Share Market Update : आज यानी 25 नवंबर 2026 को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार उछाल है। सेंसेक्स 2050 अंक चढ़कर 84500 के स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी में भी 600 अंकों की बढ़त दर्ज की गई है। यह 25950 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इससे पहले सेंसेक्स 5 नवंबर को एक कारोबारी दिन में 2000 अंक से ज्यादा उछला था। उससे भी पहले 3 फरवरी 2026 को सेंसेक्स 2072.67 अंक की तेजी के साथ बंद हुआ था। जबकि कारोबार के दौरान यह 4205 अंक तक चढ़ गया था। आज के सत्र में आईटी और प्राइवेट बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा लिवाली दिख रही है। इंफोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर करीब 3.5% तक चढ़े हैं।
बाजार में इस तेजी की 5 बड़ी वजहें
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट: ग्लोबल मार्केट में ब्रेंट क्रूड 1.42% टूटकर 90.12 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। नवंबर में अब तक यह 23% गिर चुका है। चूंकि भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा बाहर से खरीदता है, इसलिए कच्चा तेल सस्ता होने से देश का खर्च घटने और महंगाई कम होने की उम्मीद बढ़ी है।
विदेशी निवेशकों की रिकॉर्ड लिवाली: पिछले सेशन में विदेशी निवेशकों ने 5673 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। इसके साथ नवंबर में अब तक विदेशी निवेशकों की कुल खरीदारी 1.22 लाख करोड़ रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। भारतीय बाजार की ताकत देखकर विदेशी फंड्स लगातार पैसा लगा रहे हैं।
बैंकिंग और आईटी शेयरों में जोरदार रौनक: एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक में खरीदारी से निफ्टी बैंक 2% से ज्यादा चढ़ा है। दूसरी तरफ इंफोसिस (4.4%) और टीसीएस (2.24%) की तेजी के सहारे आईटी शेयर लगातार तीसरे दिन ऊपर गए हैं। दुनिया भर के निवेशक अब एआई शेयरों से पैसा निकालकर भारतीय कंपनियों में निवेश कर रहे हैं।
डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत: विदेशी पूंजी आने और कच्चे तेल के दाम घटने से भारतीय रुपया 23 पैसे मजबूत होकर 92.62 प्रति डॉलर पर पहुंच गया है। रुपए की मजबूती से आयात सस्ता होता है और देश में विदेशी निवेश बढ़ने का सकारात्मक संकेत मिलता है।
बाजार का डर यानी इंडिया विक्स घटा: बाजार में उतार-चढ़ाव और डर को मापने वाला इंडेक्स इंडिया विक्स 3% से ज्यादा गिरकर 17.10 पर आ गया है। मतलब साफ है कि निवेशकों की घबराहट कम हो रही है और वे भरोसे के साथ निवेश कर रहे हैं।
23 नवंबर को बाजार में आई थी बड़ी गिरावट
इससे पहले 23 नवंबर को शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आई थी। उस दिन सेंसेक्स 1483 अंक गिरकर 82435 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 450 अंक की गिरावट रही थी और यह 25349 पर बंद हुआ था। इसके बाद 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती की छुट्टी के कारण बाजार बंद रहा था।