दिल्ली-एनसीआर में ठंड का असर बढ़ने के साथ ही प्रदूषण का स्तर भी चिंता का विषय बन गया है। शनिवार, 28 नवंबर को राजधानी की हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई। दिल्ली के चांदनी चौक में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 317 तक पहुंच गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। कई अन्य इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। हालांकि, अलग-अलग निगरानी केंद्रों के आंकड़ों में अंतर देखने को मिल रहा है।

दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में AQI का हाल

28 नवंबर की सुबह जारी निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 300 के आसपास या उससे ऊपर रहा।

  • चांदनी चौक – 317
  • CRRI मथुरा रोड – 335
  • आईजीआई एयरपोर्ट T3 – 312
  • DTU – 312
  • पूसा – 308
  • आया नगर – 303
  • सिरीफोर्ट – 304
  • ITO – 300
  • नॉर्थ कैंपस – 299
  • आनंद विहार – 279
  • बवाना – 275
  • रोहिणी – 242

NCR के शहरों में भी प्रदूषण से राहत नहीं

दिल्ली के अलावा एनसीआर के दूसरे शहरों में भी हवा की गुणवत्ता चिंता का विषय बनी हुई है। गाजियाबाद में 27 नवंबर को जिले का औसत AQI 255 दर्ज किया गया था। वहीं, वेद विहार में यह आंकड़ा 355 तक पहुंच गया था। मौसम और वायु गुणवत्ता से जुड़े पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में 29 नवंबर को प्रदूषण का स्तर बढ़कर बेहद खराब श्रेणी में पहुंच सकता है। इसके बाद 30 नवंबर को कुछ सुधार की संभावना जताई गई है।  

प्रदूषण से बचने के लिए बरतें सावधानी

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्का कोहरा और कुछ स्थानों पर घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है। खराब हवा का असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस या दिल से जुड़ी बीमारियों से परेशान लोगों पर ज्यादा पड़ सकता है। ऐसे में सुबह और देर रात बाहर निकलने से बचें, जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करें और खुले में व्यायाम करने से परहेज करें।