Special Parliament Session 2026 : महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर मोदी सरकार फिर बड़ा दांव लगाने की तैयारी में है। सात महीने पहले अप्रैल 2026 में लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक जरूरी बहुमत नहीं मिलने के कारण गिर गया था। इन सात महीनों में मौसम बदलने के साथ देश की राजनीति के समीकरण भी काफी बदल गए हैं। सरकार को उम्मीद है कि इस बार विपक्ष की कुछ पार्टियों को साथ लेकर संसद में दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा आसानी से जुटाया जा सकता है। संसद की बैठक 30 नवंबर से फिर शुरू होने जा रही। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर और राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से शुरू होगी। ऐसे में सवाल उठ रहा कि आखिर सात महीनों में ऐसा क्या बदल गया कि सरकार परिसीमन पर दूसरा दांव खेलने जा रही।
अप्रैल में कैसे अटक गया था सरकार का दांव?
बजट सत्र के दूसरे चरण के दौरान 16 अप्रैल 2026 को केंद्र की मोदी सरकार लोकसभा में तीन विधेयक लेकर आई थी। इनमें संविधान का 131वां संशोधन विधेयक, परिसीमन विधेयक एवं केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक शामिल थे। इनका मकसद लोकसभा की सीटों को बढ़ाकर 850 तक करना, परिसीमन की प्रक्रिया का रास्ता खोलना और 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को 33% आरक्षण देना था। बता दें, विधेयक को पास कराने के लिए पूरी कोशिश की गई, लेकिन 17 अप्रैल को संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में गिर गया। इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। जबकि दो-तिहाई बहुमत के लिए 352 वोटों की जरूरत थी। इसके बाद सरकार ने बाकी दोनों विधेयकों को भी आगे नहीं बढ़ाया। अब संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसमें परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को पास कराने की नई कोशिश की जा सकती है।
7 पॉइंट में समझें बदला हुआ सियासी गणित
अप्रैल में सरकार के सामने सबसे बड़ी मुश्किल विपक्षी एकजुटता थी, लेकिन नवंबर आते-आते विपक्ष के भीतर बड़े बदलाव दिखे हैं। टीएमसी टूट चुकी है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना के 6 सांसद पाला बदल चुके हैं। अरविंद केजरीवाल की पार्टी के कई सांसद बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। शरद पवार गुट का रुख भी बदला नजर आ रहा और तमिलनाडु में सत्ता बदलने के बाद डीएमके के तेवर भी बदले हैं।
1. एनडीए का नंबर गेम कैसे बदला है?
543 सदस्यीय लोकसभा में बिल पास कराने के लिए 361 सांसदों का समर्थन चाहिए। मगर, तीन सीटें खाली होने से अभी 540 सांसद हैं। इस हिसाब से दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा 360 का बनता है। फिलहाल बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए के पास 319 सांसद हैं। यानी लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत से 41 सांसद कम हैं। राज्यसभा में कुल 243 सांसद वोट करेंगे। जहां दो-तिहाई के लिए 162 वोट चाहिए। एनडीए के पास 151 सांसद हैं। यानी वह 11 वोट पीछे है। अप्रैल से नवंबर के बीच टीएमसी के 20 बागी सांसदों और शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों के पाला बदलने से विपक्ष कमजोर हुआ और एनडीए को ताकत मिली। इसके अलावा तमिलनाडु में सत्ता बदलने के बाद सियासी समीकरण भी बदले हैं। चर्चा है कि सरकार बाकी वोटों के लिए डीएमके के 22 सांसदों और शरद पवार गुट के 8 सांसदों जैसे क्षेत्रीय दलों के समर्थन की उम्मीद कर रही।
2. पहले एकजुट थी टीएमसी, अब टूट
पहले संसद में टीएमसी एकजुट दिखती और विपक्ष की बड़ी ताकत थी। मगर, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार बाद पार्टी में बड़ा विभाजन हो गया। टीएमसी के 27 लोकसभा सांसदों में से 20 बागी सांसदों ने पाला बदलकर नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में विलय कर लिया और एनडीए को समर्थन देने की घोषणा की। इससे विपक्ष के खाते से 20 सांसद कम हुए और सत्तापक्ष का नंबर गेम बढ़ा। टीएमसी के समर्थन में खड़े कल्याण बनर्जी संसद से सस्पेंड चल रहे। इंजीनियर राशिद और अमृतपाल सिंह जेल में हैं। इस वजह से विपक्षी खेमे के 3 सांसद वोटिंग में हिस्सा नहीं ले पाएंगे, जिससे एनडीए का गणित और मजबूत हुआ है।
3. पहले विरोध में थी डीएमके, अब बदला रुख
पहले डीएमके परिसीमन और उसके संभावित असर को लेकर कड़ा विरोध करती और विपक्षी खेमे के साथ खड़ी थी। हालांकि, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद बदले हालात और कांग्रेस-इंडिया गठबंधन से दूरी बनने के बाद डीएमके के रुख को लेकर नए समीकरण बन रहे। डीएमके प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने कहा कि पार्टी ने पहले वाले परिसीमन बिल का विरोध किया था, लेकिन नए बिल को देखने के बाद ही फैसला करेगी। पहले यह देखना होगा कि नए बिल में क्या बदलाव किए गए हैं और क्या इससे राज्यों के हित प्रभावित होंगे। अगर, राज्यों की चिंताओं और सुझावों को शामिल किया गया होगा तो पार्टी उस पर विचार कर सकेगी। लोकसभा में डीएमके के 22 सांसद हैं और दो-तिहाई बहुमत के लिए जरूरी अतिरिक्त वोटों में यह संख्या अहम मानी जा रही। दक्षिण राज्यों की सीटों में संभावित बढ़ोतरी और अनुपात को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच डीएमके के समर्थन को लेकर अटकलें तेज हैं।
4. उद्धव ठाकरे की शिवसेना में दोबारा टूट
उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना को पहले भी विभाजन झेलना पड़ा था, लेकिन परिसीमन बिल के समय उसके साथ 9 सांसद थे। तब उद्धव के सभी सांसदों ने सरकार के विरोध में वोट दिया था। अब 6 सांसदों के पाला बदलने से पार्टी को फिर झटका लगा है। इससे उद्धव खेमे का संसदीय संख्याबल कम हुआ, विपक्ष की ताकत घटी और एनडीए के पक्ष में समीकरण मजबूत हुए। विशेष सत्र में संभावित संविधान संशोधन विधेयक के दौरान हर एक वोट के महत्व को देखते हुए यह टूट विपक्ष के लिए बड़ी चुनौती है।
5. केजरीवाल की पार्टी के सांसदों ने बदला पाला
अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के सांसद भी पाला बदल चुके हैं। पार्टी के 7 राज्यसभा सांसदों ने इस्तीफा देकर बीजेपी में विलय कर लिया, जिससे आप का राज्यसभा संख्याबल बुरी तरह प्रभावित हुआ। इसका असर संसद के उच्च सदन यानी राज्यसभा के गणित पर पड़ा है, जहां दो-तिहाई बहुमत साधना सरकार के लिए अहम है। विपक्ष से सांसद कम होने से राज्यसभा में सत्तापक्ष को मजबूती मिली है।
6. अकाली दल की एनडीए में वापसी
शिरोमणि अकाली दल 6 साल बाद फिर एनडीए में लौट आई है। पहले दोनों दलों के बीच दूरियां थीं, लेकिन पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले अकाली दल और बीजेपी के गठबंधन के साथ एनडीए में वापसी का ऐलान किया गया। संसदीय गणित के लिहाज से अकाली दल के आने से लोकसभा में एनडीए का संख्या बल बढ़ा है और हरसिमरत कौर बादल के साथ यह आंकड़ा 321 पर पहुंचा है। हालांकि, दो-तिहाई बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए सरकार को अभी और सांसदों के समर्थन की जरूरत है, लेकिन पुराने सहयोगी की वापसी से सियासी और संसदीय माहौल में एनडीए को मजबूती मिली है।
7. शरद पवार की पार्टी के बदले सुर
शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के भीतर भी परिसीमन और बिल को लेकर सुर बदले नजर आ रहे हैं। सांसद सुप्रिया सुले के नरम बयान ने संकेत दिया है कि पार्टी हर मुद्दे पर आंख मूंदकर विरोध करने के बजाय बिल का मसौदा देखकर और देशहित में चर्चा के बाद समर्थन पर विचार करने के पक्ष में है। लोकसभा में शरद पवार गुट के 8 सांसद हैं, इसलिए नंबर गेम के लिहाज से इस रुख को अहम माना जा रहा है। अगर यह गुट चर्चा के बाद सकारात्मक रुख अपनाता है तो दो-तिहाई बहुमत जुटाने में लगी सरकार को अतिरिक्त वोटों का सहारा मिल सकता है।