बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर एक बार फिर अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में आ गए हैं। फ्लाइट में सफर करते हुए एक्टर का एक्सपीरियंस काफी खराब रहा। अनुपम खेर गोवा से मुंबई लौट रहे थे, लेकिन मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग से ठीक पहले उनकी फ्लाइट को गुजरात के सूरत ले जाया गया। इस घटना के बाद अनुपम खेर ने एक वीडियो शेयर कर, मुंबई में बढ़ते एयर ट्रैफिक और एयरपोर्ट मैनेजमेंट को लेकर सवाल उठाए हैं। अनुपम खेर ने बताया कि जिस फ्लाइट में वो बैठे थे, वो मुंबई एयरपोर्ट पर उतरने की तैयारी कर चुकी थी, लेकिन रनवे पर दूसरी फ्लाइट्स होने की वजह से यानी एयर ट्रैफिक की भीड़ के कारण पायलट को लैंडिंग रोकनी पड़ी।
अनुपम खेर के साथ फ्लाइट में क्या हुआ?
अनुपम खेर ने बताया कि उस फ्लाइट को फिर से आसमान में ले जाया गया और उन्हें कुछ समय तक हवा में इंतजार करना पड़ा। काफी देर के इंतजार के बाद पायलट ने यात्रियों को बताया कि विमान में इतना ईंधन नहीं बचा है कि वो और देर तक हवा में चक्कर लगा सके। जिसके बाद लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाइट को सूरत एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला लिया गया। मुंबई की जगह सूरत पहुंचने से पैसेंजर्स का समय बर्बाद हो गया। वहां विमान में दोबारा ईंधन भरा गया, जिसके चलते सभी यात्रियों को करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा। फिर जाकर फ्लाइट ने मुंबई के लिए दोबारा उड़ान भरी।
वीडियो में क्या बोले अनुपम खेर?
अनुपम खेर ने अपने वीडियो में इस पूरी घटना के बारे में बात करते हुए बताया कि वो आमतौर पर फ्लाइट में होने वाली देरी को लेकर कंप्लेंट नहीं करते, लेकिन बार-बार लैंडिंग के वक्त ऐसी स्थिति का सामना करना बेचैन करने वाला है। अब उन्होंने अपनी पोस्ट में मुंबई के एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर अहम सवाल उठाया है। उनका कहना है कि मुंबई में दो एयरपोर्ट होने के बाद भी फ्लाइट्स की आवाजाही को बेहतर तरीके से व्यवस्थित क्यों नहीं किया जा सकता?
अनुपम खेर ने की खास अपील
अनुपम खेर ने इस वीडियो में ये भी कहा कि वो इस घटना के लिए न तो पायलट को जिम्मेदार मानते हैं और न ही एयरलाइन को। उनका मानना है कि पैसेंजर्स की सुरक्षा सबसे जरूरी है और पायलट ने हालातों के हिसाब से सही फैसला लिया होगा। हालांकि, उन्होंने ये सोचने की अपील की कि आखिर एयर ट्रैफिक की भीड़ को कम करने के लिए बेहतर व्यवस्था क्यों नहीं बनाई जा सकती। अनुपम खेर ने ये भी बताया कि मुंबई में लैंडिंग के दौरान उनके साथ ऐसा अनुभव पिछले दो साल में चौथी बार हुआ है। उन्होंने खुद को एक नर्वस फ्लायर बताते हुए कहा कि पहले उन्हें फ्लाइट के टेक-ऑफ के समय घबराहट होती थी, लेकिन अब लैंडिंग के दौरान भी चिंता होने लगी है।