देश के कई अंचलों में मौसम का मिज़ाज करवट लेने वाला है, जिसके परिणामस्वरूप अनेक राज्यों में तापमान में उतार-चढ़ाव और वातावरण में परिवर्तन के स्पष्ट संकेत दिखाई देने लगेंगे। तमिलनाडु और पुडुचेरी में रात से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है। मदुरै के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। इसी बीच, भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 23 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब सहित देश के 11 राज्यों में वर्षा और तीव्र गति से चलने वाली हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।

मदुरै में भारी बारिश से बिगड़े हालात

तमिलनाडु के मदुरै में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है। कुछ घरों में भी बारिश का पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय प्रशासन जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर हालात पर नजर बनाए हुए है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु के आसपास कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके प्रभाव के चलते तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी से अत्यंत भारी वर्षा होने की आशंका व्यक्त की गई है। इसके साथ ही कुछ अंचलों में वज्रपात, मेघगर्जन और तीव्र गति से हवाएं चलने का भी अनुमान है।

11 राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, ओडिशा, झारखंड और तेलंगाना में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 

दिल्ली-NCR और यूपी में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में 23 अक्टूबर को बारिश और सतही हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। बिहार के पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गया, पटना और मुजफ्फरपुर समेत कई इलाकों में बारिश और आंधी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। 

पहाड़ी राज्यों में भी बारिश और तेज हवाओं की आशंका

उत्तराखंड के नैनीताल, देहरादून, हरिद्वार और चमोली समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश के मंडी, कुल्लू और कांगड़ा में भी बारिश और आंधी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में भी मध्यम बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव को देखते हुए लोगों को स्थानीय मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने और बारिश, बिजली कड़कने तथा तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।