संसद के मानसून सत्र को लेकर अभी भी असमंजस की स्थिति बरकरार है। सत्र की आखिरी बैठक हुए 100 दिन से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक इसका सत्रावसान नहीं किया गया है। इस बीच केंद्र सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को संसद से पारित कराने की तैयारी में जुटी है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों की चार प्रमुख मांगों के कारण इन विधेयकों पर सहमति नहीं बन पा रही है। पहले 25 से 27 नवंबर के बीच संसद का तीन दिवसीय विशेष सत्र बुलाए जाने की चर्चा थी। लेकिन सरकार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, नवंबर में कोई विशेष सत्र बुलाने की योजना नहीं है। अब संसद के मानसून सत्र का अगला हिस्सा दिसंबर के दूसरे सप्ताह में बुलाए जाने की संभावना है। सरकार की योजना है कि सत्र के पहले तीन दिनों के भीतर परिसीमन और महिला आरक्षण से संबंधित दोनों विधेयक संसद में पेश कर दिए जाएं।

100 दिन से सत्रावसान का इंतजार कर रही संसद

संसद के मानसून सत्र की अंतिम बैठक के बाद 100 दिन से अधिक समय बीत चुका है। इसके बावजूद सत्रावसान नहीं किया गया है। यह भारतीय संसदीय इतिहास में अब तक का सबसे लंबा अंतराल बताया जा रहा है। इससे पहले 2008 में संसद की दो बैठकों के बीच 87 दिनों का अंतराल रहा था। सत्रावसान नहीं होने के पीछे संसदीय प्रक्रिया से जुड़ा एक अहम पहलू भी है। नियमों के अनुसार, जिस सत्र का औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ है, उसकी बैठक एक सप्ताह से कम समय के नोटिस पर दोबारा बुलाई जा सकती है। वहीं, सत्रावसान के बाद नया सत्र बुलाने के लिए कम से कम दो सप्ताह का नोटिस देना पड़ता है। ऐसे में सरकार को मौजूदा सत्र के जरिए कम समय में संसद की बैठक बुलाने का विकल्प मिल सकता है। माना जा रहा है कि सरकार इसी दौरान परिसीमन विधेयक के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है।

क्या है भाजपा का तीन दिवसीय प्लान?

सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती परिसीमन विधेयक को पारित कराने के लिए पर्याप्त समर्थन जुटाना है। इसके लिए एनडीए गैर-एनडीए दलों से भी बातचीत कर रहा है। पहले 25 से 27 नवंबर के बीच तीन दिन की बैठक बुलाए जाने की अटकलें थीं, लेकिन अब दिसंबर के दूसरे सप्ताह में मानसून सत्र का अगला हिस्सा बुलाए जाने की संभावना जताई जा रही है। इस सत्र में करीब 12 बैठकें हो सकती हैं। सरकार की योजना पहले तीन दिनों में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को पेश करने की है। सरकार के रणनीतिकारों को आशंका है कि इसके बाद उत्तर प्रदेश, पंजाब और कुछ अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने से संसद में हंगामा हो सकता है। इसलिए शुरुआती दिनों में ही विधायी कामकाज निपटाने की तैयारी है।

कांग्रेस की चार प्रमुख मांगें क्या हैं?

कांग्रेस का कहना है कि 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को मिलने वाला 33 प्रतिशत आरक्षण जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया से अलग लागू किया जाना चाहिए। पार्टी ने इस संबंध में चार शर्तें रखी हैं।

  1. लोकसभा की सीटें 543 ही रहें: परिसीमन के बाद लोकसभा की कुल सीटों की संख्या में कोई बढ़ोतरी या कटौती नहीं होनी चाहिए।
  2. राज्यों की मौजूदा सीटें बरकरार रहें: प्रत्येक राज्य को लोकसभा में फिलहाल जितनी सीटें मिली हुई हैं, उनकी संख्या में बदलाव नहीं किया जाए।
  3. मौजूदा सीटों पर महिला आरक्षण लागू हो: 2023 के महिला आरक्षण कानून को तुरंत लागू किया जाए और मौजूदा 543 लोकसभा सीटों में से 182 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हों।
  4. 25 साल तक व्यवस्था में बदलाव न हो: संविधान संशोधन के जरिए सीटों की मौजूदा संख्या और राज्यों के हिस्से को अगले 25 वर्षों तक फ्रीज कर दिया जाए।


कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी और तमिलनाडु की डीएमके भी मोटे तौर पर इन मांगों के समर्थन में बताई जा रही हैं। विपक्षी दलों का तर्क है कि महिला आरक्षण को लागू करने के लिए परिसीमन को अनिवार्य शर्त बनाना उचित नहीं है।

850 सीटों तक लोकसभा बढ़ाना चाहती है सरकार

सरकार के मौजूदा विधेयक के मसौदे के अनुसार, लोकसभा की कुल सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। इनमें करीब 283 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। यह आरक्षण एक-तिहाई के अनुपात में रोटेशन के आधार पर लागू किए जाने की बात कही गई है। मसौदे के मुताबिक, राज्यों के बीच सीटों का नया बंटवारा 2011 की जनगणना या सरकार की ओर से चुनी गई किसी अन्य जनगणना के आधार पर किया जा सकता है। सरकार का तर्क है कि लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ने से आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व बेहतर होगा और महिला आरक्षण को प्रभावी तरीके से लागू किया जा सकेगा। वहीं, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को आशंका है कि परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या और सीमाओं में ऐसा बदलाव हो सकता है, जिससे कुछ राज्यों को राजनीतिक नुकसान पहुंचे। खासकर दक्षिण भारत के राज्यों को जनसंख्या के आधार पर सीटों के नए बंटवारे को लेकर चिंता है।

दो-तिहाई बहुमत जुटाना भाजपा के लिए चुनौती

परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव को पारित कराने के लिए संविधान संशोधन की प्रक्रिया अपनानी होगी। इसके लिए संसद के दोनों सदनों में विशेष बहुमत यानी उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होगी। लोकसभा में सरकार के रणनीतिकारों के अनुमान के मुताबिक, सदन में सदस्यों की उपस्थिति के आधार पर समर्थन का आंकड़ा करीब 360 तक पहुंच सकता है। एनडीए के पास फिलहाल करीब 319 सांसदों का समर्थन होने का दावा किया जा रहा है। इसमें भाजपा के 241 सांसद शामिल हैं। सरकार को अपने सहयोगियों के अलावा अन्य दलों का समर्थन भी जुटाना होगा। शरद पवार की एनसीपी, डीएमके और गठबंधन से बाहर के कुछ अन्य सांसदों का रुख इस मामले में अहम हो सकता है। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने संकेत दिया है कि यदि सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाए और इसकी लिखित गारंटी मिले, तो उनकी पार्टी विधेयक पर अपना रुख बदलने पर विचार कर सकती है। उन्होंने मौजूदा प्रस्ताव को लेकर असहमति भी जताई है।

2029 के लोकसभा चुनाव पर भी पड़ सकता है असर

परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों पर सहमति नहीं बनने का असर 2029 के लोकसभा चुनावों की तैयारियों पर भी पड़ सकता है। सरकार चाहती है कि नई सीटों और निर्वाचन क्षेत्रों की व्यवस्था समय रहते लागू हो जाए, ताकि अगला आम चुनाव बदले हुए परिसीमन के आधार पर कराया जा सके। दूसरी ओर, कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक विषय पर सभी राजनीतिक दलों से बातचीत होनी चाहिए और किसी भी राज्य के हितों को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। फिलहाल सरकार और विपक्ष के बीच सहमति का रास्ता साफ नहीं है। ऐसे में दिसंबर के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित संसद की बैठक और उसके शुरुआती तीन दिन परिसीमन तथा महिला आरक्षण के भविष्य के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं।