देश के चार राज्यों में रविवार, 22 नवंबर की सुबह और बीती रात कई भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और गुजरात में हुए छह अलग-अलग हादसों में कुल 28 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। कहीं खड़े ट्रक से श्रद्धालुओं की गाड़ी टकरा गई तो कहीं बरात से लौट रही स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार हाइवा ने टक्कर मार दी। गुजरात के कच्छ में आर्मी परिवार के सात सदस्यों की जान चली गई, वहीं जूनागढ़ में कार पलटने के बाद आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। इन दुर्घटनाओं में सबसे अधिक मौतें राजस्थान के कोटा में हुईं, जहां एक ही परिवार के नौ लोगों की जान चली गई। आइए जानते हैं चारों राज्यों में हुए इन छह बड़े हादसों की पूरी जानकारी।
1. कोटा: खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे परिवार के नौ लोगों की मौत
राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास एक तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसा रात करीब दो बजे नांता थाना क्षेत्र में हुआ। वाहन में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के सदस्य सवार थे, जो खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी में सवार नौ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में कई लोग घायल हुए, जिन्हें न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ड्राइवर को नींद की झपकी आने की आशंका जताई गई है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारण की जांच की जा रही है।
2. जोधपुर: कार और ट्रैवल टेम्पो की टक्कर में तीन की मौत
राजस्थान के जोधपुर में भी कार और ट्रैवल टेम्पो के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। घायलों को चार एंबुलेंस की मदद से मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए लोग गुजरात के एक ही परिवार के सदस्य थे। वे रामदेवरा में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। कई लोगों को फ्रैक्चर और रीढ़ की हड्डी में चोटें आई हैं।
3. कच्छ: आर्मी परिवार के सात सदस्यों की गई जान
गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर कार और तेज रफ्तार ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा वेकारिया के रेगिस्तानी इलाके के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र से जुड़े आर्मी परिवार के सात सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे और तीन महीने का एक मासूम भी शामिल था। बताया गया कि परिवार कच्छ घूमने आया था और रण ऑफ कच्छ से भुज लौट रहा था। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
4. जूनागढ़: कार पलटने के बाद लगी आग, तीन लोगों की मौत
गुजरात के जूनागढ़ जिले में केशोद-बलागाम रोड पर खमिधाना गांव के पास एक कार पत्थर से टकराने के बाद पलट गई। इसके बाद वाहन में आग लग गई। कार में चार लोग सवार थे। हादसे में तीन लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
5. पटना: बरात से लौट रही स्कॉर्पियो को हाइवा ने मारी टक्कर, चार की मौत
बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में रविवार सुबह करीब चार बजे बड़ा हादसा हुआ। अथमलगोला थाना क्षेत्र में सबनीमा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार हाइवा ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। स्कॉर्पियो में सवार लोग शादी समारोह से लौट रहे थे। इस दुर्घटना में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
6. फतेहपुर: ओवरटेक के दौरान ट्रक से टकराई टूरिस्ट बस, दो की मौत
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर रविवार तड़के करीब तीन बजे सड़क हादसा हुआ। खागा कोतवाली क्षेत्र के भोगलपुर चौराहे के पास गाजियाबाद से वाराणसी जा रही एक टूरिस्ट बस आगे चल रहे आलू लदे ट्रक से टकरा गई। बताया गया कि ओवरटेक करने के दौरान बस ट्रक से भिड़ गई। बस में चालक और कंडक्टर समेत करीब 40 लोग सवार थे। हादसे में बस के कंडक्टर और एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चार राज्यों में हादसों ने बढ़ाई चिंता
रविवार सुबह तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, राजस्थान में दो हादसों में 12, गुजरात में दो दुर्घटनाओं में 10, बिहार में चार और उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में दो लोगों की जान गई। इस तरह छह हादसों में कुल 28 लोगों की मौत हुई है। लगातार सामने आ रही इन दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को फिर से सामने ला दिया है।