नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित और विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ की कमाई का सिलसिला सातवें हफ्ते भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। सिनेमाघरों में 45 दिन पूरे कर चुकी यह आध्यात्मिक फिल्म अब दुनियाभर में 350 करोड़ रुपये के आंकड़े को छूने के करीब पहुंच गई है। रविवार 20 सितंबर को भी फिल्म ने जबरदस्त कमाई की है। 

45वें दिन कमाई में आया बड़ा उछाल

फिल्म ने अपने 45वें दिन यानी रविवार को भारत में करीब 13.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इससे पहले शनिवार को इसकी कमाई लगभग 9.75 करोड़ रुपये रही थी। यानी एक दिन के भीतर फिल्म के कलेक्शन में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज हुई। सातवें वीकेंड में फिल्म ने शुक्रवार से रविवार तक कुल करीब 28.50 करोड़ रुपये जुटाए।

350 करोड़ से सिर्फ 3 करोड़ दूर

विदेशी बॉक्स ऑफिस से फिल्म ने करीब 26 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इसके साथ ही ‘हनुमान अंश’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन बढ़कर 347.05 करोड़ रुपये हो गया है। अब फिल्म 350 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड क्लब में शामिल होने से महज 2.95 करोड़ रुपये दूर है। अगर फिल्म इसी रफ्तार से कमाई जारी रखती है, तो जल्द ही यह आंकड़ा पार कर सकती है।

छोटे बजट से शुरू हुआ था सफर

‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि फिल्म ने शुरुआत में कोई बड़ी कमाई नहीं की थी। 7 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन महज 10 लाख रुपये के आसपास कमाए थे। शुरुआती दो हफ्तों में भी कारोबार धीमा रहा, लेकिन तीसरे सप्ताह से दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ने लगी और फिल्म की कमाई लगातार रफ्तार पकड़ती गई। फिल्म का निर्माण कथित तौर पर करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में किया गया है। इसके बावजूद अब इसका कारोबार कई गुना बढ़ चुका है। यही वजह है कि ‘हनुमान अंश’ को इस साल की सबसे चौंकाने वाली बॉक्स ऑफिस सफलताओं में गिना जा रहा है।

नीम करोली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा बड़े पर्दे पर 

‘हनुमान अंश’ नीम करोली बाबा के जीवन से जुड़ी आध्यात्मिक कहानी को केंद्र में रखकर बनाई गई बायोग्राफिकल फिल्म है। यह फिल्म विशाल चतुर्वेदी की किताब ‘डिवाइन डिटूर: दैट चेंज्ड माई लाइफ’ से प्रेरित बताई गई है। कहानी में नीम करोली बाबा के जीवन के अलग-अलग पड़ाव, उनके आध्यात्मिक अनुभव और उनके विचारों को फिल्मी अंदाज में सामने लाने की कोशिश की गई है। फिल्म का निर्देशन भी विशाल चतुर्वेदी ने ही किया है। फिल्म में शोभिनव सत्या मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि चंदन आनंद, अनिल रस्तोगी, सुगंधा मल्होत्रा, भगवानदास पटेल, नेहा परांजपे और पूर्णिमा तिवारी समेत कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म के जरिए नीम करोली बाबा के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक प्रभाव को पर्दे पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।

सातवें हफ्ते में भी दर्शकों का साथ

आमतौर पर किसी फिल्म की कमाई रिलीज के कुछ सप्ताह बाद तेजी से गिरने लगती है, लेकिन ‘हनुमान अंश’ का प्रदर्शन इससे अलग रहा है। सातवें सप्ताह में भी फिल्म को दर्शक मिल रहे हैं। अब नजर इस बात पर है कि फिल्म कितनी जल्दी वर्ल्डवाइड 350 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करती है।