Tata Sons Dispute : बॉम्बे हाईकोर्ट ने आज यानी 27 नवंबर 2026 टाटा ट्रस्ट्स की उस याचिका पर तुरंत राहत देने से मना कर दिया, जिसमें एन. चंद्रशेखरन को तीसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए कार्यकारी चेयरमैन के तौर पर दोबारा नियुक्त करने का विरोध किया गया है। अदालत ने साफ कर दिया है कि टाटा संस की 30 नवंबर को प्रस्तावित बोर्ड मीटिंग तय शेड्यूल के मुताबिक हो सकती है। जस्टिस अभय आहूजा की बेंच ने कहा कि इस बैठक में जो भी फैसला या नतीजा आएगा, वह हाईकोर्ट के अंतिम आदेश के अधीन रहेगा। दरअसल, टाटा ट्रस्ट्स ने हाईकोर्ट से गुहार लगाई थी कि मीटिंग को या तो स्थगित कर दिया जाए या उस पर रोक लगा दी जाए। ट्रस्ट्स का कहना था कि मीटिंग नहीं रुकती है तो कम-से-कम चंद्रशेखरन कार्यकारी चेयरमैन के नाते अपने वोट का इस्तेमाल न कर सकें।
अदालत ने क्या कहा और कब होगी अगली सुनवाई?
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि आज कोई राहत नहीं दी जा रही है और 30 नवंबर की बैठक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होने दी जाए। बेंच ने कहा कि मीटिंग का जो भी परिणाम होगा, वह कोर्ट के अंतिम आदेशों के दायरे में आएगा। अदालत ने टाटा संस और बोर्ड सदस्यों समेत बाकी प्रतिवादियों को निर्देश दिया है कि वे गुरुवार को दायर किए गए दोनों मुकदमों पर अपना जवाब यानी हलफनामा दाखिल करें। इस मामले की अगली सुनवाई अब 18 जनवरी को होगी।
ट्रस्ट्स के मुकदमे में क्या-क्या मांगें की गई हैं?
सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) और आरडी टाटा ट्रस्ट (आरडीटीटी) ने टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ हाई कोर्ट में मुकदमे दायर किए हैं। इन मुकदमों में तीसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को चुनौती दी गई है। एसडीटीटी ने 50 करोड़ और आरडीटीटी ने 15 करोड़ का हर्जाना मांगा है। इसके अलावा दोनों ट्रस्ट्स ने इस रकम पर सालाना 18% ब्याज देने की भी मांग की है। याचिका में दावा किया गया है कि 17 सितंबर को टाटा संस के बोर्ड ने जो प्रस्ताव पास करके चंद्रशेखरन को दोबारा नियुक्त किया था, वह अमान्य है। ट्रस्ट्स के मुताबिक उस प्रस्ताव को कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन (एओए) के अनुच्छेद-121 के तहत जरूरी समर्थन यानी वोट नहीं मिले थे। तत्काल राहत के तौर पर यह मांग भी रखी गई थी कि नामित निदेशकों के बीच राय बंटती है तो टाटा संस के चेयरमैन को 30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग में अपना निर्णायक वोट डालने से रोका जाए।
RBI की समय-सीमा और वकीलों की दलीलें
आज सुनवाई के दौरान ट्रस्ट्स के वकीलों ने मीटिंग टालने की अपील की, जिसका टाटा संस ने कड़ा विरोध किया। टाटा संस की तरफ से पेश वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे ने दलील दी कि बोर्ड मीटिंग आयोजित करना जरूरी है, क्योंकि कंपनी को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से निर्देश मिला है। उन्होंने बताया कि RBI ने 12 दिसंबर की समय-सीमा तय की है, जिसके भीतर टाटा संस को अनिवार्य लिस्टिंग के पालन से जुड़े अपने फैसले की जानकारी केंद्रीय बैंक को देनी है। साल्वे के अनुसार बैठक में पारित होने वाला कोई भी प्रस्ताव हाईकोर्ट के आदेशों के अधीन रहेगा। दूसरी ओर एसडीटीटी के वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने इस दलील को खारिज करते हुए कहा कि आरबीआई का यह निर्देश केवल एक बहाना या चाल है, जिसका इस्तेमाल टाटा संस मीटिंग बुलाने के लिए बनावटी जल्दबाजी दिखाने के मकसद से कर रहा है।