बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर और प्रोड्यूसर राकेश रोशन को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। ऋतिक रोशन के पिता इस बार प्रॉपर्टी से जुड़ी एक खबर को लेकर चर्चा में आ गए हैं। सुनने में आया है कि फिल्ममेकर राकेश रोशन की कंपनी 'फिल्मक्राफ्ट प्रोडक्शंस' ने मुंबई में अपना एक कमर्शियल ऑफिस स्पेस किराए पर दिया है। राकेश रोशन की कंपनी का ये ऑफिस मुंबई के गोरेगांव ईस्ट वाले लोटस कॉरपोरेट पार्क में था जो अब लीज पर दिया है। इस ऑफिस से अब उन्हें हर महीने 7 लाख रुपये का किराया मिलेगा। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, ये एग्रीमेंट पांच साल के लिए किया गया है।

7 लाख रुपये तय हुआ शुरुआती किराया

रिपोर्ट्स की मानें तो करीब 2,727 वर्ग फीट में फैले इस ऑफिस को फूजी सिल्वरटेक कंक्रीट प्राइवेट लिमिटेड ने किराए पर लिया है। ये लीज एग्रीमेंट 13 नवंबर 2026 को रजिस्टर किया गया था। समझौते के तहत शुरुआती किराया 7 लाख रुपये तय किया गया है। ऑफिस के साथ किराएदार को बेसमेंट में तीन कार पार्किंग की सुविधा भी मिलेगी। इस डील की एक और खास बात इसका सिक्योरिटी डिपॉजिट है। किराएदार ने 42 लाख रुपये की ब्याज मुक्त और रिफंडेबल सिक्योरिटी जमा की है। ये रकम शुरुआती छह महीने के किराए के बराबर है। 

किराए को लेकर खास शर्त 

इसके अलावा, ऑफिस में इंटीरियर और जरूरी बदलाव करने के लिए किराएदार को दो महीने का रेंट-फ्री पीरियड भी दिया गया है। लाइसेंस की अवधि 16 नवंबर 2026 से शुरू हुई है और किराया 16 जनवरी 2027 से देना होगा। इस एग्रीमेंट में किराए को लेकर एक खास शर्त भी रखी गई है। हर साल किराए में 5 फीसदी बढ़ोतरी होगी। इसके हिसाब से किराया दूसरे साल से हर महीने 7.35 लाख रुपये, तीसरे साल से 7.72 लाख रुपये, चौथे साल से 8.10 लाख रुपये और पांचवें साल से 8.51 लाख रुपये तक पहुंच जाएगा। अगर पूरा पांच साल का एग्रीमेंट तय शर्तों के मुताबिक चलता है, तो इस ऑफिस से करीब 4.5 करोड़ रुपये का किराया मिल सकता है। 

पहले भी कई प्रॉपर्टी दीं किराए पर 

आपको बता दें, ये पहली बार नहीं है जब राकेश रोशन अपनी प्रॉपर्टी को किराए पर देकर चर्चा में आए हैं। सितंबर 2026 में उन्होंने मुंबई के अंधेरी वेस्ट में दो कमर्शियल ऑफिस यूनिट्स BeingU Studios को किराए पर दी थीं। इन दोनों यूनिट्स का कुल क्षेत्रफल 5,574 वर्ग फीट था और इनसे शुरुआती तौर पर हर महीने 7.30 लाख रुपये का किराया तय हुआ था। इसके अलावा, अगस्त 2026 में भी राकेश रोशन और उनकी पत्नी प्रमिला ने मुंबई के जुहू में स्थित अपना फ्लैट तीन साल के लिए किराए पर दिया था। इस प्रॉपर्टी से शुरुआती मासिक किराया 5 लाख रुपये तय किया गया था।