उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित वृंदावन के प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर में एक बार फिर एलईडी स्क्रीन पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित होने का मामला सामने आया है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को ठाकुरजी के लाइव दर्शन कराने के लिए लगाई गई स्क्रीन पर अचानक वेब सीरीज के दृश्य चलने लगे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गोस्वामी समाज और सेवायतों में नाराजगी है। मंदिर की व्यवस्थाओं और निगरानी को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। सेवायतों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रतप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को मंदिर परिसर में जगमोहन के दाईं ओर लगी एलईडी स्क्रीन पर लाइव दर्शन की जगह वेब सीरीज के कुछ दृश्य प्रसारित होने लगे। वहां मौजूद श्रद्धालु यह देखकर हैरान रह गए। मामला सामने आने के बाद स्क्रीन को बंद करा दिया गया। इस घटना के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शुरू की गई डिजिटल व्यवस्था की निगरानी और सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

पहले मंदिर के बाहर की स्क्रीन पर चले थे फिल्मी गाने

बांके बिहारी मंदिर की एलईडी स्क्रीन को लेकर यह पहला विवाद नहीं है। इससे पहले मंदिर के आसपास लगी एक स्क्रीन पर फिल्मी और कथित अश्लील गाने चलने का वीडियो वायरल हुआ था। यह स्क्रीन वनखंडी क्षेत्र के पास भरतपुर कुंज स्थित राधा सरोवर महाराज ट्रस्ट की ओर से लगाई गई थी। ट्रस्ट प्रबंधक मनोज कुमार ने उस मामले में इसे तकनीकी गलती बताया था। उनका कहना था कि नियमित ऑपरेटर की अनुपस्थिति में 16 वर्षीय विद्यार्थी स्क्रीन चला रहा था और गलती से दूसरा वीडियो प्रसारित हो गया। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने भी स्पष्ट किया था कि संबंधित स्क्रीन नगर निगम की नहीं है। अब मंदिर परिसर के भीतर लगी स्क्रीन पर वेब सीरीज के दृश्य प्रसारित होने से विवाद और बढ़ गया है। सेवायतों का कहना है कि बार-बार ऐसी घटनाएं होने के बावजूद निगरानी व्यवस्था में सुधार नहीं दिख रहा है।

हाईपावर कमेटी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

मंदिर सेवायत और हाईपावर कमेटी के सदस्य रजत गोस्वामी ने इस घटना पर नाराजगी जताई है। उन्होंने मंदिर प्रबंधन और हाईपावर कमेटी की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि गोस्वामी समाज लगातार इन अव्यवस्थाओं का विरोध कर रहा है, लेकिन हालात सुधरने के बजाय बिगड़ते जा रहे हैं। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा के नाम पर लगाई गई स्क्रीन पर क्या प्रसारित हो रहा है, इसकी निगरानी होनी चाहिए। यदि मंदिर परिसर में ही इस तरह की सामग्री दिखाई दे रही है तो स्क्रीन लगाने के उद्देश्य और उसके संचालन पर दोबारा विचार किया जाना चाहिए। सेवायतों ने यह भी सवाल उठाया कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालु दर्शन के बजाय फोटो और सेल्फी लेने में अधिक व्यस्त हो रहे हैं। इससे मंदिर की धार्मिक व्यवस्था और मर्यादा प्रभावित होने की आशंका है।

श्रद्धालुओं ने की जांच और कार्रवाई की मांग

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर फैलने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि बांके बिहारी मंदिर देशभर के करोड़ों भक्तों की आस्था का केंद्र है। यहां श्रद्धालुओं को दर्शन कराने के लिए लगाई गई स्क्रीन पर केवल धार्मिक और मंदिर से जुड़ी सामग्री ही दिखाई जानी चाहिए। फिलहाल, मंदिर प्रबंधन की ओर से इस नई घटना को लेकर विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सेवायतों और श्रद्धालुओं की मांग है कि स्क्रीन के संचालन की जिम्मेदारी तय की जाए, तकनीकी व्यवस्था की जांच हो और लापरवाही करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।