राजकोट में भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच खेले जा रहे दूसरे यूथ वनडे में युवा बल्लेबाजों पर सबकी नजरें टिकी रहीं। खासतौर पर आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ से बड़ी पारियों की उम्मीद थी। आर्यवीर ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 47 रन बनाए, लेकिन अर्धशतक पूरा करने से पहले रन आउट हो गए। वहीं अन्वय द्रविड़ इस मुकाबले में सिर्फ 9 रन ही बना सके।
आर्यवीर ने संभाली पारी, 3 रन से रह गए दूर
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन कप्तान लक्ष्य रायचंदानी 11 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद आर्यवीर सहवाग ने वीके विनीत के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। आर्यवीर ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की और धीरे-धीरे अपने शॉट्स लगाने शुरू किए। उन्होंने 48 गेंदों पर 47 रन बनाए, जिसमें 9 चौके शामिल रहे। वह अपने पहले यूथ वनडे अर्धशतक के करीब पहुंच चुके थे, लेकिन रन लेने के दौरान तालमेल बिगड़ने से अपना विकेट गंवा बैठे। इस तरह वह महज 3 रन से फिफ्टी से चूक गए।
अन्वय द्रविड़ का बल्ला नहीं चला
पहले मुकाबले में 18 गेंदों पर 38 रन की तेज पारी खेलने वाले अन्वय द्रविड़ से इस मैच में भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी। हालांकि, इस बार वह ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय ने 8 गेंदों का सामना करते हुए 9 रन बनाए और जल्दी आउट हो गए।
यशबर्धन चौहान ने जड़ा शानदार शतक
आर्यवीर और अन्वय के जल्दी आउट होने के बावजूद भारत की बल्लेबाजी पर इसका बड़ा असर नहीं पड़ा। यशबर्धन चौहान ने मोर्चा संभालते हुए शानदार शतक लगाया। उन्होंने 100 गेंदों में 122 रन की पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 2 छक्के शामिल थे। दूसरी ओर वीके विनीत ने भी अहम योगदान दिया। वह 92 गेंदों पर 87 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में 4 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। दोनों बल्लेबाजों की पारियों के दम पर भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 341 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।