warning News : गृह मंत्रालय की साइबर क्राइम यूनिट यानी इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाने वालों के लिए गंभीर एडवाइजरी जारी की है। इस चेतावनी में बताया गया है कि कोई यूजर कंप्यूटर या लैपटॉप पर WhatsApp Web खुला छोड़ देता है तो डेटा लीक होने का बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। साइबर ठग इस लापरवाही का फायदा उठाकर वेब पर चल रहे WhatsApp को हैक कर सकते हैं और पूरे अकाउंट पर कब्जा जमा सकते हैं।
इन कामों के लिए नहीं करें WhatsApp के वेब वर्जन का इस्तेमाल
सरकार ने आम लोगों और दफ्तरों में काम करने वालों को सलाह दी है कि वे WhatsApp के वेब वर्जन का इस्तेमाल ऑफिस से जुड़े कामों, सरकारी मामलों, संवेदनशील सूचनाओं और पैसों के लेन-देन जैसी जरूरी चीजों के लिए न करें। हर बार काम पूरा होने के बाद अकाउंट को लॉग-आउट करना बेहद जरूरी है और साइबर कैफे जैसी सार्वजनिक जगहों पर इसके इस्तेमाल से पूरी तरह बचना चाहिए।
WhatsApp Web के गलत इस्तेमाल से क्या-क्या खतरे हो सकते हैं?
इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर की एडवाइजरी के मुताबिक WhatsApp Web के लॉगिन सेशन का गलत इस्तेमाल होता है तो यूजर को कई तरह के नुकसान उठाने पड़ सकते हैं। साइबर अपराधी आपकी निजी बातचीत के साथ ऑफिस की गोपनीय जानकारी भी आसानी से देख और पढ़ सकते हैं। हमलावर आपके अकाउंट का इस्तेमाल करके आपके अधिकारियों या साथ काम करने वाले सहकर्मियों को खुद मैसेज भेज सकते हैं। ठग किसी वरिष्ठ अधिकारी के नाम पर पैसे मांगने या गलत निर्देश देने जैसे फ्रॉड को अंजाम दे सकते हैं। आपके ग्रुप्स की बातचीत और सेव किए गए संपर्कों की जानकारी का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। आपके भरोसेमंद अकाउंट के जरिए दूसरों को फर्जी लिंक या संदिग्ध मैसेज भेजकर फिशिंग का शिकार बनाया जा सकता है।
आखिर यह खतरा कैसे खड़ा होता है?
इसे एक आसान उदाहरण से समझा जा सकता है। मान लीजिए कि आपने अपने ऑफिस के कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन किया और काम खत्म होने के बाद सिर्फ ब्राउजर बंद कर दिया, लेकिन अकाउंट से लॉगआउट नहीं किया। ऐसी स्थिति में उस कंप्यूटर का इस्तेमाल करने वाला कोई दूसरा व्यक्ति आपके एक्टिव लॉगिन सेशन का गलत फायदा उठा सकता है। इसके अलावा उस कंप्यूटर में पहले से कोई मालवेयर मौजूद है या कोई दूसरा व्यक्ति सिस्टम पर नियंत्रण हासिल कर लेता है तो भी आपका WhatsApp अकाउंट सीधे खतरे में आ सकता है।
गृह मंत्रालय ने कौन-कौन सी सावधानियां बताई हैं?
- सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गृह मंत्रालय ने लोगों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
- संवेदनशील सरकारी या वित्तीय जानकारी WhatsApp Web पर साझा न करें।
- हर बार इस्तेमाल करने के बाद अकाउंट से मैन्युअल रूप से लॉगआउट करें।
- जरूरत पड़ने पर ब्राउजर की Incognito या Private विंडो का उपयोग करें।
- साइबर कैफे, होटल या किसी भी सार्वजनिक कंप्यूटर पर लॉगिन न करें।
- अपने ब्राउजर और कंप्यूटर का सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर हमेशा अपडेट रखें।
सिर्फ ब्राउजर या टैब बंद करना काफी क्यों नहीं है?
I4C ने अपने अलर्ट में इस अहम पहलू पर भी ध्यान दिलाया है कि ज्यादातर लोग WhatsApp Web का काम पूरा होने के बाद सिर्फ ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देते हैं। मगर, सिर्फ टैब या विंडो बंद करने से अकाउंट लॉगआउट नहीं होता है, इसलिए हर बार काम खत्म होने के बाद WhatsApp Web से मैन्युअली लॉगआउट करना अनिवार्य है। इसके साथ ही अपने कंप्यूटर का ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर समय-समय पर अपडेट रखना चाहिए। अनजान फाइलों, संदिग्ध डाउनलोड और क्रैक सॉफ्टवेयर से भी पूरी तरह दूरी बनाए रखना जरूरी है।
अकाउंट में ये संकेत दिखें तो तुरंत हो जाएं सावधान
आपको ऐसा लगे कि आपके WhatsApp अकाउंट से ऐसे मैसेज भेजे जा रहे, जिन्हें आपने खुद नहीं भेजा है या फिर आपके संपर्कों को आपकी ओर से अजीब और अनपेक्षित जवाब मिल रहे हैं तो इस स्थिति को बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें। यह आपके अकाउंट के गलत इस्तेमाल होने का साफ संकेत हो सकता है। I4C ने विभिन्न संगठनों और WhatsApp Web यूजरों को यह भी सलाह दी है कि वे ऑफिस के कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाने से बचें। खासकर उन जगहों पर जहां संवेदनशील जानकारियां मौजूद रहती हैं। गौरतलब है कि इससे पहले अगस्त में भी I4C की ओर से WhatsApp के जरिए भेजी जा रही संदिग्ध फाइलों को लेकर अलर्ट जारी किया गया था।