पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने कॉन्सर्ट्स के चलते सुर्खियों में हैं। हर कॉन्सर्ट से पहले दिलजीत दोसांझ को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ती पॉपुलैरिटी के साथ उनकी तकलीफें भी बढ़ती जा रही हैं। अब दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अपने कॉन्सर्ट को लेकर खबरों में आ गए हैं। इस बार उनके बेंगलुरु में होने वाले लाइव शो से पहले धमकी मिली है, जिसके बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। बता दें, बेंगलुरु में 29 नवंबर को दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट होने वाला है और अब इसे बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पुलिस को भेजे गए एक ईमेल में IED धमाके की चेतावनी दी गई है।
धमकी के साथ लिखे 'खालिस्तान जिंदाबाद' के नारे
इतना ही नहीं, इस संदेश में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का नारा भी लिखा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, 29 नवंबर को बेंगलुरु के मडावरा इलाके में स्थित NICE ग्राउंड्स में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट होना है। इस शो को लेकर फैंस काफी एक्साइटेड हैं, लेकिन धमकी भरा ईमेल सामने आने के बाद शो की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कहा जा रहा है कि पुलिस कमिश्नर को मिले ईमेल में शो में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से ब्लास्ट करने की बात कही गई है।
ईमेल में धमाके के अलावा लोगों को दी चेतावनी
बता दें, धमकी देने वाले शख्स ने सिर्फ कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात नहीं कही, बल्कि शो में आने वाले लोगों को भी कई चेतावनियां दी हैं। बच्चों को कॉन्सर्ट में साथ न लाने, लावारिस पड़े फोन को नहीं उठाने और मेट्रो से ट्रेवल करने से बचने जैसी बातें इस ईमेल में लिखी हुई थीं।
इस धमके के मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। बेंगलुरु नॉर्थ CEN क्राइम पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस अब ये पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरा संदेश किसने भेजा और इसके पीछे उसका मकसद क्या है। आईटी एक्ट की धारा 66 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस भी दर्ज किया जा चुका है। जांच एजेंसियां ईमेल की विश्वसनीयता और उसमें किए गए दावों की जांच-पड़ताल कर रही हैं।
पहले भी मिली धमकियां
आपको बता दें, ये पहली बार नहीं है जब दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर इस तरह की खबर सामने आई है। उनके इंडिया टूर के दौरान अलग-अलग जगहों पर धमकियों की खबरें सामने आ चुकी हैं। ऐसे में बेंगलुरु में मिली इस धमकी ने एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल कॉन्सर्ट को रद्द या स्थगित किए जाने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में अब सभी की नजर पुलिस जांच और सुरक्षा एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर टिकी है।