Rahul Gandhi Vietnam News : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने फिर विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। BJP का दावा है कि देश में विपक्ष के विरोध-प्रदर्शनों और राजनीतिक हलचल के बीच राहुल गांधी चुपचाप फिर विदेश यात्रा पर निकल गए हैं। सोशल मीडिया पर पार्टी ने एक फ्लाइट का वीडियो शेयर किया है, जिसमें कथित तौर पर राहुल गांधी वियतनाम जाने वाले विमान में नजर आ रहे। BJP ने विमान के अंदर का यह वीडियो पोस्ट करते हुए तंज कसा कि राहुल गांधी विरोध-प्रदर्शनों और राजनीतिक सरगर्मी से थककर ब्रेक पर विदेश निकल गए हैं। BJP की ओर से तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर लिखा गया-झूठ फैलाते-फैलाते थक गया...कुछ दिन वियतनाम घूम आता हूं...किसी को क्या ही पता चलेगा।

वियतनाम ही गए हों राहुल : आरपी 

इस मामले पर BJP प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि देखिए, राहुल गांधी हर बार ऐसा ही करते हैं। बिहार में यात्रा करने के बाद वे दो महीने की छुट्टी पर विदेश चले गए थे। शायद तब वे वियतनाम गए थे और हो सकता है कि इस बार भी वे वियतनाम ही गए हों।

कांग्रेस का पलटवार, पीएम मोदी की यात्राओं का जिक्र

BJP के इन हमलों पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। कांग्रेस का कहना है कि BJP विपक्ष के नेता की हर विदेश यात्रा को लेकर बेवजह का राजनीतिक मुद्दा बनाती है। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा, कौन-कब और कहां यात्रा कर रहा, उसमें क्या दिक्कत है? क्या बाकी लोग विदेश यात्रा नहीं करते? राहुल गांधी एक व्यक्ति हैं, विपक्ष के नेता हैं और उनकी अपनी जिम्मेदारियां हैं। वे प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे येल यूनिवर्सिटी में छात्रों से बातचीत करते हैं। लंदन में बुद्धिजीवियों से मिलते और प्रेस को इंटरव्यू भी देते हैं। एक ऐसा काम जो देश के प्रधानमंत्री नहीं करते हैं। कांग्रेस नेता ने संसद सत्र के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं का हवाला देते हुए BJP को घेरा। उन्होंने सवाल उठाया कि हमारी पारंपरिक मर्यादा रही है कि जब लोकसभा का सत्र चल रहा होता है तो प्रधानमंत्री विदेश नहीं जाते हैं। मगर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह परंपरा तोड़ी, तब कोई सवाल क्यों नहीं उठता?

राहुल गांधी के हालिया विदेश दौरे  

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर राजनीतिक गलियारों में पहले भी कई बार चर्चा रही है। हालिया समय सीमा (वर्ष 2025-2026) के दौरान उनके कई दौरे सामने आए हैं। वे कुछ वर्षों में वियतनाम की कई यात्राएं कर चुके हैं। रिपोर्टों के मुताबिक इस साल के शुरुआती महीनों के अलावा साल 2025 में भी वे न्यू ईयर, मार्च (होली के आसपास) और सितंबर-अक्टूबर के दौरान दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों व वियतनाम के दौरों पर रहे। इसके अलावा ब्रिटेन, यूरोप के विभिन्न देश, अमेरिका और ओमान जैसी जगहों पर भी उनकी यात्राओं को लेकर राजनीतिक दलों के बीच तीखे सवाल-जवाब और खुलासे सामने आते रहे हैं।