टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक 'रामायण' में भगवान श्रीराम और माता सीता का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया एक बार फिर पर्दे पर साथ दिखाई दे रहे हैं। करीब 39 साल बाद दोनों की जोड़ी फिल्म 'नोटिस' में लौटी है। यह फिल्म 6 नवंबर को WAVES OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो चुकी है। फिल्म में अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया किसी पौराणिक किरदार में नहीं, बल्कि एक आम शादीशुदा जोड़े की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी एक सामान्य परिवार के संघर्ष और न्याय की लड़ाई पर आधारित है।
150 साल पुरानी दुकान बचाने की कहानी है 'नोटिस'
फिल्म में अरुण गोविल नारायण गुप्ता नाम के व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं। उनका परिवार एक 150 साल पुरानी दुकान से जुड़ा है, जिस पर विकास कार्यों के चलते हटाए जाने का खतरा मंडराने लगता है। इसके बाद नारायण गुप्ता भ्रष्ट व्यवस्था और प्रभावशाली लोगों के खिलाफ अपनी दुकान और परिवार की विरासत बचाने की लड़ाई शुरू करते हैं। दीपिका चिखलिया फिल्म में उनकी पत्नी की भूमिका में हैं। वह मुश्किल हालात में अपने पति का साथ देती हैं। फिल्म आम आदमी के अधिकारों, सरकारी व्यवस्था और न्याय पाने के संघर्ष को दिखाती है।
पंकज झा भी अहम भूमिका में आएंगे नजर
'नोटिस' का निर्देशन प्रदीप गुप्ता ने किया है। फिल्म के निर्माता, लेखक और कलाकार आदित्य प्रताप सिंह रघुवंशी हैं। इसमें 'पंचायत' फेम अभिनेता पंकज झा भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इनके अलावा आदित्य रघुवंशी, त्रिपुरारी यादव, ठाकुर राजवीर सिंह, नगिना बोपचे और मेनिका राय सहित कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म के गीतों में कैलाश खेर और अंकिता चौहान की आवाज में गाया गया 'राम अवध में आए' भी शामिल है। यह गीत भगवान श्रीराम और चित्रकूट की धरती को समर्पित है। इसके अलावा 'ना रगड़ा ना रौब' नाम का लोकसंगीत से जुड़ा गीत भी फिल्म का हिस्सा है।
कहां और कैसे देखें फिल्म?
अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया की फिल्म 'नोटिस' WAVES OTT ऐप पर स्ट्रीम हो रही है। इसे 6 नवंबर 2026 को रिलीज किया गया था। फिल्म को सिनेमाघरों के बजाय सीधे OTT पर लाने का फैसला किया गया, ताकि टीवी दर्शकों तक भी इसे आसानी से पहुंचाया जा सके।निर्माता आदित्य प्रताप सिंह रघुवंशी के मुताबिक, फिल्म को 36 सैटेलाइट चैनलों पर भी प्रसारित करने की योजना है। करीब चार दशक बाद राम और सीता के रूप में लोकप्रिय रही इस जोड़ी को एक अलग कहानी में देखने का मौका दर्शकों के लिए खास है।