बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम आज अपना 38वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं। इस खास मौके पर उन्हें फैंस और सेलेब्स का ढेर सारा प्यार और  बधाइयां मिल रही हैं। लेकिन यामी गौतम के इस स्पेशल डे को और भी खास बनाने के लिए उनके पति और मशहूर फिल्ममेकर आदित्य धर ने कोई कसर नहीं छोड़ी। आदित्य ने सोशल मीडिया पर यामी के साथ कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर करते हुए उनके लिए एक बेहद प्यारा और इमोशनल नोट लिखा है। उनके इस पोस्ट पर फैंस भी खूब प्यार बरसा रहे हैं। आदित्य धर ने अपने इस पोस्ट से फैंस को कपल गोल्स दे दिए हैं। 

आदित्य धर ने पत्नी पर लुटाया प्यार 

आदित्य धर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यामी गौतम के साथ कई तस्वीरें पोस्ट की हैं। इन तस्वीरों में दोनों साथ में खुशनुमा पल बिताते नजर आ रहे हैं। कहीं दोनों के साथ में सुकून भरे पल, तो कहीं उनकी शानदार बॉन्डिंग देखने को मिल रही है। इन तस्वीरों के साथ आदित्य ने यामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि वो उनकी जिंदगी की सबसे खूबसूरत महिला हैं। उनकी मुस्कान सिर्फ किसी कमरे को ही नहीं, बल्कि उनकी पूरी दुनिया को रोशन कर देती है। आदित्य ने यामी को अपना घर, अपनी ताकत और सबसे मजबूत सहारा बताया। उन्होंने ये भी कहा कि यामी ने उन्हें बेहतर इंसान बनने के लिए हमेशा प्रेरित किया है।

यामी के लिए लिखा खास नोट 

आदित्य का पोस्ट सिर्फ जन्मदिन की बधाई तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने अपनी पत्नी की खूबियों का जिक्र करते हुए लिखा कि यामी जिस तरह अपने परिवार को प्यार देती हैं और अपने हर काम को पूरी लगन से करती हैं, वो काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में ये भी कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि यामी इतनी सारी जिम्मेदारियां कैसे संभाल लेती हैं और फिर भी उन्हें झेल लेती हैं। फिल्ममेकर ने आगे अपनी पत्नी के लिए दुआ करते हुए कहा कि जिंदगी उन्हें उतनी खुशियां, प्यार और आशीर्वाद दे, जितना वो अपने आसपास के लोगों की जिंदगी में लेकर आती हैं।

वायरल हुआ आदित्य धर का रोमांटिक पोस्ट 

आदित्य ने अपने पोस्ट में यामी को कभी सपने देखना बंद न करने की सलाह दी। उन्होंने लिखा कि यामी हमेशा इसी तरह चमकती रहें और उन्हें कभी अपनी अहमियत भूलनी नहीं चाहिए। आखिर में उन्होंने अपनी पत्नी को भरोसा दिलाया कि वो हमेशा उनका हाथ थामने, उनका हौसला बढ़ाने और बार-बार उनसे प्यार करने के लिए मौजूद रहेंगे। आदित्य के इस इमोशनल और रोमांटिक अंदाज ने एक बार फिर साबित कर दिया कि दोनों के बीच कितना खूबसूरत रिश्ता है।