ऑस्ट्रेलिया की संसद से एक बेहद क्यूट वीडियो पूरी दुनिया में वायरल हो रहा है। संसद में गंभीर मुद्दों पर होने वाली बहस के बीच एक ऐसा नजारा देखने को मिला है, जिसने सभी का दिल जीत लिया है। ऑस्ट्रेलियाई सीनेटर फातिमा पेमैन अपनी नन्ही सी बेटी को गोद में लेकर संसद में पहुंचीं और सदन को भी संबोधित किया। उनका ये वीडियो तेजी से पूरी दुनिया में फैल रहा है। लोग उनके इस वीडियो की तारीफ कर रहे हैं और इसे कामकाजी महिलाओं के लिए एक खास संदेश बता रहे हैं।

बेटी को गोद में लेकर सदन को किया संबोधित 

आपको बता दें, फातिमा पेमैन पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करती हैं। हाल ही में वो अपनी बेटी आलिया को साथ लेकर सीनेट में शामिल हुईं। उन्होंने अपनी बच्ची को गोद में उठाते हुए सदन को संबोधित किया। उनकी इस तस्वीर और वीडियो में एक तरफ मां की जिम्मेदारी दिखाई दी, तो दूसरी तरफ अपने काम और जिम्मेदारी को निभाने का जज्बा भी नजर आया। ये सब ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े एक विधेयक पर चर्चा के दौरान हुआ। फातिमा का ये अंदाज सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।

क्या सदन में जा सकते हैं बच्चे?

वहीं, आप सोच रहे होंगे कि क्या संसद में बच्चों को एंट्री मिल सकती है? तो बता दें, साल 2016 में ऑस्ट्रेलियाई संसद में छोटे बच्चों को लाने की अनुमति से जुड़े नियमों में बदलाव किया गया था। ग्रीन पार्टी की सीनेटर लारिसा वाटर्स ने इसके लिए अभियान चलाया था, जिसके बाद सांसदों को अपने बच्चो को सदन में लाने की अनुमति मिली। साल 2017 में लारिसा वाटर्स भी संसद में अपनी दो महीने की बेटी को ब्रेस्टफीड करवाती नजर आई थीं। उनकी तस्वीरों ने दुनिया भर में बहस छेड़ दी थी। 

कौन हैं फातिमा पेमैन?

आपको बता दें, अब चर्चाओं में चल रहीं फातिमा पेमैन की जिंदगी की कहानी भी काफी इंस्पायरिंग रही है। उनका जन्म अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में हुआ था। बचपन में उनका परिवार शरणार्थी बनकर ऑस्ट्रेलिया पहुंचा था। साल 2022 में वो ऑस्ट्रेलियाई संघीय संसद में पहली हिजाब पहनने वाली महिला बनीं। शुरुआत में वो लेबर पार्टी की सीनेटर थीं, लेकिन कुछ मतभेद के बाद जुलाई 2024 में उन्होंने पार्टी छोड़ दी। इसके बाद उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी 'ऑस्ट्रेलियाज वॉइस' बनाई।