रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' अब इतिहास रचने के बेहद करीब है। इस फिल्म ने ऑस्कर 2027 की रेस में अपनी जगह बना ली है। ये फिल्म ऑस्कर 2027 में बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स की रेस के टॉप-20 में शामिल हो गई है। इस कामयाबी के साथ फिल्म ने भारतीय सिनेमा को एक बार फिर इंटरनेशनल स्टेज पर पहचान दिलाई है। खास बात ये है कि इस लिस्ट में 'रामायण' का मुकाबला हॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों के साथ होने वाला है। ऑस्कर की VFX केटेगरी में अगली प्रक्रिया के लिए 20 फिल्मों को चुना गया है। इनमें 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' भी शामिल है। इस लिस्ट में क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी', 'ड्यून: पार्ट थ्री', 'एवेंजर्स: डूम्सडे', 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' और 'प्रोजेक्ट हेल मैरी' जैसी फिल्में भी नजर आ रही हैं।
बेस्ट VFX केटेगरी में ये फिल्में भी शामिल
अब इन 20 फिल्मों में से 10 फिल्में शॉर्टलिस्ट की जाएगी। इसके बाद ऑस्कर नॉमिनेशन का रास्ता साफ होगा। बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स की केटेगरी में इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है। 'रामायण' के सामने 'ड्यून: पार्ट थ्री', 'द ओडिसी', 'एवेंजर्स: डूम्सडे', 'गॉडजिला माइनस जीरो' और 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' जैसी फिल्में हैं। इनमें से कई फिल्मों के पीछे दुनिया के बड़े विजुअल इफेक्ट्स स्टूडियो काम कर रहे हैं। ऐसे में 'रामायण' का इस लिस्ट में शामिल होना ही खास माना जा रहा है। फिल्म में बड़े पैमाने पर तैयार किए गए सेट, युद्ध के सीन और पौराणिक दुनिया को पर्दे पर उतारने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
DNEG ने तैयार किए 'रामायण' के VFX
'रामायण' के VFX मशहूर स्टूडियो DNEG ने तैयार किए हैं। इस कंपनी ने 'ड्यून' और 'इंटरस्टेलर' जैसी बड़ी फिल्मों के विजुअल इफेक्ट्स पर भी काम किया है। DNEG को अब तक करीब आठ ऑस्कर मिल चुके हैं। फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स सुपरवाइजर डैन ग्लास हैं। उनके सुपरविजन में टीम ने 'रामायण' की दुनिया को बड़े पर्दे पर उतारने की कोशिश की है।
RRR के बाद ऑस्कर की इस दौड़ में 'रामायण'
आपको बता दें, 'रामायण' से पहले एसएस राजामौली की फिल्म RRR भी ऑस्कर की बेस्ट VFX केटेगरी में टॉप 20 तक पहुंची थी। आखिरी नॉमिनेशन में वो फिल्म जगह नहीं बना पाई थी। अब 'रामायण' के पास आगे बढ़ाने का मौका है। इसके अलावा 'रामायण' को क्रिटिक्स चॉइस एसोसिएशन की ओर से बेस्ट VFX और बेस्ट स्टंट डिजाइन की लिस्ट में शॉर्टलिस्ट किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑस्कर 2027 की आगे की प्रक्रिया दिसंबर से शुरू होगी। शॉर्टलिस्ट फिल्मों की लिस्ट 15 दिसंबर 2026 को जारी की जाएगी। इसके बाद जनवरी में चुनी गई 10 फिल्मों की स्क्रीनिंग और प्रेजेंटेशन होगी। 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स 14 मार्च 2027 को लॉस एंजिलिस के डॉल्बी थिएटर में होंगे।