मशहूर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा अपने अपकमिंग दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर सुर्खियों में हैं। करीब 3 साल बाद गुरु रंधावा लाइव शो में वापसी करने जा रहे हैं। गुरु रंधावा का 12 दिसंबर 2026 को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में लाइव कॉन्सर्ट होने वाला है। लेकिन कॉन्सर्ट से पहले एक बड़ी कंट्रोवर्सी हो गई है। सिंगर फिर से कानूनी विवाद में फंसते हुए नजर आ रहे हैं। उनके गाने 'सिर्रा' को लेकर चल रहे विवाद में अब नए मोड़ आ गया है। 'द सिर्रा एरा लाइव इन कॉन्सर्ट' उनके लिए खास है, लेकिन इस शो से पहले दिल्ली के लोधी रोड पुलिस स्टेशन के एसएचओ को गुरु रंधावा से जुड़ी एक लिखित शिकायत दी गई है। इस शिकायत में आशंका जताई गई है कि कॉन्सर्ट में कुछ गानों के जरिए नशीले पदार्थों और शराब को बढ़ावा दिया जा सकता है। 

गुरु रंधावा के शो पर संकट 

आपको बता दें, शिकायतकर्ता ने सिंगर गुरु रंधावा के कुछ गानों के कंटेंट पर आपत्ति जाहिर की है। इस शिकायत में पुरानी कंट्रोवर्सी का भी जिक्र किया गया है, जिसमें एक गाने में इस्तेमाल किए गए 'अफीम' शब्द को बदलकर 'जमीन' किया गया था। इसके अलावा, गुरु के गाने और म्यूजिक वीडियो 'अजुल' में शराब दिखाने को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता का मानना है कि मशहूर आर्टिस्ट्स के गानों और वीडियो का युवा दर्शकों पर गहरा प्रभाव पड़ता है। ऐसे में शराब और नशीले पदार्थों को गाने में प्रमोट करने से लोगों तक गलत संदेश जा सकता है। 

शिकायतकर्ता की क्या है मांग?

अब इस मामले में शिकायतकर्ता ने मांग की है कि गुरु रंधावा और उनकी मैनेजमेंट टीम सार्वजनिक रूप से आश्वासन दे कि इस कॉन्सर्ट में ऐसा नहीं होगा। उनका कहना है कि सिंगर अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल से क्लियर करें कि 12 दिसंबर को होने वाले दिल्ली कॉन्सर्ट में ऐसा कोई गाना, लिरिक्स या परफॉर्मेंस शामिल नहीं होगा, जो नशीले पदार्थों के सेवन को बढ़ावा देता हो या उनका महिमामंडन करता हो। शिकायत में ये भी कहा गया है कि शो में सभी संबंधित कानूनों और नियमों का पालन किया जाना चाहिए। 

NCB की भी दी धमकी 

आपको बता दें, शिकायतकर्ता ने गुरु रंधावा, उनकी मैनेजमेंट टीम और संबंधित म्यूजिक लेबल को वार्निंग देते हुए ईमेल भी भेजा है। इसमें उन्होंने अपना पक्ष रखने और लिखित जवाब देने के लिए 7 दिनों का वक्त दिया है। शिकायतकर्ता ने चेतावनी दी कि अगर तय समय तक जवाब नहीं मिला, तो वो इस मामले को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और दूसरी एजेंसियों तक पहुंचा सकते हैं। फिलहाल ये सिर्फ एक शिकायत है और इसे किसी सरकारी एजेंसी की ओर से की गई कार्रवाई नहीं माना जा सकता।