Punjab Election 2027 News : पंजाब की सियासत में 6 साल की दूरी के बाद फिर बड़ा उलटफेर दिखा है। मंगलवार को शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दोबारा हाथ मिला लिया। इस मौके पर अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने अपने पिता दिवंगत प्रकाश सिंह बादल और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि दोनों पार्टियों का रिश्ता नाखून और मांस जैसा है। इसे पंजाब, पंजाबियत और देश की भलाई के लिए बनाया गया था।

दोनों दलों की सियासी जमीन कमजोर होना गठबंधन की वजह!

मंच पर भले पुरानी दोस्ती और जज्बातों की बातें हो रही हों, लेकिन राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस मिलन के पीछे भावनाओं से ज्यादा ठोस चुनावी गणित काम कर रहा । पिछले कुछ वर्षों में सूबे के भीतर दोनों दलों की सियासी जमीन कमजोर हुई है। शहरी और हिंदू बहुल क्षेत्रों में पकड़ मजबूत करने के बावजूद बीजेपी पूरे राज्य की बड़ी ताकत नहीं बन पाई। वहीं, अकाली दल भी अपने पारंपरिक पंथिक और ग्रामीण मतदाताओं को एकजुट रखने में नाकाम रहा। 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों को विधानसभा सीटों के हिसाब से देखें तो साफ हो जाता है कि अलग-अलग लड़कर दोनों ने नुकसान उठाया है।

अलग लड़े तो 32 सीटें, साथ होते तो बहुमत के बिल्कुल करीब

2024 के लोकसभा चुनाव में मिले वोटों को विधानसभा क्षेत्रों के आधार पर परखा जाए तो अकेले लड़ने पर बीजेपी को 23 और अकाली दल को महज 9 सीटों पर बढ़त मिली थी। यानी दोनों मिलाकर कुल 32 सीटों तक ही सिमट गए थे। यही वोट साथ जुड़ जाते तो पंजाब का चुनावी नक्शा बिल्कुल अलग होता। आंकड़ों के मुताबिक शत-प्रतिशत वोट ट्रांसफर होने पर यह गठबंधन राज्य की 117 में से 58 विधानसभा सीटों पर बढ़त बना सकता था, जो बहुमत के जादुई आंकड़े 59 से सिर्फ एक कदम दूर है। खास बात है कि यह समीकरण केवल कागजी नहीं है। गठबंधन के बाद 10% वोट आपस में ट्रांसफर न हों, तब भी यह जोड़ी 49 सीटों पर आगे रहती। इसी तरह 20% वोटों के नुकसान पर 41 सीटें और 30% वोट छिटकने के बावजूद 33 सीटों पर बढ़त मिलती। इसका सीधा मतलब है कि भारी वोट नुकसान के बाद भी साथ लड़ना, अलग लड़ने से कहीं ज्यादा फायदेमंद साबित होता।

पंजाब के अलग-अलग इलाकों में दोनों दलों की ताकत

पंजाब की राजनीति में बीजेपी और अकाली दल को हमेशा एक-दूसरे का पूरक माना जाता रहा है। पिछले आम चुनाव के आंकड़े भी इसी बात की गवाही देते हैं। माझा क्षेत्र की 25 विधानसभा सीटों में से बीजेपी 6 पर आगे रही। अकाली दल को सिर्फ 1 सीट पर बढ़त मिली थी। दोआबा क्षेत्र की 23 सीटों में बीजेपी ने 5 पर बढ़त बनाई थी। अकाली दल का खाता भी नहीं खुल सका था। इन दोनों इलाकों में शहरी, कारोबारी और हिंदू मतदाताओं की संख्या अच्छी-खासी है, जहां बीजेपी ने अपनी जड़ें जमाई हैं। पंजाब की सत्ता की चाबी कहे जाने वाले मालवा की 69 सीटों में अकाली दल का असर आज भी कायम है। यहां बीजेपी 12 और अकाली दल 8 सीटों पर आगे रहा था। दोनों दल मिलकर इस इलाके से सबसे बड़ा सियासी फायदा उठा सकते हैं।

किन जिलों में बीजेपी का मजबूत आधार?

चुनावी डेटा बताता है कि पंजाब के 10 जिलों में हिंदू आबादी 40% या उससे ज्यादा है। इन जिलों में 62 विधानसभा सीटें हैं। इनमें जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर बीजेपी के सबसे मजबूत गढ़ माने जाते हैं। यहां 60% से अधिक हिंदू आबादी और कुल 19 सीटें हैं। इनके अलावा लुधियाना, पटियाला, गुरदासपुर, मोहाली, कपूरथला, रूपनगर, फिरोजपुर में भी बीजेपी को शहरी और गैर-पंथिक वोटरों का अच्छा समर्थन मिलता है। दूसरी तरफ ग्रामीण एवं सिख बहुल इलाकों में अकाली दल की मजबूत पकड़ इस गठबंधन को उन क्षेत्रों तक ले जाती है, जहां बीजेपी अकेले नहीं पहुंच सकती।

दोनों पार्टियों को एक-दूसरे की जरूरत क्यों पड़ी?

साल 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी पंजाब की सबसे बड़ी सियासी ताकत बनकर उभरी है और कांग्रेस मुख्य विपक्ष की भूमिका में है। ऐसे माहौल में बीजेपी और अकाली दल अकेले दम पर सत्ता की रेस में पिछड़ते नजर आ रहे थे। इस कारण मंगलवार को हुआ यह समझौता सिर्फ पुराने रिश्तों की बहाली नहीं, बल्कि राजनीतिक अस्तित्व बचाने और विस्तार करने की रणनीति है। बीजेपी को गांवों में अकाली दल का नेटवर्क, पंथिक स्वीकार्यता और मालवा में जमीनी पकड़ की दरकार है। इसके उलट अकाली दल को शहरों में बीजेपी का वोट बैंक, हिंदू मतदाताओं का साथ और राष्ट्रीय स्तर के मजबूत संगठन का सहारा चाहिए।

क्या यह गठबंधन सत्ता दिला पाएगा?

राजनीति में हमेशा कागजी आंकड़े जमीनी नतीजों में तब्दील नहीं होते। वोटों का एक पार्टी से दूसरी पार्टी में ट्रांसफर होना आसान नहीं होता और स्थानीय मुद्दे भी चुनाव पर असर डालते हैं। इसके अलावा छह साल तक एक-दूसरे के खिलाफ रहने के बाद दोनों दलों के जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल बिठाना भी एक बड़ी चुनौती होगी। इसके बावजूद 2024 के चुनावी आंकड़े यह साफ संकेत देते हैं कि पंजाब में बीजेपी और अकाली दल अलग-अलग रहकर जितने कमजोर दिखते हैं। साथ आने पर वे एक बेहद मजबूत ताकत बन जाते हैं। यही वजह है कि सुखबीर बादल ने नाखून और मांस के रिश्ते का जिक्र किया, क्योंकि जज्बातों से परे चुनावी गणित की कसौटी पर भी यह गठबंधन दोनों के लिए फायदे का सौदा दिखाई देता है।