Meta AI Chief Warning : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब केवल ईमेल लिखने या फोटो बनाने तक सीमित नहीं रही है। मेटा के चीफ एआई ऑफिसर अलेक्जेंडर वांग के मुताबिक मशीनें अब सुपरइंटेलिजेंस के दरवाजे पर खड़ी हैं। यह ऐसी एआई होगी, जो सबसे तेज इंसानों से भी कहीं ज्यादा बुद्धिमान होगी और पूरी दुनिया के पास इसके लिए तैयार होने में महज एक साल का समय बचा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सुपरइंटेलिजेंस इज अराइविंग नाम से पोस्ट लिखकर वांग ने टेक जगत और आम लोगों को आगाह किया है। इस पोस्ट को 20 लाख से ज्यादा व्यूज मिले हैं। वांग ने लिखा है कि सुपरइंटेलिजेंस आ रही और अगले एक साल में इंसान जो भी कदम उठाएगा, उसका हमारे आने वाले कल और दुनिया के स्वरूप पर गहरा असर पड़ेगा।

167 साल पुरानी पहेली को AI ने किया हल

वांग की यह चेतावनी 20 नवंबर को सामने आए एक बड़े गणितीय दावे के बाद आई है। उस दिन एंथ्रोपिक के गणितज्ञ लेवेंट अल्पगे ने बताया कि उन्होंने कई हफ्तों तक क्लॉड का इस्तेमाल करके रीमैन हाइपोथीसिस को हल कर लिया है। अभाज्य संख्याओं से जुड़ी यह 167 साल पुरानी पहेली बेहद मशहूर है और इस पर 10 लाख डॉलर का मिलेनियम प्राइज भी रखा गया है। हालांकि, पारंपरिक मानवीय पीयर रिव्यू अभी होना बाकी है और क्ले मैथमेटिक्स इंस्टीट्यूट ने आधिकारिक तौर पर इसे अनसुलझा ही बताया है। मगर, एमआईटी और यूनिवर्सिटी ऑफ वाटरलू के स्वतंत्र गणितज्ञों ने कंप्यूटर जांच की है। उनकी जांच में 1 करोड़ 70 लाख लाइन का गणितीय कोड बिना गड़बड़ी के कंपाइल हो गया। वांग ने अपना ज्यादातर वक्त गणित और विज्ञान में बिताया है। उन्होंने इस कामयाबी को एक ऐसे एलियन दिमाग की मदद से पूरा हुआ काम बताया जिसे हम समझ नहीं पाते। न्यू मैक्सिको के लॉस एलामॉस में पले-बढ़े वांग ने कहा कि कई भौतिकविज्ञानी इस बात से सहमत होंगे कि रीमैन हाइपोथीसिस के मुकाबले परमाणु बम की खोज सामान्य होमवर्क जैसी है।

'AI असली तर्कशक्ति नहीं की दीवार टूटी'

लंबे समय तक आलोचकों का मानना था कि एआई में असली तर्कशक्ति नहीं है। वांग का कहना है कि यह दीवार अब टूट चुकी है। उन्होंने मौजूदा हालात की तुलना दिसंबर 2024 से की, जब ओपनएआई के o3 मॉडल ने अमेरिकन इनविटेशनल मैथमेटिक्स एग्जामिनेशन (AIME) में शानदार प्रदर्शन किया था। किशोरों की यह कठिन गणित प्रतियोगिता कोडिंग या बिजनेस के ज्यादातर कामों से कहीं ज्यादा मुश्किल होती है। वांग ने इसे ऐसा पल बताया जब मन में यह विचार आया कि अब सब कुछ बदलने वाला है। उनके अनुसार पिछले दो साल में तकनीकी कमियों को दूर करने से कोडिंग लगभग हल हो गई और मजबूत साइबर व एजेंटिक क्षमताएं सामने आईं। अब एआई ने उस समस्या पर हाथ डाला है, जिससे इंसान 150 साल से ज्यादा समय से जूझ रहे थे। वांग के एमआईटी के प्रोफेसर भी मानेंगे कि लगभग हर दूसरे क्षेत्र की सबसे कठिन समस्याएं इसके मुकाबले आसान हैं। शीर्ष विशेषज्ञों को हर जगह मात देने से एआई को रोकने वाली जो कमियां बची हैं, वे अब बुद्धिमत्ता की नहीं हैं, बल्कि खास क्षेत्र की जानकारी, सिस्टम की बारीकियों और प्रयोगों से जुड़ी हैं।

वांग ने क्या कहा?

चूंकि एआई रिसर्च का काम रीमैन हाइपोथीसिस जितना कठिन नहीं है, इसलिए वांग ने चेताया कि आने वाले समय में मॉडल इतने समझदार हो जाएंगे कि पूरी एआई रिसर्च को खुद ही ऑटोमेट कर सकें और खुद को बेहतर बनाने में इंसानों से कहीं आगे निकल जाएं। बायोलॉजी, साइबर सुरक्षा, अर्थशास्त्र और हथियारों से जुड़े शोध को तेज करने के साथ-साथ यह तरक्की इंसानी निगरानी से आगे निकल सकती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इंसान पूरी तरह से अनियंत्रित रिकर्सिव सेल्फ-इम्प्रूवमेंट या हर क्षेत्र में इंसानों से 1000 गुना ज्यादा स्मार्ट और सक्षम मशीनों को काबू में रख पाएगा।

AI लैब से क्या अपील?

वांग एआई को पूरी तरह बंद करने की मांग नहीं कर रहे, लेकिन उन्होंने उस आलसी सोच की कड़ी आलोचना की है, जो आर्टिफिशियल सुपरइंटेलिजेंस (ASI) को तय मानकर चलती है। उन्होंने लिखा कि हमें समाज को एआई के हवाले कर देने की सोच को सहज नहीं मानना चाहिए। उन्होंने एआई लैब्स से अपील की कि वे तयशुदा ढर्रे से हटें और सुरक्षा, अलाइनमेंट, सिक्योरिटी तथा इंसानी सशक्तिकरण को प्राथमिकता दें। यह पोस्ट सिलिकॉन वैली में तनावपूर्ण माहौल के बीच आई है। 19 नवंबर को एंथ्रोपिक के शानदार नैस्डैक आईपीओ के कुछ ही दिनों बाद, रविवार को ओपनएआई ने भी प्रतिद्वंद्वी लैब्स से सार्वजनिक रूप से कहा कि बेहतर निगरानी उपकरण आने तक साझा सुरक्षा सीमाओं पर सहमति बनाई जाए। इससे एआई की दौड़ अब इस बात की होड़ में बदल गई है कि नियंत्रण इंसानों के हाथ में कैसे रखा जाए।