UP Police Transfer News : उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन की ओर से जारी नई तबादला सूची में एक साथ 144 पुलिस उपाधीक्षकों (DSP) और सहायक पुलिस आयुक्तों (ACP) के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए हैं। इस बड़े बदलाव के तहत प्रदेश के तमाम जिलों, पुलिस कमिश्नरेट, पीएसी वाहिनियों और विशेष इकाइयों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जहां कई अफसरों को एक जिले से दूसरे जिले में भेजा गया है। कई अधिकारियों को पुलिस कमिश्नरेट में एसीपी के पद पर नई तैनाती मिली है।

लखनऊ कमिश्नरेट में हुआ बड़ा बदलाव

सरकारी आदेश के अनुसार राजधानी लखनऊ के पुलिस कमिश्नरेट में तैनात कई अफसरों को इधर से उधर किया गया है। लखनऊ कमिश्नरेट से सुजीत कुमार दुबे का तबादला अब अयोध्या कर दिया गया है। इसी तरह रजनीश वर्मा को बागपत भेजा गया है, जबकि राधा रमण सिंह को खीरी की नई जिम्मेदारी मिली है। प्रयागराज कमिश्नरेट में सेवा दे रहे विवेक यादव को अब लखनऊ कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) नियुक्त किया गया है। उन्नाव में तैनात रहे अरविंद कुमार-I और फिरोजाबाद से अमरीश कुमार को भी लखनऊ कमिश्नरेट में एसीपी बनाया गया है।

प्रयागराज, कानपुर और गोरखपुर समेत कई जिलों के अफसर बदले

कानपुर और मीरजापुर: बुलंदशहर में तैनात शोभित कुमार को कानपुर देहात भेजा गया है। कानपुर नगर कमिश्नरेट से दिलीप कुमार सिंह का तबादला मीरजापुर कर दिया गया है।

पूर्वांचल और तराई क्षेत्र: आजमगढ़ से शुभम तोदी को संभल और अमेठी में तैनात अतुल कुमार सिंह-I को महराजगंज की जिम्मेदारी दी गई है। अयोध्या से महेंद्र कुमार शुक्ला को महोबा भेजा गया है।

गोंडा, गोरखपुर और हरदोई: प्रयागराज कमिश्नरेट से रवि कुमार गुप्ता को गोंडा भेजा गया है। बरेली में तैनात नीलेश मिश्रा का तबादला गोरखपुर हुआ है। आशुतोष तिवारी और राजेश सिंह को हरदोई में नई तैनाती मिली है।

अन्य महत्वपूर्ण तबादले: गोंडा में कार्यरत राजेश कुमार सिंह अब शाहजहांपुर में अपनी सेवाएं देंगे। मुरादाबाद से कुलदीप कुमार गुप्ता को मुजफ्फरनगर भेजा गया है। भदोही से चमन सिंह चावड़ा का तबादला मथुरा और बुलंदशहर से मधुप कुमार सिंह का तबादला बरेली किया गया है।

पंजाब में भी चुनावी हलचल के बीच बड़े स्तर पर हुए पुलिस तबादले

प्रशासनिक फेरबदल का यह सिलसिला केवल उत्तर प्रदेश तक ही सीमित नहीं है। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच पंजाब में भी पुलिस विभाग में बड़ी उथल-पुथल देखने को मिली है। चुनावी सरगर्मियों को देखते हुए कल पंजाब में भी बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।