S-400 Air Defense System : जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान से लगती 740 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा (LoC) की हिफाजत को और पुख्ता करने के लिए भारत ने बड़ा कदम उठाया है। सीमा पर किसी भी हवाई खतरे को नाकाम करने के लिए भारतीय सेना जल्द ही पांचवां S-400 एयर डिफेंस सिस्टम तैनात करने जा रही। इससे पहले चार सिस्टम देश की अलग-अलग संवेदनशील सीमाओं पर लगाए जा चुके हैं। हालांकि, सुरक्षा कारणों से इनकी सटीक जगह को गुप्त रखा गया है।
फरवरी 2027 तक तैनात हो जाएगा नया सिस्टम
जानकारी के मुताबिक वायु सेना की एक विशेष टीम अगले महीने रूस रवाना होगी, जहां इस नए सिस्टम की डिलीवरी से पहले आखिरी जांच (प्री-डिस्पैच इंस्पेक्शन) की जाएगी। दो वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि फरवरी 2027 तक यह पांचवां सिस्टम सीमा पर तैनाती के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगा। साल 2007 में रूस द्वारा तैयार किया गया S-400 ट्रायम्फ दुनिया के सबसे घातक और आधुनिक रक्षा कवच में गिना जाता है। यह एक साथ कई खतरों से निपटने में माहिर है और दुश्मन के लड़ाकू विमानों, बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों, ड्रोन और रडार से बच निकलने वाले स्टेल्थ विमानों को भी हवा में ही तबाह कर सकता है।
कहां-कहां तैनात हैं मौजूदा S-400 स्क्वाड्रन?
S-400 की एक यूनिट यानी स्क्वाड्रन में कुल 256 मिसाइलें शामिल होती हैं। भारत के पास फिलहाल तीन पूरी तरह से सक्रिय स्क्वाड्रन हैं। चौथे की खेप आ चुकी है। साल 2021 में रूस से मिली इस पहली यूनिट को पंजाब सेक्टर में लगाया गया है, जो पाकिस्तान और चीन दोनों तरफ से होने वाली हरकत पर नजर रखती है। दूसरा जुलाई 2022 में प्राप्त हुई इस यूनिट को सिक्किम में चीन सीमा के पास तैनात किया गया है, जहां से रणनीतिक रूप से बेहद अहम चिकन नेक इलाके की भी निगरानी होती है। तीसरा स्क्वाड्रन फरवरी 2023 में मिली इस यूनिट को देश की पश्चिमी सीमा यानी राजस्थान और गुजरात से लगे बॉर्डर की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है। चौथा स्क्वाड्रन जून 2026 में इसकी पहली खेप भारत पहुंची थी और इसे असम में तैनात किया गया है। यह यूनिट अरुणाचल प्रदेश से लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर चीन की गतिविधियों पर लगाम लगाती है।
चीन और पाकिस्तान की जुगलबंदी का जवाब तैयार
एक रिपोर्ट के अनुसार चीन साल 2027 में पाकिस्तान को पांचवीं पीढ़ी के आधुनिक J-35 स्टेल्थ फाइटर जेट सौंप सकता है। इस संभावित खतरे की काट के लिए भारत लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियारों और ऐसे आधुनिक आत्मघाती ड्रोन (लॉइटरिंग म्यूनिशन) को खरीदने व विकसित करने में जुटा है, जो काफी देर तक हवा में मंडराकर लक्ष्य की पहचान करने के बाद सटीक हमला कर सकें। भारत की रणनीति इस तैयारी के जरिए चीन की लंबी दूरी वाली PL-15 E मिसाइल और HQ-9BE एयर डिफेंस प्रणाली को बेअसर करना है। गौरतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर के समय पाकिस्तानी वायुसेना ने चीनी J-10 विमानों और स्वीडिश रडार सिस्टम (AWACS) की मदद से 200 किलोमीटर तक मार करने वाली इन्हीं PL-15 E मिसाइलों का इस्तेमाल किया था।
पड़ोसी देश की सैन्य मदद में जुटे कई मुल्क
ताजा जानकारी बताती है कि पाकिस्तान की फौजी ताकत बढ़ाने के लिए चीन और तुर्किये लगातार मदद कर रहे हैं। दूसरी ओर, अमेरिका पाकिस्तान के पुराने F-16 लड़ाकू विमानों को अपग्रेड करने में सहयोग दे रहा है, तो सऊदी अरब उसे आर्थिक सहारा दे रहा है। पाकिस्तान चीन से 8 हैंगोर क्लास पनडुब्बियां खरीद रहा है, जिस पर 46220 करोड़ रुपए से अधिक खर्च हो रहे। इनमें से पहली पनडुब्बी जून 2026 में पाकिस्तानी बेड़े में शामिल भी हो चुकी है। तुर्किये पाकिस्तान की पुरानी अगोस्टा-90बी पनडुब्बियों को आधुनिक बना रहा और उसे लंबी दूरी के कामिकेज ड्रोन भी मुहैया करा रहा है। इसके अलावा चीन पहले ही पाकिस्तान को मिसाइल दागने में सक्षम विंग लूंग-II ड्रोन दे चुका है।
ऑपरेशन सिंदूर में 314 किमी दूर से किया था शिकार
रक्षा मंत्रालय की एक रिपोर्ट में S-400 की अचूक मारक क्षमता का बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना के S-400 सिस्टम ने पाकिस्तान की सीमा के भीतर 314 किलोमीटर दूर उड़ रहे एक पाकिस्तानी सैन्य विमान को मार गिराया था। उस टकराव के वक्त पाकिस्तान ने अपना हवाई क्षेत्र आम यात्री विमानों के लिए बंद नहीं किया था। आसमान में यात्री और सैन्य विमान एक साथ उड़ रहे थे। इससे आम लोगों की जान को खतरा हो सकता था। इसके बावजूद भारतीय वायुसेना के उन्नत रडार सिस्टम ने भीड़ के बीच से सटीकता के साथ पाकिस्तानी फौजी विमान की अलग पहचान की। इसके बाद जमीन से हवा में मार करने वाली लंबी दूरी की मिसाइल दागी गई, जिसने सीधे लक्ष्य पर लगकर दुश्मन के विमान को ध्वस्त कर दिया।