Trump New Tariff Plan : डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन 16 देशों पर सब्सिडी जांच के बाद आयात शुल्क यानी टैरिफ बढ़ाने की तैयारी में है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर इसी सप्ताह जांच के नतीजे सामने रख सकते हैं। इन देशों में भारत भी शामिल बताया जा रहा है। इससे निर्यात, नौकरियों और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर असर पड़ सकता है। वैसे, अंतिम दरों की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। सीधे तौर पर समझें तो वाशिंगटन की यह धारणा है कि कई देश अपनी घरेलू कंपनियों और विनिर्माण क्षेत्र को सरकारी सब्सिडी, आर्थिक मदद या अन्य नीतिगत सहारे के जरिए ताकत देते हैं। ऐसी सहायता से संबंधित देशों के सामान कम लागत पर तैयार होते हैं और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी कंपनियों की तुलना में अधिक प्रतिस्पर्धी बन जाते हैं। इसी मुद्दे पर कई महीनों तक चली जांच-पड़ताल के बाद अमेरिका उन देशों पर मौजूदा टैरिफ बढ़ाने पर विचार कर रहा, जिन्हें सब्सिडी का फायदा मिलता हुआ माना जा रहा है। जिन प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के इस संभावित घेरे में आने की चर्चा है, उनमें चीन, भारत, जापान, दक्षिण कोरिया और यूरोपियन यूनियन शामिल हैं।
क्या सभी देशों पर एक जैसी मार पड़ेगी?
रिपोर्ट्स के अनुसार प्रस्तावित शुल्क बढ़ोतरी का असर इन देशों से भेजे जाने वाले अधिकांश निर्यात सामानों पर पड़ सकता है। वैसे, स्टील, एल्युमीनियम और ऑटोमोबाइल जैसे सेक्टर पहले से ही अलग राष्ट्रीय सुरक्षा टैरिफ के दायरे में आते हैं, इसलिए इन्हें इस प्रस्तावित कदम से अलग रखा जा सकता है। एक अहम पहलू यह भी है कि हर देश पर इसका असर समान नहीं दिख रहा। जापान, दक्षिण कोरिया और यूरोपियन यूनियन के मामले में 15% या उससे कम टैरिफ लगाए जाने की बातें सामने आ रही हैं। वहीं, भारत और वियतनाम पर इनकी अपेक्षा ज्यादा टैरिफ लगने की आशंका जताई जा रही है। दूसरी ओर सब्सिडी के बड़े दायरे को देखते हुए चीन पर सबसे कड़ा दबाव पड़ने का अनुमान है।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील की राह क्यों कठिन हुई?
मौजूदा घटनाक्रम भारत के लिहाज से संवेदनशील माना जा रहा, क्योंकि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर चर्चा जारी है। फरवरी 2026 में एक अंतरिम रूपरेखा पर सहमति बनी थी, जिसके तहत भारतीय उत्पादों पर रेसिप्रोकल टैरिफ घटाने और सेकंडरी टैरिफ हटाने जैसे बिंदु शामिल थे। इसके बाद अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले ने अमेरिका की पुरानी टैरिफ प्रणाली को बदल दिया और वाशिंगटन को नया ढांचा बनाने की स्थिति में ला खड़ा किया। हाल में भारतीय वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल भी यह संकेत दे चुके हैं कि जब तक अमेरिका का नया टैरिफ ढांचा पूरी तरह साफ नहीं हो जाता, तब तक औपचारिक समझौते पर दस्तखत करना आसान नहीं होगा।
आगे किन बिंदुओं पर रहेगी नजर?
अभी तक अंतिम टैरिफ दरों को लेकर कोई पक्का ऐलान नहीं किया गया है। अब सबकी नजरें अमेरिका की औपचारिक घोषणा और उसके बाद भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता की दिशा पर टिकी हैं। टैरिफ में बढ़ोतरी होती है तो भारतीय निर्यातकों को नई मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में नीतिगत स्तर पर संतुलित और व्यावहारिक कदम उठाना बेहद जरूरी होगा।