देश के कई शहरों में वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। जिसके चलते देश की जनता हवा की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए लगातार एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) चेक कर रही है। खासकर देश की राजधानी दिल्ली और NCR में खराब होती हवा के कारण लोग अपने आसपास की वायु गुणवत्ता पर लगातार नजर रख रहे हैं। लेकिन कई बार एक ही शहर और लगभग एक ही समय पर अलग-अलग मोबाइल ऐप और सरकारी वेबसाइट पर AQI के आंकड़ों में बड़ा अंतर दिखाई देता है। कहीं प्रदूषण का स्तर 300 के आसपास होता है, तो कुछ निजी प्लेटफॉर्म पर यही आंकड़ा 1000 या उससे भी अधिक नजर आता है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठता है कि आखिर सही आंकड़ा कौन-सा है और क्या सरकारी डेटा प्रदूषण की वास्तविक स्थिति बता पा रहा है? यहां आपको बताते चलें, AQI के जो आंकड़े आपको नजर आते हैं उनमें अंतर सिर्फ सेंसर की गड़बड़ी या गलत जानकारी की वजह से नहीं होता। AQI के आंकड़ों में अंतर के पीछे की वजह में प्रदूषण मापने की अलग-अलग तकनीक, इस्तेमाल होने वाले उपकरण, डेटा के स्रोत और अलग-अलग देशों में लागू AQI मापने के पैमानों को जिम्मेदार माना जा सकता है।

कैसे होती है AQI की गणना?

एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI हवा में मौजूद प्रदूषक तत्वों की मात्रा को एक आसान संख्या के रूप में बताता है। इससे आम लोगों को यह समझने में मदद मिलती है कि उनके आसपास की हवा कितनी साफ या प्रदूषित है और उसका स्वास्थ्य पर कितना असर पड़ सकता है। भारत में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने वर्ष 2015 में नेशनल एयर क्वालिटी इंडेक्स (NAQI) की शुरुआत की थी। इसके तहत हवा में मौजूद आठ प्रमुख प्रदूषकों की निगरानी की जाती है। इनमें PM2.5, PM10, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड, कार्बन मोनोऑक्साइड, ओजोन, अमोनिया और लेड शामिल हैं। हर प्रदूषक की मात्रा के आधार पर उसका अलग-अलग सब-इंडेक्स तैयार किया जाता है। इसके बाद इन सभी में से जिस प्रदूषक का सब-इंडेक्स सबसे ज्यादा होता है, वही उस मॉनिटरिंग स्टेशन का AQI निर्धारित करता है। यानी सभी प्रदूषकों के आंकड़ों का सामान्य औसत निकालकर AQI तय नहीं किया जाता। किसी स्टेशन पर AQI जारी करने के लिए कम से कम तीन प्रदूषकों का डेटा उपलब्ध होना जरूरी है। इनमें PM2.5 या PM10 में से किसी एक का आंकड़ा होना अनिवार्य है। सब-इंडेक्स की गणना के लिए पर्याप्त समय का डेटा भी जरूरी होता है।

भारत में AQI की छह श्रेणियां तय

भारत के नेशनल AQI में प्रदूषण को छह श्रेणियों में बांटा गया है। इसके तहत 0 से 50 तक का स्तर अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक और 101 से 200 मध्यम माना जाता है। इसी तरह 201 से 300 खराब, 301 से 400 बेहद खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में आता है। इस स्केल की अधिकतम सीमा 500 है। इसलिए प्रदूषण का स्तर इससे भी ज्यादा होने पर सरकारी प्लेटफॉर्म पर AQI 500 ही दिखाई दे सकता है। इसका अर्थ यह नहीं है कि प्रदूषण आगे नहीं बढ़ा, बल्कि भारतीय इंडेक्स में 500 को सबसे गंभीर श्रेणी की ऊपरी सीमा माना गया है।

मोबाइल ऐप और सरकारी वेबसाइट के आंकड़ों में अंतर क्यों?

AQI में अंतर आने की सबसे बड़ी वजह यह है कि सभी प्लेटफॉर्म एक जैसे डेटा स्रोत और गणना के तरीके इस्तेमाल नहीं करते। सरकारी एजेंसियां मुख्य रूप से CPCB और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों के मॉनिटरिंग नेटवर्क से आंकड़े जुटाती हैं। वहीं निजी ऐप सरकारी स्टेशनों के अलावा अपने सेंसर, दूसरे मॉनिटरिंग नेटवर्क और मॉडल आधारित आंकड़ों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। कुछ अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म भारत के नेशनल AQI के बजाय अमेरिका के AQI स्केल का उपयोग करते हैं। दोनों की गणना और प्रदूषण की श्रेणियां अलग हैं। इसलिए एक ही हवा के लिए दोनों प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग संख्या दिखाई दे सकती है। इन आंकड़ों की सीधे तुलना करना सही नहीं है।

सेंसर और उनकी गुणवत्ता भी डालती है असर

सरकारी मॉनिटरिंग स्टेशन आमतौर पर निर्धारित मानकों के अनुसार काम करने वाले उपकरणों का इस्तेमाल करते हैं। इनकी नियमित जांच, कैलिब्रेशन और डेटा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया होती है। दूसरी ओर, कई निजी प्लेटफॉर्म कम लागत वाले सेंसर का इस्तेमाल करते हैं। इनसे शहर के अलग-अलग इलाकों की स्थिति समझने में मदद मिलती है, लेकिन इनकी सटीकता सेंसर की गुणवत्ता, रखरखाव और आसपास के मौसम पर निर्भर कर सकती है। उदाहरण के लिए, हवा में नमी अधिक होने पर कुछ ऑप्टिकल सेंसर धूल और दूसरे कणों के आकार को वास्तविकता से ज्यादा आंक सकते हैं। इससे PM2.5 और PM10 की रीडिंग प्रभावित हो सकती है। इसका मतलब यह नहीं है कि निजी ऐप का हर आंकड़ा गलत होता है। उनकी रीडिंग को समझने के लिए यह जानना जरूरी है कि डेटा किस तरह के सेंसर से लिया गया है।

अलग-अलग समय का डेटा भी बदल देता है AQI

प्रदूषण के आंकड़ों में अंतर आने की एक वजह डेटा का औसत निकालने की अवधि भी है। भारत के नेशनल AQI में PM2.5 और PM10 जैसे प्रदूषकों के लिए 24 घंटे के औसत का इस्तेमाल किया जाता है, जबकि ओजोन और कार्बन मोनोऑक्साइड के लिए आठ घंटे की अवधि लागू होती है। इसके उलट, कुछ निजी ऐप और प्लेटफॉर्म कम समय के अंतराल पर मिलने वाले आंकड़ों को भी दिखाते हैं। ऐसे में अगर किसी इलाके में अचानक धुआं या धूल बढ़ती है, तो निजी ऐप पर AQI तेजी से ऊपर जा सकता है, जबकि सरकारी इंडेक्स में इसका असर लंबे औसत के कारण धीरे दिखाई देता है। इसी तरह हवा चलने या प्रदूषण कम होने पर कम अवधि वाले आंकड़े जल्दी नीचे आ सकते हैं, जबकि 24 घंटे के औसत पर आधारित AQI में बदलाव आने में ज्यादा समय लग सकता है।

एक ही शहर के अलग-अलग इलाकों में भी अलग हो सकती है हवा

किसी शहर में प्रदूषण का स्तर हर जगह एक जैसा नहीं होता। व्यस्त सड़क, औद्योगिक क्षेत्र, निर्माण स्थल या कूड़ा जलने वाले इलाके के आसपास प्रदूषण ज्यादा हो सकता है। वहीं पेड़-पौधों और कम यातायात वाले क्षेत्र में इसकी मात्रा अपेक्षाकृत कम रह सकती है। सरकारी मॉनिटरिंग स्टेशन अपने निर्धारित स्थान पर हवा की गुणवत्ता मापते हैं। निजी प्लेटफॉर्म कई बार अलग-अलग जगहों पर लगे सेंसरों का डेटा जोड़कर स्थानीय स्तर की स्थिति दिखाते हैं। इसलिए किसी एक स्टेशन की रीडिंग और पूरे शहर के औसत AQI में अंतर होना स्वाभाविक है।

प्रदूषण समझने के लिए PM2.5 का आंकड़ा भी देखें

AQI की संख्या के साथ PM2.5 की वास्तविक मात्रा पर ध्यान देना भी जरूरी है। PM2.5 ऐसे बेहद छोटे कण होते हैं, जिनका आकार 2.5 माइक्रोमीटर या उससे कम होता है। ये सांस के जरिए फेफड़ों के भीतर तक पहुंच सकते हैं और स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकते हैं। PM2.5 की मात्रा माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर (µg/m³) में बताई जाती है। यह आंकड़ा अलग-अलग AQI स्केल की तुलना में प्रदूषण की वास्तविक सांद्रता समझने में मदद कर सकता है। भारत में PM2.5 की 24 घंटे की निर्धारित सीमा 60 µg/m³ है, जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन की 24 घंटे की गाइडलाइन 15 µg/m³ है। इसलिए हवा की स्थिति जानने के लिए केवल AQI नंबर देखने के बजाय PM2.5 का स्तर, आंकड़े का समय, मॉनिटरिंग स्टेशन की लोकेशन और डेटा का स्रोत भी देखना चाहिए।

किस आंकड़े पर करें भरोसा?

आधिकारिक वायु गुणवत्ता की स्थिति और सरकारी स्तर पर जारी चेतावनियों के लिए CPCB तथा संबंधित राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों को देखना बेहतर है। वहीं निजी ऐप आसपास के इलाकों में प्रदूषण के संभावित उतार-चढ़ाव को समझने में अतिरिक्त जानकारी दे सकते हैं। सबसे जरूरी बात यह है कि अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर दिखने वाली संख्याओं को एक ही पैमाने का आंकड़ा मानकर तुलना न करें। AQI की गणना का तरीका, सेंसर और डेटा का समय समझने के बाद ही किसी रीडिंग का सही अर्थ निकाला जा सकता है।