NCP Support Delimitation Bill: संसद में पेश होने वाले संभावित परिसीमन बिल को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-शरदचंद्र पवार) ने इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। पार्टी के वरिष्ठ विधायक जितेंद्र आव्हाड ने मुंबई में मीडिया से बातचीत में बताया कि उनकी पार्टी परिसीमन की संवैधानिक प्रक्रिया का पूरा समर्थन करेगी। जितेंद्र आव्हाड ने यह बयान पार्टी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करने के बाद दिया। वैसे, उन्होंने यह भी बताया कि शरद पवार के साथ हुई उनकी बैठक का उद्देश्य पार्टी की आधिकारिक लाइन तय करना नहीं था, बल्कि यह सामान्य मुलाकात थी। आव्हाड के मुताबिक चूंकि परिसीमन संविधान के दायरे में होने वाली वैधानिक प्रक्रिया है, इसलिए एनसीपी ने इसके पक्ष में रहने का निर्णय लिया है।
आखिर क्या है परिसीमन और क्यों हो रही इस पर चर्चा?
आसान शब्दों में समझें तो परिसीमन का मतलब किसी देश या राज्य में होने वाले चुनावों के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को नए सिरे से तय करना है। यह पूरी प्रक्रिया जनसंख्या के ताजा आंकड़ों के आधार पर की जाती है। इसके अंतर्गत लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकायों की सीटों का दायरा और उनकी संख्या तय की जाती है। परिसीमन का मुख्य मकसद यह सुनिश्चित करना होता है कि देश के हर हिस्से और वहां की आबादी को संसद एवं विधानसभाओं में समान और उचित प्रतिनिधित्व मिल सके। इस प्रक्रिया के लागू होने से कई सीटों का भौगोलिक क्षेत्र बदल सकता है या सीटों की संख्या घट-बढ़ सकती है। आगामी समय में महिला आरक्षण कानून के साथ-साथ परिसीमन का विषय भी संसद के भीतर और बाहर सियासी दलों के लिए सबसे बड़ा मुद्दा बनने जा रहा है।
दिल्ली में होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में कौन लेगा हिस्सा?
एक तरफ जहां एनसीपी ने परिसीमन का समर्थन करने की बात कही है, वहीं दूसरी तरफ विपक्षी खेमे यानी INDIA गठबंधन की रणनीति पर सबकी नजरें टिकी हैं। दिल्ली में होने जा रही INDIA गठबंधन की बैठक में एनसीपी (शरद पवार गुट) का प्रतिनिधित्व सांसद निलेश लंके करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार निलेश लंके सांसद सुप्रिया सुले की जगह इस बैठक में शामिल होंगे। मीटिंग में परिसीमन बिल पर पूरे विपक्ष की साझा रणनीति तैयार की जाएगी। गठबंधन में शामिल तमाम दल इस विषय पर अपने-अपने विचार रखेंगे, क्योंकि फिलहाल अलग-अलग विपक्षी दलों की राय इस मुद्दे पर बंटी हुई नजर आ रही।
उद्धव गुट ने जताई आशंका
इस घटनाक्रम के बीच उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) भी सतर्क हो गई है। मुंबई में पत्रकारों से बातचीत में शिवसेना (UBT) के नेता अनिल देसाई ने केंद्र की NDA सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने आशंका जताई कि सरकार महिला आरक्षण बिल को लागू करने की आड़ में परिसीमन का मुद्दा आगे बढ़ा सकती है। अनिल देसाई ने कहा कि शिवसेना (UBT) अभी INDIA गठबंधन की बैठक में तय होने वाले सामूहिक फैसले का इंतजार कर रही। गठबंधन का रुख साफ होने के बाद उद्धव ठाकरे की पार्टी अपना अंतिम पक्ष सामने रखेगी। देसाई ने यह भी जानकारी दी कि सदन में इस मुद्दे पर सभी राजनीतिक दल अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी करेंगे और शिवसेना (UBT) भी अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी करेगी। बता दें, संसदीय प्रणाली में व्हिप एक तरह का निर्देश होता है, जिसके माध्यम से कोई राजनीतिक दल अपने सांसदों को सदन में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने और पार्टी की तय नीति के मुताबिक वोट करने का आदेश देता है। अब देखना यह होगा कि एनसीपी के समर्थन वाले बयान के बाद दिल्ली की बैठक में विपक्षी एकता किस तरह कायम रहती है।