Manish Kashyap And Anushka News : बिहार के जाने-माने सोशल मीडिया स्टार और यूट्यूबर मनीष कश्यप ने आखिरकार अपनी जिंदगी के नए सफर की शुरुआत कर दी है। उन्होंने अपनी लव लाइफ को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए पटना वीमेंस कॉलेज की छात्रा अनुष्का के साथ अपने रिश्ते पर मुहर लगा दी है। मनीष ने सोशल मीडिया पर अनुष्का के साथ एक प्यारी तस्वीर साझा करते हुए दिल वाला इमोजी लगाया और कैप्शन में लिखा, अब हर सफर तुम्हारे साथ। ख्वाबों में देखा था जिस खूबसूरत एहसास को, आज उसी हमसफर के साथ एक नई कहानी दुनिया के सामने है।

अनुष्का का राजनीतिक सफर और संघर्ष भरी दास्तान

अनुष्का फरवरी 2026 में पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ (PUCSA) चुनाव के दौरान चर्चा में आई थीं। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से अध्यक्ष पद की उम्मीदवार थीं। चुनाव में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया था। हालांकि, यह चुनाव उनके लिए आसान नहीं रहा। चुनाव प्रचार के दौरान अनुष्का ने साइबर थाने में गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्हें सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक संदेश, वीडियो और लगातार धमकियां भेजी जा रही हैं। उस दौरान अनुष्का का रोते हुए वीडियो भी काफी वायरल हुआ था। उसमें उन्होंने बताया था कि किस तरह लोग उनके चरित्र पर उंगली उठा रहे थे। उन्हें गलत तरीके से टैग किया जा रहा था। उनके प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी उनके चुनावी पोस्टर फाड़ रहे थे। अनुष्का के जीवन का सफर संघर्षों से भरा रहा है। उनके पिता इस दुनिया में नहीं हैं। मां ने अकेले उनकी परवरिश की है। तमाम मुश्किलों का सामना कर अनुष्का ने घर की जिम्मेदारियों को संभाला, अपनी पढ़ाई पूरी की और पत्रकारिता की दुनिया में आगे बढ़ने का सपना देखा।

छात्र संघ चुनाव और चुनावी समीकरण

पटना यूनिवर्सिटी के पिछले छात्रसंघ चुनाव में किसी महिला उम्मीदवार को अध्यक्ष पद पर मौका दिए जाने की जोरदार चर्चा थी। इसी राजनीतिक समीकरण को ध्यान में रखते हुए एबीवीपी ने पटना वीमेंस कॉलेज की छात्रा अनुष्का कुमारी को मैदान में उतारा था, क्योंकि वीमेंस कॉलेज को उनका सबसे मजबूत गढ़ माना जा रहा था। एबीवीपी के घोषणा-पत्र में छात्राओं की सुरक्षा के लिए पिंक बूथ और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, केंद्रीय पुस्तकालय को सात दिन खुला रखना, प्लेसमेंट सेल को मजबूत करना, डिजिटल फीस व्यवस्था व छात्रों की सुविधाओं से जुड़े बड़े वादे शामिल थे। अनुष्का इसी मजबूत पैनल की अध्यक्ष पद की उम्मीदवार थीं।

रियलिटी शो और मनीष कश्यप के विवादित किस्से

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के मनीष कश्यप ने सिविल इंजीनियरिंग की है। इसके बाद यूट्यूब एवं सोशल मीडिया के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई। एक चर्चित रियलिटी शो में उनकी एंट्री एक बड़े सोशल मीडिया चेहरे के तौर पर हुई थी। शो में आने के बाद उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि और सार्वजनिक जीवन को लेकर खूब चर्चाएं हुईं।

कायरा के साथ गहरी बॉन्डिंग : शो के दौरान मनीष की कायरा के साथ दोस्ती ने काफी सुर्खियां बटोरीं। जब कायरा का शो से एलिमिनेशन हुआ तो मनीष बेहद भावुक हो गए और उन्हें रोते हुए देखा गया था। उन्होंने टिश्यू पेपर पर मिस यू लिखकर भी भेजा था, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई थी।

सोनम मलिक के साथ विवाद: मनीष के सफर में कई विवाद भी जुड़े रहे। सोनम मलिक के साथ बहस के दौरान वह अपना आपा पूरी तरह खो बैठे थे। गुस्से में आकर उन्होंने माइक फेंक दिया था और स्टोररूम के दरवाजे पर लात मारी थी। वैसे, बाद में वह शो में लौटे और अपने इस व्यवहार के लिए माफी भी मांगी थी।

गौतम गुलाटी के साथ तीखी नोकझोंक : शो के आखिरी पड़ाव में नॉमिनेशन को लेकर मनीष की गौतम गुलाटी के साथ बहस हुई। यह विवाद इतना बढ़ गया था कि शो के होस्ट वीरेंद्र सहवाग भी नाराज हो गए थे। वो कुछ समय के लिए सेट छोड़ बाहर चले गए थे। इस अनुशासनहीनता के चलते मनीष को कुछ समय के लिए बेसमेंट में भेजने का फैसला भी लिया गया था।