बिहार के लखीसराय जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुणसागर गांव के पास स्कॉर्पियो और सामने से आ रहे मालवाहक ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों में तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। घायलों में एक मासूम बच्चा और एक महिला भी हैं।

मोतिहारी से देवघर जा रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी से झारखंड के देवघर जा रहे थे। इसी दौरान गुणसागर के पास उनकी गाड़ी की सामने से आ रहे एक मालवाहक ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में मदद की। घायलों और मृतकों को लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो की तलाशी के दौरान उसमें मुंडन संस्कार से जुड़ी सामग्री भी मिली है। पुलिस को आशंका है कि परिवार कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बच्चे का मुंडन कराने के लिए देवघर जा रहा था। हालांकि, यात्रा का यह उद्देश्य अभी आधिकारिक तौर पर पुष्ट नहीं हुआ है।

स्कॉर्पियो में फंसा रह गया चालक का शव

हादसे में स्कॉर्पियो बुरी तरह पिचक गई थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चार मृतकों के शव अस्पताल पहुंचाए गए, जबकि चालक का शव दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी में फंसा हुआ था। उसे बाहर निकालने के लिए बचाव दल को मशक्कत करनी पड़ी। घायलों में एक बच्चा और एक महिला भी शामिल हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर करने की तैयारी की जा रही थी।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही तेतरहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय के मुताबिक, स्कॉर्पियो सवार लोग मोतिहारी से देवघर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी सामने से आ रहे मालवाहक ट्रक से टकरा गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है और चार लोग घायल हुए हैं। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान तथा पते से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।