वाराणसी में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार, 24 नवंबर को गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह की पहली किरण के साथ ही काशी की गलियों से लेकर गंगा तट तक भक्तों की आवाजाही तेज हो गई। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर पूजा-अर्चना की और भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर सुख-समृद्धि की कामना की।

काशी की गलियों से घाटों तक भक्तों की भीड़

कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं का उत्साह साफ दिखाई दिया। एक दिन पहले से ही पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों के अलावा देश के कई राज्यों से लोग काशी पहुंचने लगे थे। दक्षिण भारत से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु वाराणसी आए। मंगलवार की सुबह होते ही घाटों पर स्नान और पूजन का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई होटल और धर्मशालाएं पहले ही भर गई थीं। ठहरने की जगह न मिलने पर कुछ लोगों को घाटों और सड़कों के किनारे ही रात बितानी पड़ी। कई श्रद्धालु अपने साथ लाई चादरों को बिछाकर खुले आसमान के नीचे ठहरे और सुबह गंगा स्नान के लिए घाटों पर पहुंच गए। 

श्रद्धालुओं की लगी कतारें

गंगा के प्रमुख घाटों पर सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सामने घाट से अस्सी घाट, तुलसी घाट, रीवा घाट और चेतसिंह घाट होते हुए दशाश्वमेध, राजेंद्र प्रसाद और रविदास घाट तक श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचते रहे। स्नान के बाद लोगों ने सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और मां गंगा की पूजा-अर्चना की। कई श्रद्धालुओं ने अपनी मन्नतों के अनुसार गंगा तट पर विशेष पूजा कराई। भक्तों ने मां गंगा को चुनरी और नैवेद्य अर्पित किया। घाटों पर मंगल गीतों और धार्मिक मंत्रों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस दौरान लोगों ने सत्यनारायण भगवान की कथा सुनी और जरूरतमंदों को दान-पुण्य भी किया। 

पुलिस बल रहा मुस्तैद

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए घाटों और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे। प्रशासन ने कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के आयोजनों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। कार्तिक पूर्णिमा की शाम काशी में देव दीपावली का भव्य आयोजन भी होना है। इस मौके पर गंगा के 84 घाटों पर करीब 11 लाख दीप जलाने की तैयारी की गई है। प्रशासन को इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। 

कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान का धार्मिक महत्व

हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा को बेहद पवित्र तिथि माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन पवित्र नदी में स्नान, पूजा-पाठ और दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। कार्तिक महीने में नियमित स्नान और संयम का पालन करने वाले श्रद्धालु पूर्णिमा के दिन अंतिम स्नान के साथ अपने धार्मिक अनुष्ठानों का समापन करते हैं। काशी में इस पर्व का विशेष महत्व है। यहां गंगा स्नान के साथ मंदिरों में दर्शन, पूजा और दीपदान की परंपरा भी निभाई जाती है। इसी आस्था के चलते हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु वाराणसी पहुंचते हैं।