Balendra Shah India Visit News : नेपाल में प्रधानमंत्री पद की कमान संभालने के बाद बालेन शाह अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए आज भारत पहुंच चुके हैं। नई दिल्ली में कदम रखने के साथ उनका दो दिवसीय बेहद अहम दौरा शुरू हो गया। मार्च में प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठने के बाद बालेन शाह ने द्विपक्षीय यात्रा के लिए सबसे पहले भारत को ही चुना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष निमंत्रण पर भारत आए बालेन शाह की इस यात्रा के दौरान पड़ोसी देश की ओर से 2 अरब डॉलर की बड़ी आर्थिक सहायता और भारतीय आकाश से एक अतिरिक्त हवाई मार्ग दिए जाने की मांग सबसे प्रमुख रहने वाली है।

2 दिनों तक चलेगा हाई-प्रोफाइल मुलाकातों का दौर

दिल्ली पहुंचने के बाद बालेन शाह आज यानी 22 नवंबर 2026 को विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मिलेंगे। इसके बाद सोमवार यानी 23 नवंबर का दिन कूटनीतिक लिहाज से काफी व्यस्त रहने वाला है। इस दिन बालेन शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। उसमें कई अहम मुद्दों पर मंथन किया जाएगा। नेपाली प्रधानमंत्री का राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी शिष्टाचार भेंट करने का कार्यक्रम तय है।

क्या है नेपाल की 2 अरब डॉलर वाली मांग का पूरा गणित?

इस दौरे पर नेपाल अपने बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और पुनर्निर्माण के कामों को रफ्तार देने के लिए भारत से 2 अरब डॉलर से अधिक के वित्तीय पैकेज की उम्मीद लगाए बैठा है। इस प्रस्तावित मदद को तीन अलग-अलग हिस्सों में बांटा गया है। रियायती कर्ज 1 अरब डॉलर, जो बुनियादी ढांचे और बड़े विकास प्रोजेक्ट्स के लिए, सीधा अनुदान 500 मिलियन डॉलर, यह विभिन्न विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए और विशेष सहायता पैकेज 500 मिलियन डॉलर का, जो पुनर्निर्माण और पुनर्वास से जुड़े कार्यों के लिए है। आर्थिक पैकेज के साथ-साथ काठमांडू की दूसरी सबसे बड़ी मांग हवाई कनेक्टिविटी को लेकर है। नेपाल चाहता है कि उसके यात्री विमानों के संचालन के लिए भारत अपने हवाई क्षेत्र से एक अतिरिक्त रास्ता उपलब्ध कराए। इससे नेपाल की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि, इस संवेदनशील मुद्दे पर फिलहाल दोनों देशों के बीच अंतिम सहमति बनना बाकी है।

भारत-नेपाल रिश्तों का सफर

भारत और नेपाल के बीच व्यापार, ऊर्जा, जल संसाधन और सड़क संपर्क को लेकर बातचीत का एक लंबा इतिहास रहा है। पिछले तीन दशकों में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की यात्राओं ने इन संबंधों को नई दिशा दी है। 

नवंबर 1991: तत्कालीन नेपाली प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला के भारत दौरे पर दोनों देशों के बीच व्यापार और पारगमन (ट्रांजिट) से जुड़े महत्वपूर्ण समझौतों पर मुहर लगी थी।

साल 1996: शेर बहादुर देउबा की भारत यात्रा के दौरान ऐतिहासिक 'महाकाली संधि' पर हस्ताक्षर किए गए। इसके बाद आपसी संवाद में सुरक्षा, सीमा प्रबंधन, बाढ़ नियंत्रण और विकास के मुद्दे जुड़ते चले गए।

साल 2008: पुष्प कमल दहल प्रचंड जब भारत आए तो 1950 की शांति एवं मित्रता संधि सहित अन्य पुराने समझौतों की समीक्षा करने का प्रस्ताव सामने रखा गया।

साल 2011: बाबूराम भट्टराई के दिल्ली दौरे के समय दोनों देशों ने द्विपक्षीय निवेश प्रोत्साहन और संरक्षण समझौते (BIPPA) पर हस्ताक्षर किए।

जून 2023: प्रचंड की भारत यात्रा के दौरान ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा ऐलान हुआ। भारत ने अगले 10 वर्षों में नेपाल से 10 हजार मेगावाट बिजली खरीदने का लक्ष्य रखा और भारतीय ग्रिड के जरिए नेपाल से बांग्लादेश को बिजली भेजने पर भी सहमति बनी।

भारत के रुख पर नजर

अब बालेन शाह की इस यात्रा में व्यापार, ऊर्जा, तकनीक और कनेक्टिविटी के पुराने समझौतों को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा। सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 2 अरब डॉलर की मदद और हवाई मार्ग की मांग पर भारत क्या रुख अपनाता है।

नीदरलैंड के विदेश मंत्री भी दिल्ली में

यूरोपीय देश नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन भी आज अपने दो दिवसीय दौरे पर नई दिल्ली पहुंच गए हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया के जरिए उनके आगमन की जानकारीदी है। इस यात्रा के दौरान बेरेंडसन भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ पहली विदेश मंत्रियों की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक का मुख्य लक्ष्य भारत और नीदरलैंड के बीच की रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देना और विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग का विस्तार करना है।